मणिपुर में युमनाम खेमचंद के शपथ लेने के एक दिन बाद ही चुराचंदपुर जिले में गुरुवार को तनाव बढ़ गया। जिले के तुइबोंग क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने नवगठित एनडीए सरकार के गठन का खुलेआम विरोध करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।
इंडिया टुडे एनई के मुताबिक, ऐसी स्थिति दिन भर बनी रही, जिसके कारण हालात बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा बलों की भारी तैनाती कर दी गई है।
विधायकों पर समुदाय की भावनाओं की अवहेलना करने का आरोप
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि प्रदर्शनकारियों में कुकी विधायकों के एनडीए सरकार को समर्थन देने से असंतोष व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचित प्रतिनिधियों (विधायकों) पर समुदाय की भावनाओं की अवहेलना करने का आरोप लगाया है।
प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर कड़ा रुख अपनाते हुए ऐलान किया है कि जब तक उनकी अलग प्रशासन की मांग नहीं मान ली जाती है, वे एनडीए सरकार का समर्थन नहीं करेंगे।
कौन-कौन विधायक सरकार में शामिल?
बता दें कि कुकी विधायकों में उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन और विधायक एलएम खाउते और नगुरसांग्लुर सनाते के नाम शामिल हैं। इनके सरकार में भागीदार बनते ही इलाके में कुकी समुदाय के बीच तनाव में और बढ़ गया।
इतना ही नहीं दो प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध करते हुए आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि पुलिसकर्मियों ने समय पर तेजी दिखाई और उन्हें बचा लिया। हालांकि शाम 6 बजे यह प्रदर्शन उग्र हो गया और कई जगहों से सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद छिटपुट झड़पों की खबरें सामने आईं।
इलाके में स्थिति तनावपूर्ण
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस से झड़पों के दौरान कई प्रदर्शनकारियों के घायल होने की खबर है। इलाके में अभी भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और सुरक्षाबल इलाके में हालात काबू करने में जुटे हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री की हत्या के लिए 20 लाख का इनाम
डेक्कान हेराल्ड की एक खबर के मुताबिक, कुकी समुदाय के सशस्त्र समूह, विलेज वॉलंटियर्स ने कुकी विधायक नेमचा किपगेन की हत्या के लिए 20 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।
यह इनाम तब घोषित किया गया जब उन्होंने मणिपुर की नई सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। आगे पढ़िए युमनाम खेमचंद ने ली मणिपुर मुख्यमंत्री पद की शपथ, दो विधायकों को बनाया गया डिप्टी सीएम
