छत्तीसगढ़ में बस्तर मंडल के दो जिलों में शनिवार को कुल 1.61 करोड़ रुपये के इनामी 51 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
यह आत्मसमर्पण ऐसे समय हुआ जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में ‘बस्तर पंडम 2026’ उत्सव का उद्घाटन किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 34 महिलाएं शामिल हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि बस्तर पुलिस की ‘पूना मारगेम पुनर्वास पहल’ के तहत बीजापुर जिले में 20 महिलाओं समेत 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है जबकि पड़ोसी सुकमा जिले में 14 महिलाओं समेत 21 अन्य नक्सली मुख्यधारा में शामिल हो गए।
पट्टिलिंगम ने कहा कि उग्रवादियों ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है।
बीजापुर में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट
हथियार और गोला-बारूद जब्त
छत्तीसगढ़ में गरियाबंद जिले के पहाड़ी इलाकों में छह जगहों से सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि ओडिशा से सटे मैनपुर थानाक्षेत्र में भालुदिग्गी और मेटल पहाड़ियों में सुरक्षाबलों ने शनिवार तक 36 घंटे का अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ही माओवादियों के इन हथियारों के भंडार का पता चला। उन्होंने कहा कि इस माह के शुरू में आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों ने सूचना दी थी कि छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से सटी इन पहाड़ियों पर अलग-अलग जगहों पर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की ओडिशा प्रदेश समिति के शीर्ष नेतृत्व ने स्वचालित हथियार छिपा रखे हैं।
CRPF ने गोगुंडा में माओवादी रामन्ना का स्मारक गिराया
सूचना के आधार पर जिला पुलिस बल की विशेष ई-30 इकाई ने शुक्रवार को अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि दो इंसास राइफलें, एक .303 राइफल, एक देसी पिस्तौल, एक ‘सुरका’ (देसी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर), 12-बोर की दो बंदूक, दो ‘सिंगल-शॉट’ हथियार, 127 कारतूस, आठ मैगज़ीन, 22 बीजीएल गोले, बिजली के तार का एक बंडल और माओवादियों की तकनीकी टीम की हथियार कार्यशाला में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि माओवादियों की तकनीकी टीम देसी बम एवं देसी हथियार बनाती थी और हथियारों की मरम्मत भी करती थी। यह जब्ती गरियाबंद पुलिस द्वारा पिछले डेढ़ साल से चलाए जा रहे नक्सल रोधी ‘ऑपरेशन विराट’ के बीच हुई है।
यह भी पढ़ें- झारखंड में पुलिस के साथ मुठभेड़, 1 करोड़ के कमांडर सहित 10 नक्सली ढेर
