देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और गुरुवार, 9 जुलाई को भी कई राज्यों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में बुधवार देर रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, भारी वर्षा ने राजधानी की रफ्तार भी थाम दी। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है। विकास मार्ग, मुनिरका, द्वारका, सदर बाजार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पूर्वी दिल्ली और दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे समेत कई इलाकों में जलभराव होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कई प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला, जबकि सोशल मीडिया पर लोगों ने जलभराव की तस्वीरें साझा कर प्रशासन से जल्द राहत की मांग की। उधर, मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भी मानसूनी बारिश जारी है। हालांकि कुछ इलाकों में बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना है, लेकिन निचले क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में आज मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों व एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। कई राज्यों में स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है और संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार गांव में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया
दिल्ली में मॉनसून की बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार गांव में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को पानी की सही निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। दिल्ली में मॉनसून की भारी बारिश के बीच, दिल्ली सरकार और सभी संबंधित विभाग जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बहुत तेज़ी से काम कर रहे हैं।
ठाणे जिले में बारिश संबंधी हादसों में तीन की मौत
ठाणे जिले में पिछले एक सप्ताह में मानसून संबंधी हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और करीब 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं, मौसम से जुड़ी ताजा घटना में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोग घायल हो गए।
दिल्ली में भारी बारिश और आंधी-बिजली की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को भारी बारिश के लगातार जारी रहने और आंधी आने तथा बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं लोधी रोड में 80.2 मिमी, रिज में 77.8 मिमी, पालम में 63 मिमी और आयानगर में 57.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम रहा।
राजस्थान के कई इलाकों में अति भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता से गुरुवार को राज्य में कई जगह अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। राज्य के कुछ भागों में आगामी कुछ दिन मानसून सक्रिय रहने व 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज बृहस्पतिवार को राज्य के कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है। शेष अधिकतर भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार के लिए राज्य के तीन जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। आईएमडी ने बृहस्पतिवार के लिए एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड सहित छह अन्य जिलों में भी 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
दिल्ली एनसीआर में अगले 24 घंटे तेज बारिश की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से निकलने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत कई शहरों में मूसलाधार बारिश
हरियाणा में तीन दिन से जारी भारी बारिश से गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत कई शहरों में जलभराव की स्थिति है। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज, जबकि झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, पलवल समेत अन्य जिलों में यलो अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से कच्चे और पुराने घरों पर आफत टूट पड़ी है। राज्य के हापुड में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश में मकान की छत गिरने से पिता और बेटा छत के मलबे में दब गए थे। पिता की मौत हो गई और बेटा घायल हो गया है।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें पानी में डूबीं
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण इंदिरापुरम इलाके में जलभराव हो गया, जिससे रोजाना आने-जाने वालों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं।
https://twitter.com/ANINewsUP/status/2075077752856944901?s=20
अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में भूस्खलन में दो लोगों की मौत
अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में तेजू के पास शिवाजी नगर इलाके में लगातार हो रही बारिश के चलते हुए भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए हैं।
अक्षरधाम मंदिर के पास NH-24 पर ट्रैफिक जाम
दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 (NH-24) पर ट्रैफिक जाम लग गया। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है।
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ इमारत गिरी, मलबे से एक व्यक्ति को बचाया गया
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके में एक इमारत गिरने के बाद, एनडीआरएफ की टीम स्निफर डॉग्स के साथ मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चला रही है। मलबे से एक व्यक्ति को बचाया गया, अस्पताल भेजा गया।
देहरादून समेत कई शहरों में भारी बारिश जारी
उत्तराखंड के देहरादून समेत कई शहरों में भारी बारिश हो रही है। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
https://twitter.com/ANINewsUP/status/2075081500048171319?s=20
लोनावाला-कर्जत घाट में भूस्खलन और बहाली कार्य जारी रहने के कारण मध्य रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द कीं
सेंट्रल रेलवे ने लोनावला-करजत घाट सेक्शन में हुए बड़े भूस्खलन के बाद चल रहे युद्ध स्तर के मरम्मत कार्यों के कारण 9 और 10 जुलाई को कई ट्रेनों के रद्द, पुनर्निर्धारित और आंशिक रूप से संचालित होने की जानकारी दी है। अधिकारियों के अनुसार, तीन लाइन वाले घाट सेक्शन की बीच वाली लाइन को 7 जुलाई की शाम सुरक्षित घोषित कर दिया गया था, जबकि बाकी दो लाइनों को बहाल करने का काम अभी महत्वपूर्ण चरण में है। रेलवे ने प्रभावित 6 किलोमीटर हिस्से में से अप लाइन का एक भाग बहाल कर लिया है। तकनीकी कार्यों के चलते 9 जुलाई को 12124 पुणे-सीएसएमटी डेक्कन क्वीन, 12123 सीएसएमटी-पुणे डेक्कन क्वीन, 11007 सीएसएमटी-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस, 11008 पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस, 12127 सीएसएमटी-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, 12128 पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस और 11042 साईनगर शिरडी-दादर एक्सप्रेस रद्द रहेंगी, जबकि 10 जुलाई को 11027 दादर-सतारा एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसके अलावा 9 जुलाई की 11301 सीएसएमटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस अब सीएसएमटी की जगह पुणे से चलेगी। वहीं सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस, हडपसर-नांदेड एक्सप्रेस, पुणे-एर्नाकुलम एक्सप्रेस और पुणे-अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है और वे गुरुवार सुबह देरी से रवाना होंगी।
दिल्ली में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरे
दिल्ली में गुरुवार की भोर से हो रही लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों के आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। पेड़ों के गिरने से कई जगह जाम लग गया।
टिहरी गढ़वाल में नेशनल हाईवे 707A पर कड्डूखाल के पास भूस्खलन
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में नेशनल हाईवे 707A पर कड्डूखाल के पास भूस्खलन हुआ। इसमें एक पुरानी खाली इमारत को नुकसान पहुंचा। खतरे को देखते हुए पहले ही दो रेस्तरां, सड़क किनारे की दुकानें और मजदूरों की झोपड़ियां खाली करा ली गई थीं। बताया जा रहा है कि होटल निर्माण के लिए की जा रही खुदाई से यह घटना हुई। हादसे में किसी के हताहत होने या मवेशियों के नुकसान की खबर नहीं है।
मरीन ड्राइव से समुद्र की ऊंची लहरें टकराईं
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मरीन ड्राइव से समुद्र की ऊंची लहरें टकराईं।
गाजियाबाद में आज नर्सरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई बंद रहेगी
गाजियाबाद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर आज जिले के सभी स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई बंद रहेगी। हालांकि, स्कूलों के कार्यालय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
भारी बारिश से गाजियाबाद में जलभराव
यूपी के गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया है। यह शास्त्रीनगर इलाके की तस्वीरें हैं।
NDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी- इमारत गिरने पर बोले म्युनिसिपल कमिश्नर
पिंपरी-चिंचवड़ म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. विजय सूर्यवंशी ने कहा, "पिंपरी-चिंचवड़ म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के मोशी स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट में कचरे का एक बहुत बड़ा ढेर (जिसे SLF या सैनिटरी लैंडफिल कहा जाता है) था, जो प्लांट की तीन मंज़िला एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग से लगभग 30 मीटर दूर था। पिछले दो-तीन दिनों में 400 मिमी से अधिक भारी बारिश के बाद, कचरे का यह ढेर लैंडस्लाइड की तरह ढह गया और बिल्डिंग पर गिर पड़ा। उस समय बिल्डिंग के अंदर लगभग 20 लोग मौजूद थे। उनमें से चार लोग खुद बाहर निकलने में कामयाब रहे। लगभग पंद्रह लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं; हालांकि, उनसे संपर्क हो गया है। हमारे फायर ब्रिगेड के कर्मचारी उनसे बातचीत कर रहे हैं और उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। NDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। हमारी फायर ब्रिगेड टीम पहले से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है और सेना की एक टीम भी रास्ते में है। जहां तक हताहतों की बात है, तो अभी तक किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं है।"
सूरत में बचाव कार्य जारी
एसडीआरएफ ने सूरत के पांडेसरा इलाके के कृष्णानगर और गढ़ा नगर में बचाव अभियान चलाया क्योंकि शहर में लगातार बारिश के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ आ गई है।
बंगाल के कुछ जिलों में शुक्रवार तक बहुत भारी बारिश की संभावना: मौसम विभाग
पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में अगले दो दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश तथा इसके बाद 13 जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों के निचले हिस्सों में जलभराव की आशंका बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में शुक्रवार सुबह तक भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट
IMD ने राजधानी नई दिल्ली में दिन में और अधिक बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना को देखते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने, बादल गरजने, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
Aaj ka Mausam LIVE: उल्हास नदी में उफान की वजह से नेरल-कर्जत रेल खंड करीब एक घंटे तक बाधित
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में उल्हास नदी में उफान और पटरियों पर जल जमाव की वजह से नेरल और कर्जत स्टेशन के बीच ट्रेन सेवाएं बुधवार को करीब एक घंटे तक बाधित रहीं।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि पूर्वाह्न 10.40 बजे से 11.32 बजे के बीच दोनों दिशाओं में किसी भी रेलगाड़ी का परिचालन नहीं हो पाया।
स्वप्निल नीला ने बताया कि जलसंग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण उल्हास नदी सुबह 9.30 बजे से ही खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। उन्होंने बताया कि इसी वजह से रेल पटरियों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
नासिक में भारी बारिश की वजह से गोदावरी नदी उफान पर
महाराष्ट्र के नासिक में भारी बारिश की वजह से गोदावरी नदी उफान पर है। नासिक के पुलिस कमिश्नर संदीप कार्निक ने हालात का जायजा लेने के बाद नागरिकों से अपील की कि वे घाटों के पास न जाएं। उन्होंने कहा, "डैम से पानी छोड़े बिना भी नदी में पानी का बहाव तेज है। कुछ जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया है और बारिश का पानी घरों में घुस गया है। डिजास्टर मैनेजमेंट, होम गार्ड और पुलिस को तैनात किया गया है। डिजास्टर कंट्रोल रूम हर घंटे हालात पर नज़र रख रहा है। मैं नागरिकों से अपील करता हूं कि वे घाट वाले इलाकों में न जाएं।"
महाराष्ट्र में लगातार बारिश से सड़कों पर हालात बिगड़े
महाराष्ट्र के नालासोपारा-विरार इलाके में लगातार हो रही बारिश के बीच लोग बुरी तरह जलमग्न सड़कों से होकर गुजर रहे हैं।
दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ अच्छा
दिल्ली में बुधवार को हुई तेज बारिश से मौसम अच्छा हो गया है। तापमान भी कम हो गया है।
गुरुग्राम में जलजमाव से ट्रैफिक जाम
हरियाणा के गुरुग्राम में भारी बारिश हुए जलजमाव के चलते सोहना रोड पर ट्रैफिक जाम हो गया। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी हुई।
मुंबई में बारिश की वजह से ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मुंबई में भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ा है। वेस्टर्न रेलवे के CPRO विनीत अभिषेक ने बताया कि चर्चगेट और विरार के बीच, और विरार से दहानू रोड के बीच सेवाएं चल रही हैं। मुख्य समस्या नालासोपारा इलाके में है। उन्होंने बताया कि वसई रोड, नालासोपारा और विरार के बीच जलभराव के कारण ट्रेनें धीमी गति से चल रही हैं। कनेक्टिविटी की कोई समस्या नहीं है, लेकिन ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं।
नोएडा में तेज बारिश शुरू
दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में बुधवार दोपहर तेज बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम अच्छा हो गया है। तापमान में गिरावट से लोगों को तीखी गर्मी से राहत मिली है।

