राजस्थान की प्रतिष्ठित ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ ट्रेन अपने 45 साल के इतिहास में पहली बार इस महीने के आखिर में शुरू होगी। 26 जनवरी, 1982 को शुरू हुई पैलेस ऑन व्हील्स को देश की पहली लग्जरी हेरिटेज ट्रेन माना जाता है। इसे दुनिया की अग्रणी लग्जरी रॉयल ट्रेनों में से एक के रूप में मान्यता हासिल है। यह आरटीडीसी और भारतीय रेलवे की एक संयुक्त पहल है।
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, “हां, यह ट्रेन मई में चलेगी। ऐसा पहली बार होगा जब यह इस महीने में चलेगी। पहले, गर्मी की वजह से मई में इसकी सेवाएं तय नहीं की जाती थीं। लेकिन, इस बार इसकी बहुत ज्यादा मांग है, इसलिए यह ट्रेन चलेगी।” आम तौर पर यह सितंबर से अप्रैल के महीनों के बीच चलती है।
उन्होंने कहा, “राजस्थान में मई का महीना कमजोर दिल वालों के लिए नहीं होता। जब तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है और पर्यटकों की भीड़ साल के सबसे निचले स्तर पर होती है, तो ज्यादातर ऑपरेटर सितंबर का इंतजार करते हैं और तब अपनी सेवाएं फिर से शुरू करते हैं।”
भारत के एक बैंक ने खास यात्रा के लिए पूरी ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ ट्रेन बुक की है। बयान में कहा गया है कि जब दुनिया में तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के कारण बाजारों में उतार-चढ़ाव चल रहा है, तब इस बैंक का पूरा ट्रेन किराए पर लेना यह दिखाता है कि भारत के घरेलू पर्यटन और यात्रा व्यवस्था पर उसका भरोसा मजबूत है।
पैलेस ऑन व्हील्स का रूट और ट्रेन नंबर क्या रहेगा?
‘पैलेस ऑन व्हील्स’ ट्रेन इस महीने 20 से 25 मई तक छह दिनों की विशेष यात्रा पर चलेगी। यह लग्जरी ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग से रवाना होगी और लगभग 2,610 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, बेराच, राणा प्रताप नगर, उदयपुर, चंदेरिया, मारवाड़ जंक्शन, जैसलमेर, बीकानेर और फुलेरा सहित कई अन्य जगहों से गुजरेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ ट्रेन नंबर 00290 के रूप में चलेगी। यह भारतीय रेलवे की भारत गौरव ट्रेन नीति के तहत संचालित होगी।
इस ट्रेन में 22 कोच होंगे। इनमें छह WPCT-1 सैलून कोच, सात WPCT-2 सैलून कोच, एक सुपर डीलक्स सैलून कोच, दो रेस्टोरेंट-कम-बार कोच और रसोई, स्टाफ, सर्विस और स्पा के लिए अलग-अलग कार शामिल हैं। पैलेस-ऑन-व्हील्स के 14 कोचों का नाम अलवर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, धौलपुर, दुर्गापुर, जैसलमेर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, किशनगढ़, कोटा, सिरोही और उदयपुर की रियासतों के नाम पर रखा गया है।
भारतीय रेलवे चलाएगा 908 समर स्पेशल ट्रेन
गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने 908 समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन 15 जुलाई तक 18262 फेरे लगाएंगी। इनमें से 11294 फेरे अधिसूचित किए जा चुके हैं। शेष सेवाओं को जल्द अधिसूचित कर दिया जाएगा। इस बार मध्य रेलवे में 3082 फेरे, पूर्व मध्य रेलवे में 2711 फेरे और उत्तर पश्चिम रेलवे में 2245 फेरे की सुविधा मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर…
