ईरान और इजरायल के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा एक ईरानी युद्धपोत को डुबाए जाने के बाद, ईरान ने युद्ध के छठे दिन इजरायल पर मिसाइल हमले किए। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहली ने कहा कि तेहरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि संघर्ष की “अवधि और समाप्ति” ईरान द्वारा तय की जाएगी। ईरान ने धमकी दी है कि वह पूरे क्षेत्र में सैन्य और आर्थिक केंद्रों को नष्ट कर सकता है। इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्ला समूह को निशाना बनाया। अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के सुरक्षा बलों और प्रशासनिक संस्थानों पर हमले तेज कर दिए। इतने बड़े हमलों के कारण ईरानी सरकारी टीवी ने घोषणा की कि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के लिए होने वाला शोक समारोह स्थगित करना पड़ा।
अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन सदस्यों ने ईरान युद्ध को रोकने के उद्देश्य से बुधवार को लाए गए एक प्रस्ताव पर मतदान कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया, जो युद्ध को लेकर शुरुआती समर्थन का संकेत है। युद्ध लड़ने के खिलाफ प्रस्ताव 53 के मुकाबले 47 मत से गिर गया। मतदान अधिकतर पार्टी लाइन के अनुसार हुआ। केंटुकी के रिपब्लिकन सीनेटर रैंड पॉल ने इसके पक्ष में और पेंसिल्वेनिया के डेमोक्रेट सीनेटर जॉन फेट्टरमैन ने इसके विरोध में मतदान किया। मतदान के दौरान डेमोक्रेटिक सीनेटर अपनी अपनी सीट पर बैठे नजर आए जो इस महत्वपूर्ण क्षण की गंभीरता को रेखांकित करता है। आम तौर पर, सीनेटर अपना वोट डालने के लिए कक्ष में आते हैं और फिर चले जाते हैं। मतदान से पहले सीनेट के डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने कहा, ”आज हर सीनेटर – एक पक्ष चुनेगा।” उन्होंने कहा, ”क्या आप उन अमेरिकी लोगों के साथ खड़े हैं जो पश्चिम एशिया में जारी अंतहीन युद्धों से थक चुके हैं या आप डोनाल्ड ट्रंप और पीट हेगसेथ के साथ खड़े हैं जो हमें एक और युद्ध की ओर धकेल रहे हैं?”
ईरान में मरने वालों की संख्या कम से कम 1,230
अमेरिका-इजरायल के साथ जारी युद्ध में ईरान में मरने वालों की संख्या कम से कम 1,230 हो गई है। ईरान की एक सरकारी एजेंसी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। 'ईरान्स फाउंडेशन ऑफ मार्टर्स एंड वेटरन्स अफेयर्स' ने आंकड़े जारी करते हुए कहा कि इस संघर्ष में 1,230 लोगों के मारे जाने की सूचना है।
अमेरिका, उसके सहयोगी ड्रोन का मुकाबला करने में यूक्रेन की मदद चाहते हैं: जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और पश्चिम एशिया में उसके सहयोगी ईरान के शाहेद ड्रोन का मुकाबला करने में यूक्रेन की मदद चाहते हैं। जेलेंस्की ने बुधवार देर रात कहा कि अमेरिका समेत कई देशों ने ईरानी ड्रोन हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन से मदद मांगी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब बोलने की जरूरत होती है तो मौन रहते हैं
राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने बृहस्पतिवार को ईरान युद्ध को लेकर सरकार के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब बोलने की जरूरत होती है तो मौन रहते हैं। सिब्बल ने पंडित जवाहरलाल नेहरू और कुछ अन्य पूर्व प्रधानमंत्रियों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे अतीत में भारतीय प्रधानमंत्रियों ने देश के मूल्यों को बनाए रखने की कोशिश की थी।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का इस्तीफा
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने साढ़े तीन साल के कार्यकाल के बाद इस्तीफा दे दिया। लोक भवन के अधिकारी ने बताया।
पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति से बात की
पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बृहस्पतिवार को बात की और पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को लेकर साझा चिंताओं पर चर्चा की। पीएम ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की। हमने पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को लेकर अपनी साझा चिंताओं और संवाद एवं कूटनीति की ओर लौटने की आवश्यकता पर चर्चा की। हम इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए घनिष्ठ सहयोग और समन्वयपूर्ण प्रयास जारी रखेंगे।''
ईरान ने रूस से सैन्य सहायता नहीं मांगी है : क्रेमलिन
रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमलों का सामना कर रहे ईरान ने रूस से सैन्य सहायता नहीं मांगी है।
पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की बहाली के लिए सहयोग और प्रयास जारी रखेंगे- पीएम मोदी
पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए हम घनिष्ठ सहयोग और समन्वयपूर्ण प्रयास जारी रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बातचीत के बाद कहा।
शरद पवार और उनके पोते पार्थ राज्यसभा सदस्य बनने की तैयारी में
महाराष्ट्र के राजनीतिक रूप से प्रभावशाली पवार परिवार के दो सदस्य एक ही समय में राज्य से राज्यसभा सदस्य बनने की तैयारी में हैं। वरिष्ठ नेता शरद पवार और उनके पोते पार्थ प्रतिद्वंद्वी खेमों से चुनाव मैदान में हैं। पार्थ दिवंगत अजित पवार के बेटे हैं। संसद के ऊपरी सदन के लिए 16 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए दोनों नेताओं ने बृहस्पतिवार को मुंबई में नामांकन दाखिल किया। शरद पवार एनसीपी (एसपी) के प्रमुख हैं जबकि पार्थ को सत्ताधारी एनसीपी ने उम्मीदवार बनाया है।
अमेरिका को बहुत पछताना पड़ेगा- ईरान
ईरान ने बृहस्पतिवार सुबह इजरायल और अमेरिका के कई अड्डों पर नये सिरे से हमले किए और धमकी दी कि हिंद महासागर में ईरान के एक युद्धपोत को टॉरपीडो के हमला करके डुबोने के लिए अमेरिका को बहुत पछताना पड़ेगा।
भारत ने खामेनेई की मौत पर शोक जताया
भारत ने ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर शोक जताया है। गुरुवार दोपहर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री नई दिल्ली स्थित ईरान के दूतावास पहुंचे और वहां रखी गई शोक पुस्तिका में भारत की तरफ से हस्ताक्षर किए और संवेदना व्यक्त की।
इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के टॉप लीडर रहे अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद चर्चा है कि उनके बेटे मोजतबा को ईरान का सर्वोच्च नेता बनाया जा रहा है। मीडिया में आ रही इन खबरों पर भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि अभी तक किसी का भी इस पद के लिए चुनाव नहीं किया गया है। ईरान के प्रतिनिधि ने कहा, "यह खबर सच नहीं है क्योंकि अभी तक किसी को चुना या नामित नहीं किया गया है और प्रक्रिया अभी जारी है।
दूसरा ईरानी पोत प्रवेश की अनुमति की प्रतीक्षा कर रहा- श्रीलंका
श्रीलंका ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक अन्य ईरानी पोत ने उसके जलक्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मांगी है और इस संबंध में वह उचित कदम पर विचार कर रहा है। श्रीलंका का यह बयान ऐसे समय में आया है जब एक दिन पहले श्रीलंका के निकट ईरान के एक नौसैनिक पोत (फ्रिगेट) पर हमला हुआ था। श्रीलंकाई अधिकारियों ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने श्रीलंका के दक्षिणी तट के पास अमेरिकी पनडुब्बी हमले के बाद डूबे 'आईरिस देना' नामक ईरानी पोत से करीब 80 ईरानी नाविकों के शव बरामद किए हैं।
असम में कांग्रेस के तीन विधायक भाजपा में शामिल
असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के तीन विधायक - कमलाख्या डे पुरकायस्थ, शशिकांत दास और बसंत दास - दो अन्य के साथ गुरुवार को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए।
ईरानी पोत उसके जलक्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मांगी है: श्रीलंका
श्रीलंका ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक अन्य ईरानी पोत ने उसके जलक्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मांगी है और इस संबंध में वह उचित कदम पर विचार कर रहा है। श्रीलंका का यह बयान ऐसे समय में आया है जब एक दिन पहले श्रीलंका के निकट ईरान के एक नौसैनिक पोत (फ्रिगेट) पर हमला हुआ था। श्रीलंकाई अधिकारियों ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने श्रीलंका के दक्षिणी तट के पास अमेरिकी पनडुब्बी हमले के बाद डूबे 'आईरिस देना' नामक ईरानी पोत से करीब 80 ईरानी नाविकों के शव बरामद किए हैं।
ईरान-इजरायल जंग से दुनिया भर में हालात खराब हो रहे: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा है कि ईरान-इजरायल जंग से दुनिया भर में हालात खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांति के लिए सबको एकसाथ करीब आना होगा।
प्रधानमंत्री ने राजनीतिक और नैतिक रूप से आत्मसमर्पण किया: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईरान युद्ध से जुड़े घटनाक्रमों का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीतिक और नैतिक रूप से आत्मसर्मण कर दिया है। खड़गे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मोदी सरकार का भारत के सामरिक और राष्ट्रीय हितों के प्रति लापरवाही भरा परित्याग सबके सामने है। एक ईरानी जहाज भारत का मेहमान था, हमारे द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 2026 से निहत्थे लौट रहा था, लेकिन हिंद महासागर क्षेत्र में उस पर हमला कर दिया गया। चिंता या शोक का कोई बयान नहीं आया। प्रधानमंत्री मोदी मौन साधे हुए हैं।''
प्रधानमंत्री समझौतावादी; देश की सामरिक स्वायत्तता का समर्पण किया : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध की पृष्ठभूमि में बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समझौतावादी हैं जिन्होंने भारत की सामरिक स्वायत्तता का समर्पण कर दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "विश्व एक अस्थिर दौर में प्रवेश कर चुका है। समुद्री क्षेत्र में बड़ी चुनौतियां सामने खड़ी हैं। भारत की तेल आपूर्ति खतरे में है, हमारा 40 प्रतिशत से अधिक आयात होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। एलपीजी और एलएनजी के लिए स्थिति और भी खराब है।" उन्होंने कहा कि हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत के डूबने से संघर्ष भारत की दहलीज तक पहुंच गया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने कोई टिप्पणी नहीं की।
ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमले अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए बड़ी चुनौती
ईरान द्वारा लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले किए जाने से अमेरिका और उसके सहयोगियों—खासकर इजराइल और खाड़ी देशों—के सामने गंभीर सैन्य चुनौती खड़ी हो गई है। विश्लेषकों का कहना है कि यदि हमले लंबे समय तक जारी रहे तो पश्चिमी देशों की वायु रक्षा प्रणालियों के भंडार तेजी से खत्म हो सकते हैं, जबकि ईरान के पास अब भी बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइल मौजूद हैं। खबरों से संकेत मिलता है कि यदि इजराइल और अमेरिका को उम्मीद थी कि ईरान खुद पर हमलों से जल्दी झुक जाएगा, तो यह आकलन गलत साबित होता दिख रहा है।
ईरानी विदेश मंत्री बोले- नौसैनिक पोत डुबोने की अमेरिकी कार्रवाई से ''गहरा पछतावा होगा'':
ईरान के विदेश मंत्री ने बृहस्पतिवार को कहा कि श्रीलंका के तट पर एक अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा ईरानी नौसैनिक पोत को डुबोकर अमेरिका ने जो ''उदाहरण पेश किया है, उसे उस पर अत्यधिक पछतावा होगा।'' अब्बास अराघची की यह टिप्पणी हिंद महासागर में 'आईरिस देना' के डूबने की घटना को लेकर ईरान सरकार की ओर से पहली स्वीकारयोक्ति है। ईरानी विदेश मंत्री ने अमेरिकी कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे समुद्र में की गई "ज्यादती" बताया और कहा कि यह घटना ईरान के तट से लगभग 2,000 मील दूर हुई। उन्होंने 'एक्स' पर कहा, ''लगभग 130 नाविकों को ले जा रहे एवं भारत की नौसेना के अतिथि पोत 'फ्रिगेट देना' पर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में बिना किसी चेतावनी के हमला किया गया। मेरी बात याद रखना- अमेरिका ने जो उदाहरण पेश किया है, उसे उस पर अत्यधिक पछतावा होगा।''
फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने की पीएम मोदी से मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
अमेरिकन एयरलाइंस को वेनेजुएला के लिए नियमित उड़ानें फिर शुरू करने की मंजूरी
अमेरिका की विमानन कंपनी अमेरिकन एयरलाइंस को बुधवार को वेनेजुएला के लिए उड़ानें फिर से शुरू करने की मंजूरी मिल गई। अमेरिकन एयरलाइंस यह मंजूरी हासिल करने वाली पहली अमेरिकी एयरलाइन बन गई है। एयरलाइन ने जनवरी में वेनेजुएला के लिए सेवाएं बहाल करने की अपनी योजना की घोषणा की थी।
ईरान की सैन्य और आर्थिक बुनियादी ढांचे को नष्ट करने की धमकी
अमेरिकी पनडुब्बी के एक ईरानी युद्धपोत को डुबोने की घटना के बाद ईरान ने बृहस्पतिवार तड़के युद्ध के छठे दिन इजरायल को निशाना बनाकर मिसाइल दागीं। ईरान ने पूरे क्षेत्र में सैन्य और आर्थिक बुनियादी ढांचे को नष्ट करने की धमकी भी दी है।
दिल्ली में सुबह से गर्मी का एहसास, न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 78 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 134 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
नेपाल में आम चुनाव के लिए मतदान जारी
नेपाल में पिछले साल हुए 'जेन जेड' विरोध प्रदर्शन के बाद पहले आम चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। पिछले साल हिंसक 'जेन जेड' प्रदर्शन के बाद नेपाल में प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की सरकार गिर गयी थी।
राजस्थान में धुलंडी उत्सव की धूम
राजस्थान के अधिकतर जिलों में बुधवार को धुलंडी उत्सव मनाया गया। इससे एक दिन पहले कुछ क्षेत्रों में चंद्र ग्रहण के कारण आंशिक रूप से होली मनाई गई थी। दूसरी ओर, मंगलवार को अजमेर हाईवे पर स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित होली कार्यक्रम के दौरान लगभग 20 छात्र घायल हो गए।
शाहजहांपुर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ 'लाट साहब' का जुलूस
शाहजहांपुर जिले में होली पर निकलने वाला 'लाट साहब' का जुलूस इस बार कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। एक अजीबोगरीब परंपरा के तहत निकाले जाने वाले इस जुलूस के दौरान हुरियारे 'लाट साहब की जय' बोलते हुए उन्हें जूतो से मार रहे थे। हालांकि लाट साहब पुलिस तथा पीएसी के सुरक्षा घेरे में रहे।
इंदौर में जेल अधिकारियों ने कैदियों के साथ मनाई होली
इंदौर केंद्रीय जेल के अधिकारियों ने कैदियों के साथ होली मनाई।
ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने दी होली की शुभकामनाएं
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने बुधवार को होली के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार अच्छाई की बुराई पर जीत, दोस्ती और माफी के महत्व तथा इंसानियत की एकता का संदेश देता है।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि हिंदू और दक्षिण एशियाई मूल के कई ऑस्ट्रेलियाई लोगों के लिए होली एक ऐसा समय है जब लोग अपनी साझा परंपराओं, इतिहास और संस्कृति को मिलकर मनाते हैं। यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि अच्छाई हमेशा बुराई पर जीत हासिल करती है। साथ ही यह दोस्ती, आपसी माफी और इंसानों के बीच एकता की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि होली हमें खुद को और एक-दूसरे के साथ अपने रिश्तों को नया करने का मौका देती है।
सुरक्षा के भाव और शांति के माहौल में होते हैं उमंग के पर्व : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में परंपरा के अनुसार होलिकोत्सव की शुरुआत करते हुए इसे सामाजिक समरसता, उमंग और उल्लास का पर्व करार दिया। आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि होली का त्योहार सामाजिक समरसता उमंग और उल्लास का पर्व है और जब शांति होती है तभी पर्व उत्सवी रूप में मनाए जाते हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा और पूर्वजों ने हजारों वर्षों की होली की विरासत को संरक्षित करके जिस भाव से सौंपा है, उसको वर्तमान पीढ़ी उसी उमंग और उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है।
ईरान बहादुरी की मिसाल बन रहा है- कांग्रेस सांसद इमरान मसूद
अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "हालात बेहद गंभीर हैं… मुझे नहीं लगता कि वे ईरान को उस तरह नष्ट कर पाएंगे जैसे उन्होंने इराक, लीबिया या अन्य जगहों पर किया, क्योंकि वहां के हालात और वहां के लोगों का समर्पण बिल्कुल अलग है... इजराइल में अगर दो लोग मरते हैं तो हंगामा मच जाता है, लेकिन ईरान में हजारों लोगों को मार दिया जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ता… ईरान बहादुरी की मिसाल बन रहा है... भारत के साथ उसके संबंध हैं और बने रहेंगे। सिर्फ एक आदमी की वजह से ये संबंध खराब नहीं होंगे।"

