पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गयी है। दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक ठंड, कोहरे और बारिश का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले 72 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। दिल्ली एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग की माने तो दिल्ली एनसीआर में तीन दिन लगातार बारिश होगी जिसकी वजह से तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ जाएगी। कई जगहों पर घना कोहरा भी देखने को मिलेगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 30 जनवरी को दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से 31 जनवरी से लेकर 2 फरवरी तक लगातार दिल्ली एनसीआर में बारिश देखने को मिलेगी। 31 जनवरी और 1 फरवरी के लिए बारिश के साथ ही घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेगी।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के चलते सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई बर्फबारी के परिणामस्वरूप तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित लगभग 655 सड़कें अभी भी यातायात के लिए अवरुद्ध हैं, जिससे सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। इस बीच, राज्य के ऊंचे इलाकों जैसे किन्नौर और लाहौल, स्पीति में हल्की बर्फबारी और बारिश हुई जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम अधिकतर साफ रहा। मौसम विभाग ने 30 जनवरी को राज्य के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। साथ ही, 31 जनवरी से 3 फरवरी तक राज्य में भारी बर्फबारी और बारिश का एक और दौर आने की संभावना जताई है और 1 फरवरी के लिए भारी बर्फबारी और बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।

पढ़ें- दिल्ली में ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत

कश्मीर में भीषण ठंड

कश्मीर में भीषण ठंड पड़ रही है क्योंकि अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से कई डिग्री नीचे चला गया। ‘चिल्ला-ए-कलां’ जो 40 दिन की अत्यधिक ठंड की अवधि होती है, अब समाप्त होने वाली है जिसके दौरान रात का तापमान अक्सर फ्रीजिंग पॉइंट से कई डिग्री नीचे गिर जाता है। 21 दिसंबर 2025 को शुरू हुआ ‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी 2026 को समाप्त होगा। हालांकि, इसके बाद भी ठंड का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि 31 जनवरी तक मौसम बादल छाए रहने के साथ-साथ शुष्क रहेगा। विभाग ने कहा कि 1 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे एक बार फिर बारिश का दौर आ सकता है।

राजस्थान के कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी जारी है जहां बृहस्पतिवार सुबह कई जगह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में घने कोहरे और सर्दी का दौर अभी जारी रहेगा। वहीं एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 31 जनवरी और 1 फरवरी को राज्य के उत्तरी और पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

पढ़ें-  11,000 फीट पर फंसे 20 जवान