आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार EXIT POLLS: खबरों के लिहाज से आज शुक्रवार का दिन अहम रहने वाला है। पंजाब में विशेष सत्र बुलाया गया है। आम आदमी पार्टी ने सभी विधायकों को संसद में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। पंजाब में हरभजन सिंह की सुरक्षा को लेकर भी विवाद है। अदालत ने राज्य सरकार को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पांच राज्यों के चुनावी नतीजे आने वाले हैं। उसे लेकर जमीन पर सियासी तापमान ज्यादा है। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा हंगामा देखने को मिल रहा है। नतीजों से ठीक पहले कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर टीएमसी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी नाराजगी व्यक्त की है। बीजेपी इसे हार की हताशा करार दे रही है।
टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल ने भी पश्चिम बंगाल में दावों को हवा दी है। एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 192 सीटें तक मिल सकती है, टीएमसी 100 सीटों पर सिमट सकती है। असम में भी बीजेपी सरकार बनने का अनुमान है, केरल में कांटे का मुकाबला बताया गया है और तमिलनाडु में डीएमके सरकार आगे चल रही है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना है। गुरुवार की बारिश के बाद तापमान में गिरावट है। आगरा, पटना और जयपुर में मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया है। आज की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए जनसत्ता के लाइव ब्लॉग के साथ जुड़े रहिए-
जबलपुर हादसे पर बोले मंत्री
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सिंह ने कहा, "NDRF द्वारा प्रयास किया जा रहा है। 2 शव निकाले गए हैं लेकिन अभी अंतिम रूप से नहीं कहा जा सकता कि अंदर और कितने लोग हैं। प्रयास जारी है।
दिलीप घोष का बड़ा दावा
खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दीलिप घोष ने कहा, "... हारने वाला हमेशा शिकायत करता है। पहले हम बैकफुट पर होते थे और ये लोग सत्ता में होते थे। इस बार पश्चिम बंगाल की जनता ने बढ़-चढ़कर वोट दिया है, इससे पता चलता है कि परिवर्तन हो रहा है।
मौसम का मिजाज बदला
मैदानी इलाकों में लगातार बारिश और भलेसा के ऊपरी इलाकों में ताज़ा बर्फबारी के बाद, डोडा के भलेसा इलाके में एक नया बदलाव आया है।
नोएडा में हाई अलर्ट
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है, नोएडा फेज 2 में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
महाराष्ट्र दिवस आज
महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र दिवस समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए।
जबलपुर हादसे पर अपडेट
जबलपुर के बरगी बांध पर खोज और बचाव अभियान जारी है। बांध पर एक क्रूज जहाज के पलटने के बाद अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 15 लोगों को बचा लिया गया है।
जूट मिल के गोदाम में आग
पश्चिम बंगाल के हावड़ा के घुसुरी स्थित जूट मिल के गोदाम में आग लगी; दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
पंजाब सरकार बुला रही विशेष सत्र
पंजाब में विशेष सत्र बुलाया गया है। आम आदमी पार्टी ने सभी विधायकों को संसद में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। मजदूर दिवस के मौके पर इस सत्र का आयोजन हो रहा है।
एग्जिट पोल को सावधानी से देखना चाहिए- एमए बेबी
एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों पर CPI(M) के महासचिव एमए बेबी कहते हैं, “केरल चुनाव 2026 के एग्जिट पोल बताते हैं कि UDF को बढ़त मिल सकती है, जबकि कुछ पोल करीबी मुकाबले का संकेत देते हैं। कुल मिलाकर, इन पोल से यही उम्मीद है कि UDF मामूली बहुमत हासिल कर सकती है। हालांकि, एग्जिट पोल को सावधानी से देखना चाहिए। पांच साल पहले, ज्यादातर एग्जिट पोल ने LDF की जीत का अनुमान लगाया था, जबकि कुछ ने UDF की जीत का अनुमान लगाया था। यहां तक कि LDF की जीत का अनुमान लगाने वालों ने भी 140 में से लगभग 80 से 85 सीटों का अनुमान लगाया था, लेकिन वास्तविक परिणाम काफी अलग था, क्योंकि LDF ने 99 सीटें जीतीं।”
पिछली बार भी एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे- अनुराग ढांडा
एग्जिट पोल पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने कहा, "पिछली बार भी एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में संसाधनों और एजेंसियों का दुरुपयोग किया और राज्य का माहौल भाजपा के खिलाफ है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भी बड़े बहुमत से सरकार बनाएंगी।"
सभी ने शांतिपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए- सतीश महाना
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा, "आज विधानसभा में महिला सशक्तिकरण और समाज के हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। सभी ने शांतिपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए।"
मैं इस विधेयक का विरोध करने वाले पार्टी सदस्यों की निंदा करती हूं- पूजा पाल
समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने कहा, "जब महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं हो सका, तो राज्य की हर महिला नाराज थी। आज विशेष सत्र के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों का सम्मान करने के लिए एक दिन का आयोजन किया गया। यह मुख्यमंत्री का उन महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने का प्रयास है जिनके लिए यह विधेयक पारित नहीं हो सका... मैं इस विधेयक का विरोध करने वाले पार्टी सदस्यों की निंदा करती हूं। प्रधानमंत्री सोच रहे होंगे कि देश और राज्य की महिलाओं के लिए लाए जा रहे आरक्षण विधेयक का सभी दलों के लोग समर्थन करेंगे। कहीं न कहीं, सभी विपक्षी दलों ने उन्हें उनके अधिकारों से वंचित करने के लिए काम किया। उनका असली चेहरा बेनकाब हो गया है।"
तरुण कुमार हत्याकांड के आरोपी के अवैध हिस्से को एमसीडी ने ध्वस्त कर दिया
उत्तम नगर में तरुण कुमार हत्याकांड के आरोपी के आवास के अवैध हिस्से को एमसीडी ने ध्वस्त कर दिया। यह घटना होली की रात, 4 मार्च को हुई थी।
मुख्यमंत्री पूर्ण अधिकार होने के बावजूद भयभीत प्रतीत होते हैं- सुखजिंदर सिंह रंधावा
पंजाब सरकार के विशेष सत्र पर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, "मुख्यमंत्री पूर्ण अधिकार होने के बावजूद भयभीत प्रतीत होते हैं। अगर एक तिहाई सदस्य पार्टी छोड़कर किसी अन्य पार्टी में विलय कर लेते हैं, तो गलती उन लोगों की है जिन्होंने पंजाब के लिए आवाज उठाने वाले नेताओं को टिकट देने से इनकार कर दिया। आंतरिक विवाद और धन संबंधी मामलों के आरोप सामने आए हैं। एक विशेष सत्र की उम्मीद है, जिसमें विश्वास प्रस्ताव पेश किए जाने की संभावना है। कई विधायकों पर दबाव बताया जा रहा है।"
टीएमसी ने कुछ क्षेत्रों में हिंसा और धमकी का सहारा लेने की पूरी कोशिश की- गिरिराज सिंह
पश्चिम बंगाल चुनावों पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "टीएमसी ने कुछ क्षेत्रों में हिंसा और धमकी का सहारा लेने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।"
मायावती ने महिला आरक्षण का समर्थन किया
उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती ने महिला आरक्षण को समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी देने की पहल के तहत् देश की संसद लोकसभा व राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मामला काफी लम्बी जद्दोजहद के बावजूद भी आगे नहीं बढ़ पाया है, यह अति-दुःखद, दुर्भाग्यपूर्ण व अति-चिन्तनीय भी है और इस सन्दर्भ में आज यू.पी. विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है जिसका बी.एस.पी स्वागत करती है तथा महिला आरक्षण का समर्थन भी करती है।"
एग्जिट पोल के आंकड़े मनगढ़ंत- ममता बनर्जी
सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा, "“एग्जिट पोल बीजेपी के कार्यालय से हैं। ये आंकड़े मनगढ़ंत हैं और टीएमसी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए बनाए गए हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में पूरी रात छापेमारी की गई।
अखिलेश यादव का सीएम योगी पर पलटवार
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी वर्तमान को क्यों भूल जाते हैं और आनेवाले कल की बात क्यों नहीं करना चाहते हैं। सुनने में तो ये आया है कि आप ही चेहरा होंगे फिर आनेवाले कल पर बात करने से क्यों कतराते हैं। कहीं आप भाजपाइयों की दस साल पुरानी उस बात को याद करके तो नहीं घबराते हैं कि भाजपावाले जिसे चेहरा बनाते हैं, उसको पिछले दरवाज़े का रास्ता दिखाते हैं। सच तो ये है कि आप भी जानते हैं कि ऐसे या वैसे या फिर कैसे भी न तो आप, न आपके दल के लोग सत्ता में वापस आ रहे हैं, इसीलिए आप भविष्य से मुँह चुरा रहे हैं और भाषा-विचार की मर्यादाओं से बाहर जा रहे हैं। ये जिव्हा का विचलन ही बता रहा है, आपका दौर जा रहा है।
भाजपा सभी राज्यों में जीतेगी- स्वाति मालीवाल
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनावों के एग्जिट पोल पर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा, "भाजपा सभी राज्यों में जीतेगी। मैंने बंगाल में कई लोगों से बात की, जमीनी स्तर के लोगों से बात की, पत्रकारों से बात की, और सभी का कहना है कि भाजपा बंगाल में जीत रही है। भाजपा बंगाल में इसलिए भी जीत रही है क्योंकि टीएमसी ने बहुत गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार किया है। भाजपा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए अच्छे कार्यों के कारण भी जीत रही है।"
हम एग्जिट पोल को इतनी गंभीरता से नहीं लेते- पीयूष गोयल
एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "हम एग्जिट पोल को इतनी गंभीरता से नहीं लेते। हमें भारत की जनता पर पूरा भरोसा है। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, उसी तरह पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की जनता भी इससे वंचित नहीं रहना चाहती। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और तमिलनाडु में एनडीए की सरकार। असम, पुडुचेरी और केरल में भी भाजपा-एनडीए की सरकार फिर से बनेगी। हमें पूरा विश्वास है कि इस चुनाव से हम अपनी आगे की यात्रा शुरू करेंगे।"
डीएमके भी अच्छा प्रदर्शन कर रही- एचके पाटिल
एग्जिट पोल पर राज्य मंत्री एच.के. पाटिल ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल के आंकड़े गलत साबित होंगे और टीएमसी जीतेगी क्योंकि देश को राजनीतिक संदेश देने के लिए हमें बंगाल की जरूरत है। डीएमके भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है।मेरी कामना है कि केरल में कांग्रेस को आरामदायक बहुमत मिले।"
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर किया पलटवार
अखिलेश यादव ने कहा, "जब वो सामने आइना रखकर बात करते हैं। खुद के राज दूसरों के समझकर उगलते हैं!" उन्होंने आगे कहा, "जो मुक़दमें मुख्यमंत्री जी ने अपने ऊपर से वापिस लिए थे, उनकी लिस्ट याद करके वो ख़ुद पढ़ेंगे या हम किसी से पढ़वा दें : सदन में या सड़क पर।"
एग्जिट पोल पर क्या बोले अखिलेश यादव
पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "पिछली बार एग्जिट पोल में अयोध्या में 400 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया गया था। याद कीजिए, वे अयोध्या में '400 से अधिक' सीटों का दावा कर रहे थे, लेकिन वास्तव में उन्हें वहां हार का सामना करना पड़ा। इससे पता चलता है कि एग्जिट पोल पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता। हालांकि, सच्चाई यह है कि पुलिस के इस्तेमाल से बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगे थे। उत्तर प्रदेश में कहा जाता है कि उपचुनाव पुलिस बल की तैनाती से जीते गए। यह भी सुनने में आया कि पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर समानांतर पुलिस प्रशासन लागू किया गया और स्थापित किया गया।"
मैं किसानों और आम जनता के मुद्दों को उठाऊंगा- बच्चू काडू
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने और एमएलसी चुनाव में शिवसेना के उम्मीदवार बनने पर बच्चू काडू ने कहा, "मैं किसानों और आम जनता के मुद्दों को उठाऊंगा। हम भगवान राम, बाबासाहेब अंबेडकर, छत्रपति शिवाजी महाराज, अहिल्याबाई होलकर की विचारधारा का प्रसार करेंगे।"
बीजेपी विधायक करनैल सिंह के खिलाफ समन जारी
दिल्ली की राउज़ एवेन्यू अदालत ने भाजपा विधायक करनैल सिंह के खिलाफ जारी समन को रद्द कर दिया है। अदालत ने मामले को मजिस्ट्रेट की अदालत में वापस भेज दिया है। यह समन दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन द्वारा दायर मानहानि की शिकायत पर जारी किया गया था।
अखिलेश यादव ने किया हरदोई दौरा
एसपी प्रमुख अखिलेश यादव ने हरदोई दौरे और शिल्पी कुशवाहा के परिवार से मुलाकात के दौरान कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं और लड़कियों से जुड़ी घटनाएं लगातार हो रही हैं। एनसीआरबी के आंकड़ों से पता चलता है कि ऐसे मामलों में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। इसका कारण यह है कि सरकार पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रही है और पुलिस भाजपा के लिए काम कर रही है। परिणामस्वरूप, लोगों को पुलिस थानों में न्याय नहीं मिलता। यहां तक कि जब वे वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करते हैं, तब भी उन्हें न्याय से वंचित कर दिया जाता है। शिल्पी कुशवाहा का मामला भी इसी स्थिति को दर्शाता है।
भाजपा अच्छी स्थिति में है- बीजेपी उम्मीदवार
कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रशांत बयान ने कहा, "पश्चिम बंगाल में चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा अच्छी स्थिति में है। भाजपा सरकार बनाएगी।"
लद्दाख के डेलीगेशन से मिले राहुल गांधी
लोकसभा के विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लद्दाख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश
दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आज शाम बारिश और ओलावृष्टि हुई।
आईपैक किसी एक पार्टी से संबद्ध नहीं है- अधीर रंजन चौधरी
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "आईपैक सदस्यों को इसलिए हिरासत में लिया गया था क्योंकि उन्हें कुछ खास पार्टियों के लिए काम करते हुए देखा गया था। अब चुनाव खत्म हो चुके हैं, इसलिए उन्हें हिरासत में रखने का कोई कारण नहीं है। आईपैक किसी एक पार्टी से संबद्ध नहीं है - कभी उन्होंने भाजपा की मदद की है, कभी टीएमसी की, या कभी अन्य पार्टियों की, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उन्हें कौन नियुक्त करता है। चुनाव समाप्त हो चुके हैं, इसलिए उनकी हिरासत का कोई उद्देश्य नहीं है और उन्हें रिहा करना ही समझदारी भरा कदम है।"
