दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ़्लाइट को हैदराबाद एयरपोर्ट में इमरजेंसी लैंडिग कराई गई है। बताया जा रहा कि फ्लाइट में ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में रखा एक पवार बैंक में आग लग गई। इसके बाद हवा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इंडिगो की फ्लाइट 6E-6115 के केबिन क्रू ने आगे बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया और फ्लाइट को सुरक्षित हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में उतारा गया। सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
केबिन के अंदर के 36 सेकंड के एक वीडियो क्लिप में यात्री पहले अपने बैग का इस्तेमाल करके आग बुझाने की कोशिश करते दिखे, लेकिन वीडियो से यह साफ नहीं हो पाया कि आखिरकार आग किसने बुझाई।
इंडिगो ने अपने बयान में क्या कहा?
इंडिगो एयरलाइन ने एक बयान जारी कर कहा, “11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ़्लाइट 6E-6115 को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया, क्योंकि एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलता देखा गया था। केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। चेन्नई की यात्रा जारी रखने के लिए एक वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया गया है।”
क्या पावर बैंक नहीं ले जा सकते?
IndiGo की वेबसाइट पर दी गई बैगेज पॉलिसी के अनुसार, पावर बैंक और अतिरिक्त/अलग लिथियम बैटरी सिर्फ हैंड बैगेज में ही ले जाने की अनुमति है। पॉलिसी में कहा गया है कि इन्हें हर समय यात्री की पहुँच में होना चाहिए, जैसे कि सीट के नीचे, सीट की जेब में या यात्री के पास। इसमें यह भी कहा गया है कि उन्हें “ओवरहेड कम्पार्टमेंट या चेक-इन बैगेज में नहीं रखा जाना चाहिए।
पॉलिसी के तहत, इंडिगो यात्रियों को एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिलने पर अधिक से अधिक दो अतिरिक्त लिथियम-आयन बैटरी (पावर बैंक सहित) ले जाने की इजाजत दे सकता है, जिनकी क्षमता 100 वॉट-घंटे (Wh) तक हो। एक स्टैंडर्ड 100 Wh बैटरी की क्षमता लगभग 27,000 मिलीएम्पीयर-घंटे (mAh) होती है। यह साफ नहीं था कि इस मामले में पावर बैंक की क्षमता क्या थी, हालांकि आम तौर पर इस्तेमाल होने वाले पावर बैंक की क्षमता 10000 से 20000 mAh के बीच होती है। 100 Wh से ज़्यादा और 160 Wh तक की क्षमता वाली बैटरी भी ले जाने की इजाज़त है (अधिकतम दो), लेकिन सिर्फ तब जब उनका इस्तेमाल पोर्टेबल मेडिकल डिवाइस के लिए किया जा रहा हो। इन्हें ले जाने के लिए चेक-इन काउंटर पर इंडिगो से मंजूरी लेनी पड़ती है।
एयरलाइन की पॉलिसी के अनुसार, पावर बैंक को उनकी ओरिजिनल रिटेल पैकेजिंग या अलग प्लास्टिक बैग में पैक किया जाना चाहिए और उनके टर्मिनल पर शॉर्ट सर्किट से बचने के लिए टेप और इंसुलेशन लगा होना चाहिए। साथ ही, उन्हें विमान में रहते हुए न तो रिचार्ज किया जाना चाहिए और न ही किसी दूसरे डिवाइस को चार्ज करने के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। ये नियम घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह की उड़ानों पर लागू होते हैं।
यह भी पढ़ें: उड़ान के बीच विमान पर गिरी बिजली, क्षतिग्रस्त हुआ अगला हिस्सा, लखनऊ में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
बुधवार को पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट पर रास्ते में अचानक बिजली गिर गई। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, पायलटों ने स्थिति को संभालते हुए विमान की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
