ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 143वीं बोर्ड बैठक में शहरी विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में 6048 करोड़ रुपए के बजट के साथ सभी प्रकार के आबंटन दरों में 3.58 फीसद बढ़ोतरी को स्वीकृति दी गई। बोर्ड ने आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मास्टर प्लान 2041 में शामिल किया है।
इसके तहत 105 मीटर सड़क को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लगभग 15 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जो हापुड़ बाइपास से गंगा एक्सप्रेसवे तक बनेगी। जिससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा से एक्सप्रेसवे तक यात्रा समय घटकर 30 से 45 मिनट रह जाएगा। इसके अलावा मल्टी माडल लाजिस्टिक हब से डब्ल्यूडीएफसी (डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर) के समानांतर छह लेन का उपरिगामी मार्ग भी बनाया जाएगा, जिससे औद्योगिक इकाइयों का माल नोएडा हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल तक आसानी से पहुंच सकेगा।
साथ ही, बहुमंजिला इमारतों में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से हाइड्रोलिक प्लेटफार्म खरीदने का निर्णय लिया गया। वहीं परी चौक, नालेज पार्क, एक्सपो मार्ट और पी-3 गोलचक्कर और उसके आसपास के क्षेत्रों को यातायात जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण आइआइटी दिल्ली की मदद लेगा। साथ ही निर्माण के दौरान आइआइटी दिल्ली ही परियोजना की निगरानी भी करेगी।
इसके अलावा,ग्रेनो के सेक्टर टेकजोन में मेघालय भवन बनने का रास्ता साफ हो गया है। बोर्ड ने मेघालय सरकार को आठ हजार वर्ग मीटर जमीन आबंटित करने पर मुहर लगा दी है। नोएडा-ग्रेनो प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक कुमार की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष में 2026-27 में 6048 करोड़ रुपए की आमदनी और इतनी ही धनराशि के व्यय का अनुमान लगाया गया है। जिसमें सर्वाधिक जोर जमीन अधिग्रहण, ग्रामीण विकास एवं निर्माण कार्यों पर है, जिस पर करीब 5294 करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य है।
बोर्ड बैठक में बहुमंजिला फ्लैटों के आबंटियों के लिए बकाया प्रीमियम व लीज डीड के विलंब शुल्क के ब्याज पर राहत देने लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को मंजूरी दे दी गई है। यह ओटीएस कार्यालय आदेश जारी होने की तिथि से छह माह के लिए लागू होगी। प्राधिकरण सेक्टर ईकोटेक-10 में उद्योगों के लिए 220 केवी सबस्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 8945 वर्ग मीटर जमीन आरक्षित की गई है। एनडीआरफ के लिए सेक्टर ओमीक्रान वन ए स्थित बहुमंजिला इमारत में 20 एलआइजी व दस एमआइजी फ्लैट किराए पर देने की अनुमति प्रदान कर दी है।
ग्रेनो के चार मार्गों पर चलेंगी 15 ईवी बसें
ग्रेनो में सिटी बस सेवा के रूप में 15 विद्युत चालित बसें चार मार्गों पर चलाने को मंजूरी दे दी है। इन बसों का संचालन यूपी रोडवेज करेगा। फिलहाल छह माह के लिए इसे शुरू किया जा रहा है। पहला मार्ग चार मूर्ति चौक से सूरजपुर टी प्वाइंट और परी चौक होते हुए जेवर हवाई अड्डे तक होगा। इस मार्ग पर चार बसें चलेंगी। दूसरा मार्ग चार मूर्ति चौक से 130 मीटर रोड और जिम्स होते हुए नोएडा हवाई अड्डे तक होगा। इस पर भी चार बसें चलेंगी। तीसरा मार्ग मकौड़ा रोटरी से नासा पार्किंग और सेक्टर पी-7 होते हुए जेवर हवाई अड्डे तक होगा। इस पर भी चार बसें चलेंगी और चौथा मार्ग औद्योगिक सेक्टर 16 से तिलपता रोटरी, स्वर्णनगरी, यथार्थ अस्पातल और जीबीयू होते हुए जेवर हवाई अड्डे तक होगा। इस मार्ग पर तीन बसें चलेंगी।
जमीन आबंटन दर 3.58 फीसद बढ़ी
ग्रेनो में संपत्तियों के मौजूदा आबंटन दरों में 3.58 फीसद की वृद्धि की गई है। जबकि सरकारी और अर्द्धसरकारी विभागों को प्रचलित आवासीय दरों पर ही भू-आबंटन किया जाएगा। बताया गया है कि वर्तमान आबंटन दरों में लागत मुद्रास्फीति सूचकांक के हिसाब से यह वृद्धि की गई है।
इस बार नहीं बढ़ेगा जल शुल्क ग्रेनो बोर्ड ने पानी के बकाएदारों को कुल बकाया धनराशि एकमुश्त जमा करने का एक मौका दिया है। जिसके तहत तीन महीनों के लिए एकमुश्त समाधान योजना लागू करने पर मुहर लगा दी है। पानी के बकाएदार 30 जून तक कुल बकाया धनराशि के ब्याज पर 40 फीसद, 31 जुलाई तक 30 फीसद और 31 अगस्त तक 20 फीसद छूट प्राप्त कर सकते हैं।
बता दें कि सभी श्रेणी के आबंटियों पर करीब 290 करोड़ रुपए पानी का बिल बकाया है। साथ ही ग्रेनो प्राधिकरण बोर्ड ने इस वर्ष पानी के शुल्क में 10 फीसद की बढ़ोत्तरी नहीं करने का फैसला लिया है। 2013-14 से जल शुल्क में हर साल 10 फीसद वृद्धि हो रही थी।
ये भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेस-वे पर जाने वालों के लिए एक गुड न्यूज
