आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ 25 फरवरी 2026, पीएम मोदी की इजरायल यात्रा LIVE Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के दौरे पर हैं। पीएम मोदी को इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने रिसीव किया। पीएम मोदी ने इजरायली संसद को संबोधित किया। अक्टूबर 2023 में हमास और इजरायल के बीच जंग शुरू होने के बाद पीएम मोदी की यह पहली इजरायल यात्रा है। इससे पहले वह 2017 में इजरायल गए थे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया है। ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर जमकर निशाना साधा और अपनी सरकार की बढ़-चढ़कर तारीफ की है। उनका कहना है कि अमेरिका ने पिछले कुछ समय में ऐसे बदलाव देखे हैं जो सदियों में कभी नहीं हुए। ट्रंप ने कहा कि अगर मैं नहीं होता तो पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु युद्ध छिड़ जाता। 3.5 करोड़ लोगों का कहना है कि अगर मैंने दखल नहीं दिया होता तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मारे जाते।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन के जापान दौरे पर हैं। ब्रह्मांड के सबसे बड़े ज्ञात तारों में से एक डब्ल्यूओएच जी-64 में साल 2014 में बड़ा परिवर्तन दर्ज किया गया और नए शोध के अनुसार इसमें महाविस्फोट होने की आशंका है। एशिया की नेशनल ऑब्जर्वेटरी के मंगोलिया मूनसाक-साओज के नेतृत्व में किए गए अध्ययन में कहा गया है कि यह तारा अपनी लाल विशाल अवस्था से पीली अतिविशाल अवस्था में आ चुका है। दिन भर की हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहें इस लाइव ब्लॉग के साथ…
सदन के सामने खड़ा होना मेरे लिए सौभाग्य और सम्मान की बात- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस प्रतिष्ठित सदन के सामने खड़ा होना मेरे लिए सौभाग्य और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मैं भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर और एक पुरानी सभ्यता के प्रतिनिधि के तौर पर दूसरी सभ्यता को संबोधित करते हुए ऐसा कर रहा हूं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपने साथ 140 करोड़ भारतीयों का अभिवादन और दोस्ती, सम्मान और साझेदारी का संदेश लाया हूं।
किसी भी कारण से नागरिकों की हत्या को उचित नहीं ठहराया जा सकता- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए “बर्बर आतंकवादी हमले” पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी कारण से नागरिकों की हत्या को उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि हम आपकी पीड़ा को समझते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजरायल दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ खड़े हैं। मोदी ने कहा कि भारत ने भी लंबे समय तक आतंकवाद का दर्द का सहा है।
हमारी सभ्यतागत परंपराओं में दार्शनिक समानताएँ भी पाई जाती हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "हम दोनों प्राचीन सभ्यताएं हैं और शायद इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि हमारी सभ्यतागत परंपराओं में दार्शनिक समानताएँ भी पाई जाती हैं। इजराइल में, टिक्कुन ओलाम का सिद्धांत विश्व को स्वस्थ करने की बात करता है। भारत में, वसुधैव कुटुंबकम इस बात की पुष्टि करता है कि विश्व एक परिवार है। दोनों विचार तात्कालिक सीमाओं से परे ज़िम्मेदारी का विस्तार करते हैं।"
मुझे यहां दोबारा आकर बहुत खुशी हो रही- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इजरायली संसद को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "9 साल पहले, मुझे भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में इजराल की यात्रा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था और मुझे यहां दोबारा आकर बहुत खुशी हो रही है, उस भूमि पर लौटकर जिससे मेरा हमेशा से लगाव रहा है।"
पन्नीरसेल्वम पर अन्नामलाई का बड़ा बयान
पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके से निष्कासित नेता ओ. पन्नीरसेल्वम के बारे में भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा, "मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। अभी समय है। हमें धैर्य रखना चाहिए, सब कुछ ठीक हो जाएगा। हर कोई अम्मा का शासन वापस देखना चाहता है। जे. जयललिता ने ओ.पी.एस. को एक बार नहीं बल्कि कई बार मुख्यमंत्री बनाया था।"
हिमाचाल के सीएम का बड़ा बयान
शिमला में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, "हमने पहले ही परिवहन विभाग को ऑटो मोड में लाने का फैसला किया था। लोग अब डिजिटल मोड का विकल्प चुन सकते हैं और इसके लिए किसी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है। हमें सड़क सुरक्षा के लिए 35 करोड़ रुपये मिल रहे हैं, जो मुझे लगता है कि एक अच्छी शुरुआत है। हमने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से टैक्सी परमिट की वैधता को 15 साल के वाहन जीवन के साथ संरेखित करने का मुद्दा भी उठाया है, जिससे 30% टैक्सी चालकों को लाभ होगा।"
शराब कहीं भी उपलब्ध नहीं- बिहार के मंत्री मोहम्मद जमा खान
आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह के बयान पर बिहार के मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा, "शराब कहीं भी उपलब्ध नहीं है। पकड़े जाने वालों को जेल भेजा जाता है, कार्रवाई की जाती है और इसके लिए कानून भी है। कार्रवाई की गई है और आगे भी की जाती रहेगी।"
भारतीय प्रवासी समुदाय की सदस्य रविता ने पीएम के दौरे पर क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा पर भारतीय प्रवासी समुदाय की सदस्य रविता ने कहा, "मैं भारतीय यहूदी समुदाय से आती हूं। भारत अब 'विकसित भारत' की ओर अग्रसर है। वह (प्रधानमंत्री मोदी) इजरायली धरती पर कदम रखने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।"
पीएम मोदी को नेतनयाहू ने किया रिसीव
इजरायल दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी को प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट पर रिसीव किया। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगाया।
होशियारपुर केंद्रीय जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत
होशियारपुर केंद्रीय जेल से बुधवार को सरकारी अस्पताल ले जाते समय एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई, जिसके बाद उसके परिवार के सदस्यों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के कारण लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
ब्रिटेन ने डिजिटल यात्रा प्रणाली लागू की, भारतीयों के लिए ई वीजा अनिवार्य
ब्रिटेन में बुधवार से लागू हो रहे नये नियमों के तहत एक डिजिटल पारगमन प्रणाली शुरू हो रही है, जिसमें भारतीय यात्रियों के लिए अनिवार्य ई-वीजा और बिना वीजा वाले आगंतुकों के लिए इलेक्ट्रॉनिक यात्रा अनुमति (ईटीए) लेना शामिल है। हाल के वर्षों में चरणबद्ध तरीके से लागू किये गए इस कार्यक्रम के तहत नयी प्रक्रिया कागज आधारित वीजा 'स्टिकर' की जगह लेगी। हालांकि, नयी प्रणाली में बायोमेट्रिक पंजीकरण के लिए आवेदन केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से जाना आवश्यक होगा, लेकिन इससे प्रक्रिया अवधि के दौरान पासपोर्ट दस्तावेज छोड़ कर जाने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी।
राहुल गांधी और कांग्रेस भारत विरोधी ताकतों के हाथों की 'कठपुतली' की तरह काम कर रहे हैं: गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता और उनकी पार्टी देश की प्रगति को अस्थिर करने के लिए ''तुच्छ राजनीति'' कर रहे हैं और भारत विरोधी ताकतों के हाथों की ''कठपुतली'' की तरह काम कर रहे हैं। गोयल ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि गांधी परिवार 'कम्प्रोमाइज्ड' (समझौता कर चुका) परिवार है और कांग्रेस एक 'कम्प्रोमाइज्ड' राजनीतिक दल है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ''गांधी परिवार ने हमेशा देश के हितों से समझौता किया है और इसकी शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से हुई।'' गोयल ने आरोप लगाया कि गांधी ने भारत विरोधी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर ''राष्ट्र हित'' से समझौता किया है। उन्होंने कहा, ''गांधी नकारात्मक राजनीति का ''चेहरा'' बन गये हैं।''
क्रिकेट मैच ने भारत में महानगरों से इतर घरेलू यात्रा को बढ़ावा दिया: एयरबीएनबी
ऑनलाइन आवास सुविधा देने वाले मंच एयरबीएनबी ने कहा कि भारत में क्रिकेट आयोजनों ने घरेलू यात्रा को बढ़ावा दिया है। मंच ने कहा कि क्रिकेट मैच की मेजबानी करने वाले शहरों में मांग उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। एयरबीएनबी ने बयान में कहा कि क्रिकेट मैच आयोजनों के दौरान अहमदाबाद, रांची और तिरुवनंतपुरम जैसे महानगरों से इतर शहरों में ठहरने की स्थान की तलाश सालाना आधार पर काफी अधिक बढ़ गई। कंपनी ने कहा कि महानगरों के अलावा उभरते क्रिकेट केंद्रों में सबसे मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। रांची में सालाना आधार पर खोज में लगभग 120 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि तिरुवनंतपुरम के लिए यह आंकड़ा 110 प्रतिशत से अधिक रहा। जयपुर और लखनऊ में खोज में क्रमशः 70 प्रतिशत और 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई। इस समय भारत, श्रीलंका के साथ मिलकर आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। इसके बाद भारत की घरेलू लीग आईपीएल का आयोजन होगा। एयरबीएनबी के भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के प्रमुख अमनप्रीत सिंह बजाज ने कहा कि लोग अपनी यात्रा की अवधि बढ़ा रहे हैं, और गंतव्यों को अधिक गहराई से महसूस करने की कोशिश कर रहे हैं।
दो दिन के दौरे पर इजरायल पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर इजरायल पहुंचे। पीएम का 9 साल में यह दूसरा दौरा है। पीएम इजरायली संसद नेसेट में संबोधन देंगे।
राहुल गांधी का परिवार एक 'कम्प्रोमाइज्ड परिवार': पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी का परिवार एक 'कम्प्रोमाइज्ड परिवार' है और कांग्रेस एक 'कम्प्रोमाइज्ड' राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने हमेशा देश के हितों से समझौता किया, इसकी शुरुआत पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से हुई। राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति का ''चेहरा'' हैं और उन्होंने भारत विरोधी ताकतों से हाथ मिलाकर देश के हितों से समझौता किया है।
जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री ने भाई के आवास पर छापों को बदले की कार्रवाई बताया
जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने बुधवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में अपने भाई के आवास पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की छापेमारी के बाद उनका बचाव करते हुए कहा कि यह कार्रवाई बदले की भावना से की गई है। अधिकारियों ने बताया कि एसीबी ने बुधवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में जम्मू में चौधरी के भाई विजय सिंह के घर पर छापेमारी की।
इस्पात क्षेत्र के दिग्गज जतिंदर मेहरा का निधन
भारत के इस्पात और धातु उद्योग के दिग्गज जतिंदर मेहरा का 24 फरवरी को निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। मेहरा एस्सार ग्रुप के धातु एवं खनन प्रभाग में वाइस चेयरमैन के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने समूह के धातु एवं खनन व्यवसायों को रणनीतिक दिशा प्रदान की। उन्हें तकनीकी विशेषज्ञता, परिचालन नेतृत्व और बड़े औद्योगिक परियोजनाओं को आकार देने के उनके व्यापक अनुभव के लिए पहचाना जाता है। एस्सार समूह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, '' एस्सार परिवार, जतिंदर मेहरा जी के निधन से बेहद दुखी है। वह भारत के इस्पात उद्योग के सम्मानित दिग्गज थे जिनकी दूरदृष्टि ने एस्सार समूह की कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को दिशा दी।'' समूह ने कहा कि मेहरा ने कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं का नेतृत्व किया, विचारों को मूर्त रूप दिया और अपनी स्पष्ट सोच, प्रतिबद्धता एवं नेतृत्व से दलों को प्रेरित किया। एस्सार में अपने कार्यकाल के दौरान मेहरा ने हजीरा में इस्पात उत्पादन क्षमता के विस्तार और ओडिशा में प्रस्तावित पारादीप इस्पात संयंत्र सहित एकीकृत इस्पात परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व ने वैश्विक इस्पात क्षेत्र में समूह की उपस्थिति मजबूत करने में योगदान दिया। एस्सार से पहले मेहरा ने सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात उद्योग में कई वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। वह स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में कार्यकारी निदेशक रहे और बाद में राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं।
सौर कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट
अमेरिका के कुछ भारतीय सौर उत्पादों पर 125.87 प्रतिशत का प्रारंभिक प्रतिकारी शुल्क (काउंटरवेलिंग ड्यूटी) लगाए जाने की घोषणा के बाद सौर क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शेयर में बुधवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई पर वारी एनर्जीज लिमिटेड का शेयर 14.99 प्रतिशत लुढ़क गया जबकि प्रीमियर एनर्जीज लिमिटेड के शेयर में 14.23 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा, विक्रम सोलर लिमिटेड के शेयर में 7.47 प्रतिशत और स्टर्लिंग एंड विल्सन रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड में 1.41 प्रतिशत की गिरावट आई। अमेरिका ने आरोप लगाया है कि भारतीय सौर उत्पादों को सरकार द्वारा अनुचित सब्सिडी दी जा रही है जिसके कारण 125.87 प्रतिशत का प्रारंभिक प्रतिकारी शुल्क घोषित किया गया है। अमेरिकी आदेश के अनुसार, '' 24 फरवरी 2026 को अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने भारत, इंडोनेशिया और लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक (लाओस) से क्रिस्टलाइन सिलिकॉन फोटोवोल्टिक सेल, चाहे वे मॉड्यूल में संयोजित हों या नहीं (सोलर सेल), के संबंध में प्रतिकारी शुल्क जांच में अपने प्रारंभिक निष्कर्षों की घोषणा की।'' ये शुल्क अमेरिकी प्रशासन द्वारा 24 फरवरी से सभी देशों पर घोषित 10 प्रतिशत शुल्क के अतिरिक्त हैं।
योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा के पहले दिन 11 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा के पहले दिन बुधवार को विभिन्न जापानी कंपनियों के साथ करीब 11 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। राज्य सरकार द्वारा लखनऊ में जारी बयान के मुताबिक इन जापानी कंपनियों में कुबोता कारपोरेशन, मिंडा कारपोरेशन, जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री, नागासे एंड कंपनी लिमिटेड, सीको एडवांस, ओएंडओ ग्रुप, फूजी जैपनीज जेवी और फूजीसिल्वरटेक कंक्रीट प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। बयान के अनुसार ये समझौते कृषि यंत्र विनिर्माण, औद्योगिक मशीनरी विनिर्माण, जल व पर्यावरण अवसंरचना समाधान, मोटर वाहन, इलेक्ट्रॉनिक, औद्योगिक प्रिंटिंग एवं ग्राफिक्स, आतिथ्य एवं रियल एस्टेट जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़े हैं। इससे विनिर्माण क्षमता के विस्तार और औद्योगिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुनवाई पर रोक
उच्चतम न्यायालय ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुनवाई पर रोक लगाई। उच्चतम न्यायालय ने धन शोधन के मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बार-बार भेजे गए समन को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर ईडी से जवाब मांगा।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने जापान की कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश का दिया न्योता
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान की कंपनियों को राज्य में निवेश करने के लिए बुधवार को आमंत्रित किया। राज्य सरकार की ओर से लखनऊ में जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने जापान की राजधानी तोक्यो में 'उत्तर प्रदेश निवेश रोड शो' को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य, भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। इसने पिछले नौ वर्ष में अपने सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना किया है।
आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ LIVE: ठाणे में विदेशियों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़
ठाणे पुलिस ने सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर विदेशी नागरिकों, विशेषकर अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त (अंबरनाथ प्रभाग) शैलेश काले ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मंगलवार देर रात ठाणे जिले के अंबरनाथ इलाके में स्थित एक व्यावसायिक केंद्र में छापा मारकर कॉल सेंटर के मालिक सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। अधिकारी ने बताया कि यह फर्जी कॉल सेंटर सॉफ्टवेयर सेवाएं प्रदान करने की आड़ में संचालित किया जा रहा था। कॉल सेंटर के कर्मचारी विदेशी नागरिकों, खासकर अमेरिका के लोगों को निशाना बनाते थे। वे फोन के जरिए उनसे संपर्क कर सॉफ्टवेयर सेवाओं के आकर्षक प्रस्ताव देते और विभिन्न माध्यमों से उनसे धन वसूलते थे। पुलिस को अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गई। तलाशी अभियान बुधवार सुबह तक जारी रहा। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सैयद ने बताया कि कर्मचारी रोजाना सैकड़ों विदेशी नंबरों पर कॉल करते थे और कुछ लोगों को ठगने में सफल हो जाते थे।
राजस्थान : धौलपुर जिले में पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को धौलपुर जिले में एक पटवारी को 50,000 रुपए की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इसके अनुसार, पटवार हल्का बसई सामन्ता के पटवारी बीरेन्द्र कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो के एक बयान के मुताबिक, परिवादी ने शिकायत दी थी कि जमीन का नामान्तरण दर्ज करने की एवज में आरोपी पटवारी बीरेन्द्र कुमार 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। टीम ने बुधवार को जाल बिछाया और आरोपी पटवारी को रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में आगे जांच व कार्रवाई की जा रही है।
राजस्थान में आज कैसा है मौसम?
राजस्थान में मौसम में बदलाव के साथ दिन का तापमान बढ़ने लगा है और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके अनुसार, बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान लूणकरनसर में 10.5 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है जिनमें अजमेर, अलवर, जयपुर, पिलानी, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर व चुरू शामिल है।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दिल्ली का नाम बदलकर 'इंद्रप्रस्थ' करने की मांग की है।
पत्र में लिखा गया है, ''इस प्रकार ‘दिल्ली’ नाम शहर के सीमित ऐतिहासिक कालखंड को दिखाता है जबकि इसकी गहरी और स्थायी विरासत इससे कहीं ज्यादा प्राचीन है। ‘इंद्रप्रस्थ’ नाम की पुनर्स्थापना से आधुनिक भारत की राजधानी को उसकी प्राचीन सभ्यतागत नींव से दोबारा जोड़ा जा सकेगा। यह इस बात का प्रतीक होगा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की राजधानी मानवता की सबसे प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं में से एक की विरासत पर स्थापित है।''
टेलीग्राम के फाउंडर के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू
टेलीग्राम ऐप के संस्थापक पावेल डुरोव ने मंगलवार को दावा किया कि रूस की सरकार ने उनके खिलाफ "आतंकवादी गतिविधियों में सहायता करने" के आरोप में आपराधिक जांच शुरू की है। रूस में जन्मे और इसी देश में अपना कॅरियर शुरू करने वाले डुरोव ने मॉस्को पर आरोप लगाया कि वह टेलीग्राम तक रूसी नागरिकों की पहुंच सीमित करने के लिए मनगढ़ंत बहाने बना रहा है। रूसी मीडिया में इससे पहले अपुष्ट खबरें आई थीं कि रूस की संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने डुरोव के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू कर दी है।
आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ LIVE: दिल्ली में सुबह-सुबह गर्मी का अहसास, कैसा रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह की शुरुआत गर्म मौसम से हुई और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 0.1 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और आसमान के साफ रहने का पूर्वानुमान है। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है, जबकि रिज में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। इन केंद्रों पर सुबह साढ़े आठ बजे तक कोई बारिश दर्ज नहीं की गई। दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 237 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच 'एक्यूआई' को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
देश के बाकी हिस्सों से पहले ही ब्रज क्षेत्र में होली का खुमार चरम पर पहुंच गया है। मथुरा, वृन्दावन, बरसाना, नन्दगांव, गोकुल, महावन और बलदेव समेत समूचे ब्रज में हर तरफ रंग-गुलाल के साथ राधा और कृष्ण के अलौकिक प्रेम की छटा देखने का मिल रही है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी नाचते, गाते हुए रंगों के उत्सव का आनंद लेते देखा जा सकता है। बरसाना व नन्दगांव की प्रसिद्ध लठामार होली भी आकर्षण का केंद्र है। फाल्गुन शुक्ल नवमी के दिन (25 फरवरी को) बरसाना में, तो दशमी के दिन (26 फरवरी) नन्दगांव में दोनों स्थानों के 'हुरियारे' एक-दूसरे के गांव में जाकर लठामार होली खेलते हैं। वृन्दावन के भी सभी मंदिरों में ठाकुरजी यानी भगवान श्रीकृष्ण के विग्रहों के संग गुलाल की होली खेली जा रही है। रंगभरनी एकादशी (27 फरवरी) से वृन्दावन के बांकेबिहारी मंदिर, राधा वल्लभ लाल, राधा रमण, राधा दामोदर, कृष्ण बलराम आदि सभी मंदिरों में टेसू के फूलों से बने रंगों से होली की शुरुआत हो जाएगी। तब से दर्शन करने आने वाले भक्तों पर प्रसाद रूप में यही रंग बरसाया जाएगा।
आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ LIVE: तीन दिन के बिहार दौरे पर रवाना हुए अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार से बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाह राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित सीमांचल क्षेत्र का दौरा करेंगे, जिसकी सीमाएं पश्चिम बंगाल और नेपाल से लगती हैं, और जहां अल्पसंख्यक आबादी काफी है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के अनुसार, गृह मंत्री अपने दौरे में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें प्रभावी सीमा प्रबंधन के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जाएगी। डीजीपी ने संवाददाताओं से कहा, ''संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। चर्चा का एजेंडा सीमा प्रबंधन, विशेषकर नेपाल सीमा, तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उपायों पर केंद्रित रहने की संभावना है।'' शाह बुधवार अपराह्न पूर्णिया हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे किशनगंज जाएंगे। अधिकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को गृह मंत्री पड़ोसी अररिया जिले का दौरा करेंगे, जहां वह नेपाल सीमा का निरीक्षण कर सकते हैं और सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। शाम को उनके पूर्णिया लौटने का कार्यक्रम है।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलने के लिए उत्साहित हूं: पीएम मोदी
PM मोदी ने इजराइल रवाना होने से पहले अपने बयान में कहा कि प्रिय मित्र बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर मैं 25 से 26 फरवरी तक इजराइल की यात्रा पर रहूंगा।मुझे इजराइल की संसद नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होने का गौरव प्राप्त होगा; यह दोनों देशों को जोड़ने वाले मजबूत लोकतांत्रिक संबंधों के प्रति सम्मान होगा। भारत और इजराइल एक मजबूत, बहुआयामी रणनीतिक भागीदारी साझा करते हैं जिसमें हाल के वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि और गतिशीलता देखी गई है। मैं प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ अपनी बातचीत को लेकर आशान्वित हूं जिनका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और अधिक मजबूत करना है। मैं भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करने को लेकर उत्साहित हूं जो लंबे समय से भारत-इजराइल की मित्रता को पोषित कर रहे हैं।

