दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर को भारी बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन राजधानी और आसपास के शहरों के कई हिस्सों में यातायात बाधित हो गया। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने खराब मौसम को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मुंबई के लिए मंगलवार को भारतीय मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी, नगर निगम, निजी स्कूलों और कॉलेजों को मंगलवार को बंद रखा गया है।
बीएमसी ने मुंबई के लोगों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और दिए गए निर्देशों का पालन जरूर करें।
बीएमसी ने अपील की है कि पेड़ों-बिजली के खंभों, होर्डिंग और जर्जर इमारतों से दूर रहें। पेड़ों के नीचे वाहन पार्क ना करें। समुद्र के आसपास वाले इलाकों से दूर रहें और मौसम संबंधी किसी भी अपडेट के लिए मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें।
महाराष्ट्र सरकार ने प्राइवेट दफ्तरों से कहा है कि वह कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दें। इससे पहले सोमवार को भी भारी बारिश की वजह से मुंबई के लोगों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। भारी बारिश के कारण सड़कों में पानी भर गया और पेड़ उखड़ गए।
मंगलवार को दिल्ली के साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी तेज हवाएं चली और उसके बाद बारिश हुई। बारिश होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए भी मौसम विभाग ने रेड, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
बात करें पहाड़ी राज्यों की तो उत्तराखंड के पिथौरागढ़, नैनीताल, हरिद्वार, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में 10 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं और बारिश की संभावना
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, दार्जिलिंग, कूचबिहार और उत्तर-दक्षिण 24 परगना में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार, कई बड़े शहरों में तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन तेज बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
झारखंड के रांची, पलामू, देवघर, दुमका, गढ़वा, हजारीबाग और कई अन्य जिलों में भारी बारिश और 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चलने की संभावना है।
यूपी के इन जिलों के लिए बारश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मथुरा, बुलंदशहर, अलीगढ़, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार मे कल कैसा रहेगा मौसम
बिहार में 8 जुलाई को मौसम में काफी हलचल देखने को मिलेगी। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी जारी की गई है।
आईएमडी ने देशभर के लिए जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 जुलाई तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश
छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह से एक्टिव है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। अगले 24 घंटों में भी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर को भारी बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन राजधानी और आसपास के शहरों के कई हिस्सों में यातायात बाधित हो गया। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने खराब मौसम को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
जम्मू कश्मीर: बाढ़ से कई घरों, दुकानों और गाड़ियों को नुकसान
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से थाथरी शहर का ऊपरी इलाका प्रभावित हुआ है। बाढ़ से कई घरों, दुकानों और गाड़ियों को नुकसान हुआ है। पहाड़ी इलाके में हुई भारी बारिश के बाद डोडा और किश्तवाड़ जिलों में पिछले दो दिनों में अचानक बाढ़ आने की यह तीसरी घटना है।
दिल्ली-नोएडा के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश, उमस से मिली राहत
मंगलवार को दिल्ली-नोएडा के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश होने की वजह से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। दिल्ली में बीते दिनों बारिश हुई थी लेकिन नोएडा में लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
वायनाड सुरंग परियोजना स्थल पर भूस्खलन
वायनाड में मेप्पाडी के पास कल्लाडी में मंगलवार को बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ और कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
दिल्ली में बारिश होने की संभावना, 'येलो अलर्ट' जारी
दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.1 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है।
ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
महज 24 घंटे में रिकॉर्ड 600 मिलीमीटर बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर कर्जत-लोनावला घाट खंड में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ जिसके कारण पिछले दो दिन में रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित है।
गुजरात : आईएमडी की बहुत ज्यादा बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने मंगलवार के लिए गुजरात के कई जिलों में भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र के कई स्थानों तथा दक्षिण गुजरात के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में सोमवार को भी मूसलाधार बारिश हुई।
'मिसिंग लिंक' पर शुरू हुआ यातायात
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' बाईपास खंड पर मुंबई की ओर जाने वाले रास्ते पर यातायात सोमवार रात को फिर से शुरू कर दिया गया। भारी बारिश के कारण रात में हुए भूस्खलन के कारण यह रास्ता 18 घंटे से अधिक समय तक बंद रहा था।
घने बादल छाए और तेज हवाएं चलीं
मुंबई में मंगलवार को सुबह घने बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। मौसम विज्ञान विभाग ने शहर में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताते हुए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ों में भी हो सकती है भारी बारिश
बात करें पहाड़ी राज्यों की तो उत्तराखंड में 7 से 9 जुलाई तक बागेश्वर, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जैसे जिलों में भी 60 से 70 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश के इन जिलों के लिए भी चेतावनी
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, सागर, देवास और शहडोल सहित कई जिलों में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।
महाराष्ट्र के इन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट
महाराष्ट्र के नासिक, पुणे, सतारा और रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पालघर, ठाणे, रत्नागिरी और कोल्हापुर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
बिहार झारखंड को लेकर IMD ने जारी किया पूर्वानुमान
बिहार में 60 से 65 किमी/घंटा और झारखंड में करीब 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी है।
दिल्ली-एनसीआर और यूपी को लेकर भी जारी IMD ने अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई को उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर सहित देश के 21 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 7 जुलाई को भी शहर में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने और तटीय क्षेत्रों में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में भी बारिश को लेकर IMD का अलर्ट
राजस्थान में लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने कल यानी 7 जुलाई को पाली, सीकर, अलवर, चुरू, जयपुर, नागौर, बूंदी, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़ और अजमेर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासनिक विफलता के चलते हुई मौतें - कांग्रेस
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुंबई क्षेत्र में बारिश से हुई 12 मौतें प्राकृतिक आपदा नहीं बल्कि "प्रशासनिक विफलता" और "मानव निर्मित आपदा" का परिणाम हैं।
Dilli ka Mausam LIVE: दिल्ली के नारायणा में बारिश
दिल्ली के नारायणा में बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली एनसीआर के आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह/दोपहर से पहले कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी-तूफान/बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
Mumbai ka Mausam LIVE: भारी बारिश से पश्चिम रेलवे का परिचालन ठप
मुंबई और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश के बाद पटरियों के जलमग्न होने से सोमवार को पश्चिम रेलवे का परिचालन पूरी तरह चरमरा गया। इसके कारण लंबी दूरी की 20 से अधिक ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
ट्रेन सेवाओं के निरस्त होने, उनके मार्ग में परिवर्तन तथा विलंब के कारण 40 से अधिक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके मद्देनजर रेल प्रशासन ने फंसे हुए यात्रियों की सहायता के लिए राहत कार्य तेज करने के साथ ही मुंबई-अहमदाबाद मुख्य रेलमार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, वसई रोड-विरार और सफाले-पालघर रेलखंडों के बीच भारी जलभराव के कारण ट्रेनों की आवाजाही पर सबसे बुरा असर पड़ा है।
Aaj Ka Mausam LIVE: अब तक हो चुकी है 13 लोगों की मौत - मंत्री गिरीश महाजन
महाराष्ट्र में बारिश और आंधी-तूफान से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इसको लेकर मंत्री गिरीश महाजन ने कहा है कि पिछले तीन से चार दिनों में 13 लोगों की मौत हुई है। मुंबई, पालघर, रायगढ़ में रिकॉर्ड बारिश ने लोगों की मुश्किलों को प्रभावित कर दिया है।
मुंबई में भारी बारिश होने से उड़ानें प्रभावित; नागपुर के विधायक हवाई अड्डे पर फंसे
मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित होने से नागपुर के एक मंत्री और कई विधायक शहर के हवाई अड्डे पर ही फंस गए और सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के लिए मुंबई नहीं पहुंच सके।
इससे पहले दिन में खराब मौसम के चलते उड़ानें रद्द होने के कारण राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और कई विधायकों को अपनी यात्रा योजनाएं रद्द करनी पड़ीं। मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बाद राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में मानसून सत्र को स्थगित कर दिया गया।
ओडिशा में भारी बारिश, कुछ जिलों में स्कूल बंद
ओडिशा में सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश होती रही। बारिश के मद्देनजर राज्य सरकार ने पूरे राज्य को अलर्ट पर रखा है। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सात जुलाई तक और वर्षा होने का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारी बारिश के मद्देनजर कई जिला प्रशासनों ने सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने की घोषणा की है। राजस्व विभाग के अनुसार, कटक, कंधमाल, संबलपुर, सोनपुर और बरगढ़ जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रहे।
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश
माचल प्रदेश के कई हिस्सों में रातभर मध्यम से भारी बारिश हुई जिससे चंबा और कुल्लू जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि चंबा जिले के चुराह उपमंडल में पंगोला नाले में अचानक आई बाढ़ के कारण चंबा-तिस्सा मार्ग बंद हो गया। वहीं, कुल्लू जिले के लारजी-सैंज मार्ग पर पागल नाले में बाढ़ आने से यातायात प्रभावित हुआ।
