केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया है कि ईरान युद्ध की वजह से उनके परिवार को कारोबार में नुकसान हुआ है। गडकरी ने नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘मैं शुगर से डिटर्जेंट बनाता हूं। ये काम मेरी बहू देखती है। हमारे 100 कंटेनर हर महीने अमेरिका जाते थे लेकिन जैसे ही लड़ाई शुरू हुई, हमारे कंटेनर जाने बंद हो गए। हमारा पूरा धंधा चौपट हो गया।’
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनके परिवार ने डिटर्जेंट को मार्केट में भेजना शुरू किया, स्ट्रगल किया और इसे चालू किया।
गडकरी ने आगे बताया कि उनके बेटे ईरान के साथ कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे यहां से ईरान के लिए केले भेजते थे और वहां से सेब लाते थे, उसका अच्छा काम चल रहा था लेकिन एक दिन 200 कंटेनर सेब सड़ गए और 400 कंटेनर केले सड़ गए और इंश्योरेंस वाले पैसे नहीं देते।
बेटे से कहा- काम जारी रखें, सब हो जाएगा
गडकरी ने बताया कि उनके बेटे ने उनसे कहा कि पापा मेरा कारोबार में काफी नुकसान हो गया है तो उन्होंने अपने बेटे से कहा कि वह चिंता ना करें और काम को जारी रखें, सब हो जाएगा।
बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में शुमार गडकरी ने कहा कि लड़ाई में हारने के बाद कोई समाप्त नहीं होता लेकिन जब वह मैदान छोड़कर भाग जाता है तो वह समाप्त हो जाता है।
निराश नहीं होना चाहिए- गडकरी
बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गडकरी ने कहा, ‘जीवन संघर्ष का खेल है इसलिए निराश नहीं होना चाहिए, चलते रहना चाहिए।’ मोदी सरकार में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय संभाल रहे गडकरी ने कहा कि कारोबार के दौरान उद्योग-धंधों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और नुकसान भी होता है।
ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का असर भारत में दिखने लगा है। पिछले दिनों लोगों को एलपीजी गैस की किल्लत का सामना करना पड़ा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को आने वाले दिनों को लेकर आगाह किया है। पीएम मोदी ने लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी। केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के साथ ही सीएनजी के दामों में भी बढ़ोतरी की है।
डोनाल्ड ट्रंप ने दी ईरान को चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वो बातचीत पर जल्दी कोई कदम उठाए। ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि समय बहुत तेजी से निकल रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
