Sonam Wangchuk News: दिल्ली पुलिस पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के धरनास्थल से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। इसके बाद अब वांगचुक ने अस्पताल से एक मैसेज जारी किया है। इसमें उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल होने की अपील की है।

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “20 जुलाई, आजादी का दूसरा आंदोलन भय मुक्त भारत, अन्याय मुक्त भारत, अन्याय से आजादी (जैसे पेपर लीक) डर से आजादी (मेरी गैर-कानूनी हिरासत) भारत का दूसरा आजादी का आंदोलन, संसद तक मार्च। कृपया इसे बड़ी सफलता बनाएं।” यह मैसेज सफदरजंग अस्‍पताल से वांगचुक की पत्नी गीतांजलि के माध्यम से भेजा गया है।

संसद मार्च के लिए अपनी ऊर्जा बचा रहे- अभिजीत दीपके

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि वह सोमवार को होने वाले संसद मार्च के लिए अपनी ऊर्जा बचा रहे हैं। उन्होंने जंतर-मंतर पर जुटे समर्थकों से कहा कि मैं कल के मार्च के लिए अपनी ताकत बचाकर रखूंगा। उन्होंने आगे कहा कि यह आंदोलन एक बेहद अहम मोड़ पर पहुंच चुका है, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि यह प्रदर्शन कल तक खत्म न हो।

सोमवार को होने वाले सीजेपी के संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर के आसपास 100 से ज्यादा जवानों और रैपिड एक्शन फोर्स की टुकड़ियों को तैनात कर दिया गया है।

सीजेपी ने संसद मार्च का ऐलान किया

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जुलाई को मानसून सत्र के पहले दिन संसद मार्च का ऐलान कर रखा है। सीजेपी फाउंडर दीपके ने कहा कि संसद मार्च हर हाल में होगा। वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने दावा किया कि वांगचुक भी मार्च में आएंगे।

हालांकि, पुलिस के मुताबिक सीजेपी ने मार्च की इजाजत नहीं ली है। अब आवेदन किया तो भी अनुमति मिलने के भी आसार कम है। संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली जिले, खासकर संसद व इंडिया गेट के आसपास बीएनएस की धारा 163 लागू होती है। बिना अनुमति मार्च करने वाले हिरासत में लिए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘भाजपा सरकार नहीं, अहंकार है’, वांगचुक के मुद्दे पर मानसून सत्र से पहले कांग्रेस-AAP समेत पूरा विपक्ष एकजुट

संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले आपसी फूट और नेताओं के पाला बदलने से जूझ रहे विपक्ष ने शनिवार को एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। यह विरोध कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर पर चल रहे उनके प्रदर्शन स्थल से सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने को लेकर था। इससे संकेत पूरी तरह से साफ था कि सोमवार को जब सदन की कार्यवाही शुरू होगी, तो यह मुद्दा वहां पर भी गूंजेगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…