जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास विकसित होने वाले तीन सेक्टरों को चीन के कारोबारी केंद्र के रूप में विकसित होंगे। नीडा के मास्टर प्लान में औद्योगिक सेक्टर- 7, 8 और 8ए में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जगह बनाई गई है। जहां करीब 20-20 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले व्यावसायिक इन केंद्रों का आवंटन किराए के आधार पर किए जाने की योजना है। खास तौर पर एक जनपद- एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत बनने वाले उत्पादों को यहां लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा।
अंतरराष्ट्रीय कारोबार और व्यावसायिक केंद्र बनाने की योजना के तहत विशेषज्ञ कंपनी ने अपनी कार्य योजना यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण को सौंप दी है। जिसका आने वाले दिनों में प्रस्तुतिकरण प्रस्तावित है। जिसके तहत एक ही छत के नीचे देश के सभी तरह के उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकेंगे। लोगों को रोजमर्रा समेत खास उत्पादों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद, वस्त्र व परिधान, फर्नीचर आदि सभी यहां उपलब्ध होंगे। अधिकारियों के मुताबिक चीन के यीवू शहर की तर्ज पर यहां व्यावसायिक केंद्र बनाने की योजना है। प्रस्तुतिकरण के बाद इस प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाया जाएगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक होने के चलते यह यहां आने वाले मुसाफिरों को खरीदारों के लिहाज से अलग एहसास भी कराएगा।
बताया गया है कि यहां किसी एक को जगह आवंटित करने के बजाए किराए पर देने की नीति ही कारगर रहेगी क्योंकि एक उत्पाद को हटाकर यहां किसी भी नए उत्पाद को जगह दी जा सकेगी। जबकि मूल आवंटन की शर्त में उत्पाद को बदलने की प्रक्रिया जटिल रहती है।
