उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का हेलिकॉप्टर, जो लखनऊ के ला मार्ट ग्राउंड से कौशांबी जा रहा था, तकनीकी खराबी के कारण शनिवार सुबह लखनऊ हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करने को मजबूर हो गया। केशव प्रसाद मौर्या के कार्यालय के अनुसार, हेलिकॉप्टर में अचानक धुआँ भर गया, जिसके चलते यह कदम उठाना जरूरी हो गया। हेलिकॉप्टर में कुल 5 लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने बताया कि खराबी के कारण हेलिकॉप्टर को तुरंत जमीन पर उतारना पड़ा। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, और मामले की जांच की जा रही है।
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने 24 साल पुराने बहुचर्चित पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड मामले में डेरा मुखी को बड़ी राहत देते हुए उन्हें बरी कर दिया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों कुलदीप, निर्मल और किशन लाल की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा है। कोर्ट ने सीबीआई विशेष कोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर अपीलों की सुनवाई के बाद गवाहियों और दलीलों का विस्तृत मूल्यांकन किया और डेरा मुखी के खिलाफ पर्याप्त सबूत न होने पर उन्हें संदेह का लाभ दिया। वहीं, अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ सबूतों को पर्याप्त मानते हुए उनकी दोषसिद्धि और सजा को कायम रखा गया।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वर्ष 2026 के राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने पर तंज कसते हुए कहा कि कभी उम्मीद थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद से राजनीतिक संन्यास लेंगे, लेकिन अब परिस्थितियाँ ऐसी बनती दिख रही हैं कि उनका राजनीतिक सफर राज्यसभा सदस्य के रूप में ही समाप्त हो सकता है। अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि राजनीति में नेताओं के सपने बड़े होते हैं, मगर आखिरकार राजनीतिक हालात और गठबंधन की गणित ही तय करती है कि किसी नेता की मंजिल कहां तक पहुंचेगी।
इस बीच अमेरिकी राजनीति में भी बयानबाजी तेज है। डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में चल रही अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की खुलकर सराहना करते हुए दावा किया कि इन अभियानों से ईरान की सैन्य ताकत को गंभीर झटका लगा है। व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर इस ऑपरेशन को अंक देने हों तो वह इसे 10 में से 12 से 15 अंक देंगे। उनके मुताबिक ईरान की सेना, नौसेना और संचार तंत्र को भारी नुकसान पहुंचा है और कई शीर्ष नेताओं को भी हटाया जा चुका है।
ED ने मुझसे लगातार 55 घंटे पूछताछ की है- राहुल गांधी
केरल में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "मुझ पर 36 केस हैं। ED ने मुझसे लगातार 55 घंटे पूछताछ की है। ED ने केरल के मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर कोई एक्शन क्यों नहीं लिया? वजह यह है कि वे मिलकर काम कर रहे हैं। असल में, केरल में CPM और भाजपा नहीं हैं। CJP है। सब जानते हैं कि वे पार्टनर हैं और UDF को हराने के लिए केरल में मिलकर काम कर रहे हैं।"
आज की ताजा खबर LIVE: आप हवाई बमबारी से सरकार नहीं बदल सकते- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला
दक्षिण एशिया विवाद पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "सिर्फ़ वही लोग अपनी सरकार चुन सकते हैं जो उस देश में रहते हैं... यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री बिल्कुल सही हैं। आप हवाई बमबारी से सरकार नहीं बदल सकते... उन्होंने एक धार्मिक नेता की जान कुर्बान की है, जिनकी लीडरशिप को सिर्फ़ शिया समुदाय ही नहीं बल्कि दुनिया भर के मुसलमान मानते हैं। यह सरकार बदलना नहीं है। यह ताकत का बहुत ज़्यादा गलत इस्तेमाल और हर एक अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है..."
आज की ताजा खबर LIVE: ‘बंगाल की टीएमसी सरकार ने सारी हदें पार कर दी’, ममता सरकार पर भड़के पीएम मोदी, राष्ट्रपति ने बताया छोटी बहन
पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा विवादों में घिर गया है। दरअसल पश्चिम बंगाल में आदिवासी समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची थीं। प्रोटोकॉल के अनुसार राष्ट्रपति का स्वागत राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को करना चाहिए था। हालांकि ममता बनर्जी नहीं पहुंचीं। इसको लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया। दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी के विधाननगर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन का उद्घाटन किया।
आज की ताजा खबर LIVE: नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही सरकार चलेगी- जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, "पार्टी के बहुत सारे साथियों की इच्छा थी कि निशांत कुमार पार्टी में आकर काम करें। कल वे पार्टी में काम शुरू करेंगे। आगे पार्टी तय करेगी कि उनकी क्या भूमिका होगी...नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं लेकिन उनके मार्गदर्शन में ही सरकार चलेगी।"
आज की ताजा खबर LIVE: महाराष्ट्र बजट पर बोले आनंद दुबे
नेता आनंद दुबे ने महाराष्ट्र बजट पर कहा, "यह आम जनता को नहीं बल्कि ठेकेदारों को मजबूती देने वाला बजट है। आज भी महाराष्ट्र पर कई लाख करोड़ रुपए का कर्जा है... इन्होंने बजट तो पेश कर दिया लेकिन इस बजट से फायदा क्या हुआ?.
आज की ताजा खबर LIVE: राहुल गांधी कौन से कार्यक्रम में पहुंचे?
केरल में लोकसभा सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी टेक्नोपार्क में IT वालों के साथ इंटरैक्टिव सेशन में शामिल हुए।
आज की ताजा खबर LIVE: फिनलैंड के राष्ट्रपति ने क्या कहा?
US-इज़राइल बनाम ईरान संघर्ष और ट्रंप के एक्शन पर फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने कहा, "मुझे बस उम्मीद है कि हम तनाव कम कर पाएंगे क्योंकि मुझे पक्का नहीं पता कि आखिर में क्या होगा। मैं ईरान की न्यूक्लियर क्षमताओं को नष्ट करने की ज़रूरत का समर्थन करता हूं
आज की ताजा खबर LIVE: केरल चुनाव पर बोले चीफ इलेक्शन कमिश्नर
चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार ने कहा, "... हमारी सभी पॉलिटिकल पार्टियों से डिटेल में बातचीत हुई। हम केरल के यूथ से भी मिले जो कि इस बार आने वाले चुनावों में केरल के लिए वोट देने वाले हैं।
आज की ताजा खबर LIVE: उत्तम नगर हत्या पर बोले मंत्री पंकज कुमार सिंह
दिल्ली सरकार के मंत्री पंकज कुमार सिंह ने होली के दिन उत्तम नगर में एक युवक की हत्या के मामले पर कहा, "हमने आज पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनको विश्वास दिलाया है कि दिल्ली पुलिस काम कर रही है
आज की ताजा खबर LIVE: हैलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग पर मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "(हेलीकॉप्टर में)कुछ तकनीकी खराबी आई और वापस लौटना पड़ा...मैं सकुशल और सुरक्षित दूसरे हेलीकॉप्टर से यहां आया हूं.
दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा, "मैं इस इलाके में रहा हूं... मैंने यहां मोती बाग गुरुद्वारा और मलाई मंदिर में मत्था टेका... दिल्ली हमारी राजधानी है। हमें दुनिया की सभी राजधानियों के साथ प्रतिस्पर्धा करनी है।
यूडीएफ केरल में 100 से अधिक विधानसभा सीट जीत सकता है: कांग्रेस नेता वेणुगोपाल अलप्पुझा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को दावा किया कि केरल में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) आगामी विधानसभा चुनाव में 100 से अधिक सीट जीत सकता है। राज्य में 140 विधानसभा सीट हैं।
तृणमूल कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगी
तृणमूल कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगी। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को पीटीआई को यह जानकारी दी। लोकसभा ने ओम बिरला को अध्यक्ष पद से हटाने से संबंधित प्रस्ताव पेश करने के लिए विपक्षी सदस्यों के एक नोटिस को सोमवार के लिए सूचीबद्ध किया है। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है। बिरला पर ''पक्षपातपूर्ण'' तरीके से कार्य करने का आरोप है। विपक्ष के कम से कम 118 सांसदों ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समय सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी नेताओं को बोलने की अनुमति नहीं देने के साथ-साथ बजट सत्र के पहले चरण में आठ सांसदों को निलंबित करने के लिए नोटिस प्रस्तुत किया था। तृणमूल कांग्रेस सांसदों ने इससे पहले नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।
काशी विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं के लिए अलग प्रवेश द्वार
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं और बच्चों के लिए अलग से प्रवेश द्वार रहेगा।
जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास मोर्टार के गोले को निष्क्रिय किया गया
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक सीमावर्ती गांव में सुरक्षा बलों ने मोर्टार के एक गोले को शनिवार को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र के एक निवासी ने सवजियां सेक्टर के बराड़ी गांव में एक सुनसान स्थान पर पड़े मोर्टार के गोले को देखा और सेना की इकाई एवं स्थानीय पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी।
बंगाल को तोड़ने वालों का हम करेंगे पर्दाफाश: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने कहा, "LPG के दाम फिर से बढ़ा दिए गए हैं। अब आपको 21 दिन पहले गैस बुक करनी होगी, तो अगर आपके घर का LPG खत्म हो गया तो आप 21 दिन तक क्या करेंगे? आप क्या खाएंगे? क्या आप खाने की होम डिलीवरी ऑर्डर करेंगे? केरोसिन का कोटा भी कम कर दिया गया है। आप हर दिन चीज़ों के दाम बढ़ा रहे हैं। इसीलिए आप (मोदी सरकार) वोट डिलीट करवाना चाहते हैं? बंगाल को तोड़ना चाहते हैं? दूसरे लोग आपसे डर सकते हैं, लेकिन हम नहीं। हम आपका पर्दाफाश करेंगे।"
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, निलंबित
सुलतानपुर जिले के एक एक उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक को एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
राष्ट्रपति मुर्मू आज पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को दार्जिलिंग जिले में आयोजित होने वाले नौवें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। पहले उनका शुक्रवार से दो दिनों के लिए दार्जिलिंग का दौरा करने का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस के इस्तीफे के बाद यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
सरकार इंफाल को जोड़ने वाली रेल परियोजना समय पर पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य की राजधानी को पूरे देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली रेलवे परियोजना को समय पर पूरा करने में हर जरूरी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इंफाल को असम के कछार जिले की सीमा से सटे जिरीबाम कस्बे से जोड़ने वाली यह 111 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन 22,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है।
ठाणे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आवासीय सोसायटी पर गोलीबारी
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शनिवार तड़के बदमाशों ने एक कारोबारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आवासीय सोसायटी पर गोलीबारी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पीछा करने के बाद आरोपियों में से एक को पकड़ लिया। पीछा करने के दौरान दो राहगीर भी घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शाहबाद उर्फ शंभू मुन्ना शमशाद कुरैशी (28) को गिरफ्तार कर लिया जिसने पुलिस द्वारा पीछा किए जाते समय शिल डायघर की गलियों में पांच गोलियां चलाईं, जिससे दो राहगीर घायल हो गए।
राहुल गांधी बोले- The Kerala Story जैसी फिल्में लोग पसंद नहीं करते हैं
राहुल गांधी ने सिनेमा और मीडिया के राजनीतिक इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि फिल्मों और मीडिया का काम समाज को जोड़ना है, न कि विभाजन पैदा करना। केरल के Marian College में छात्रों से बातचीत के दौरान उन्होंने The Kerala Story को लेकर चल रही बहस का जिक्र करते हुए कहा कि देश की अधिकतर जनता केरल की परंपराओं को समझती है। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में लोग पसंद नहीं करते हैं।
राहुल गांधी ने केरल के इडुक्की में चाय के बागान में काम करने वाली महिलाओं से बातचीत की
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को यहां पीरुमाडे स्थित चाय के एक बागान में काम करने वाली महिलाओं से बातचीत की। लोकसभा में विपक्ष के नेता सुबह हेलीकॉप्टर में सवार होने जा रहे थे तभी उन्होंने रास्ते में ग्लेमेरी एस्टेट में चाय के एक बागान में काम करती महिलाओं के एक समूह को देखा और अपने काफिले को वहां रुकने के लिए कहा। उनके साथ कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल और डीन कुरियाकोस भी थे।
भूटान से महंगी पुरानी कारों की तस्करी के आरोप में पांच गिरफ्तार
भूटान से महंगी पुरानी कारों की तस्करी के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार कोच्चि, सात मार्च (भाषा) सीमा शुल्क (निवारक) आयुक्त कार्यालय ने भूटान से महंगी पुरानी कारों की तस्करी के आरोप में पश्चिम बंगाल और असम से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सीमा शुल्क विभाग ने एक बयान में बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की पहचान पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में जयगांव के विश्वदीप दास (35) के रूप में हुई है जबकि अन्य चारों की पहचान असम के कामरूप जिले में पलटनबाजार के निवासी दीपक पटवारी (57), बोंगाईगांव जिले में जोगीघोपा के निवासी अयूब अली, ग्वालपारा जिले में बोलादमरी के निवासी एमडी मुस्तफा अहमद (35) और धुबरी जिले में चापर के जलाल मंडल (31) के रूप में हुई है। सीमा शुल्क अधिकारियों ने बताया कि पटवारी असम के बोंगाईगांव के जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) था।
निशांत का राजनीति में आना अच्छा रहेगा: रामकृपाल यादव
बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव का कहना है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत का राजनीति में आना अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा, "निशांत पढ़े-लिखे हैं, विवादों से दूर रहे हैं... उन्होंने कभी ऐसा कुछ नहीं किया जिससे उनके पिता या पार्टी की बदनामी हो... राजनीति में उनके आने से युवाओं में जोश की एक नई लहर आएगी... निशांत नीतीश कुमार की छोड़ी कमी को पूरा करेंगे, जो पार्टी कार्यकर्ताओं की भी इच्छा है... निशांत को पार्टी की ज़िम्मेदारी संभालनी चाहिए..."
उत्तरपूर्वी नाइजीरिया में इस्लामी चरमपंथियों ने 300 से अधिक लोगों को अगवा किया
उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के एक शहर में इस्लामी चरमपंथियों ने शुक्रवार को हमला कर 300 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ग्वाजा क्षेत्र के अधिकारी बुलामा सावा के अनुसार, यह हमला बोर्नो राज्य के न्गोशे कस्बे में हुआ। उन्होंने 'एसोसिएटेड प्रेस' (एपी) को बताया कि यह हमला सेना द्वारा चलाए गए उस अभियान के संभवतः प्रतिशोध में किया गया था जिसमें बोको हराम चरमपंथी समूह के तीन 'कमांडर' को मार गिराया गया था।
नेपाल चुनाव: आरएसपी के बालेंद्र शाह ने 18 जीत पर दर्ज की, 99 पर आगे
रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) नेपाल में सितंबर में हुए 'जेन जेड' के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए पहले आम चुनाव में शनिवार को भारी जीत की ओर अग्रसर है। राजनीतिक रूप से अस्थिर राष्ट्र में स्थापित राजनीतिक दलों के प्रभुत्व को ध्वस्त करते हुए आरएसपी के इस चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनने की संभावना है। नेपाल के निर्वाचन आयोग के हालिया आंकड़ों के अनुसार, आरएसपी ने 18 सीट पर जीत दर्ज की है और 99 अन्य सीट पर पार्टी आगे है।
हैदराबाद के बाहरी इलाके में 'दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर' विकसित करेगी तेलंगाना सरकार: मुख्यमंत्री
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा है कि राज्य सरकार हैदराबाद के बाहरी इलाके में ''दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर'' बनाएगी जिससे एलन मस्क जैसे शीर्ष कारोबारी यहां आएंगे। रेड्डी ने शुक्रवार शाम यहां कोटवालगुडा में इको हिल पार्क का उद्घाटन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) राज्य सरकार की विकास पहलों में बाधाएं खड़ी कर रही है। उन्होंने कहा, ''हम दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर बना रहे हैं। यह तो बस शुरुआत है। यहां जो विकास होगा, उसे देखकर एलन मस्क से लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक, दुनिया का कोई भी व्यक्ति यहां आना चाहेगा... हम ट्रंप से जुड़ी व्यावसायिक संस्थाओं से यहां आने के बारे में बात कर रहे हैं।''
अमेरिका की ‘अनुमति’ पर कांग्रेस ने मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया, केंद्र ने कहा ऊर्जा स्थिति सुरक्षित
अमेरिका ने भारत को 30 दिन के लिए रूसी तेल खरीदने की “अनुमति” देने पर पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला किया। कांग्रेस ने इसे भारत के लिए अपमान बताया और स्पष्टीकरण मांगा। केंद्र ने ऊर्जा सुरक्षा को लेकर स्थिति सामान्य बताते हुए कोई कमी नहीं होने का दावा किया।
मतदाता सूची से नाम कटने को वृंदा करात ने बताया शर्मनाक
बंगाल में बहुत लोगों के मतदाता सूची से नाम कटने पर सीपीएम नेता वृंदा करात ने कहा, "...ये राज्य के गरीब लोग हैं, प्रवासी मजदूर हैं जिनका वोट देने का अधिकार BJP छीन रही है...यह बहुत शर्मनाक है...।"
हम अपने एकत्व को नहीं पहचानते इसलिए युद्ध हो रहे हैं - मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शुक्रवर को कहा कि हम अपने एकत्व को नहीं पहचानते, इसलिए दुनिया भर में कलह थमती नहीं है और युद्ध चलते रहते हैं। भागवत ने कहा कि लोग मन की करूणा भूल गए हैं और इस सत्य को भूल गए कि हम दिखते अलग अलग हैं लेकिन हम सब एक हैं।
