सालों से पाकिस्तान के सिंध प्रांत के परिवारों को वाघा-अटारी सीमा के रास्ते भारत आकर अपनी बेटियों की शादी करने में आसानी होती थी। लेकिन भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर शुरू किए जाने और वीजा व सीमा मार्ग बंद किए जाने के बाद स्थिति बदल गई।
इस फैसले के कारण कम से कम 150 पाकिस्तानी महिलाओं की शादियां अटक गई थीं। इन महिलाओं की भारत में पुरुषों से सगाई हो चुकी थी और वे अपने ससुराल आने का इंतजार कर रही थीं।
नागपुर के एक सामुदायिक नेता राजेश झांबिया ने रविवार को कहा, ”आखिरकार लंबा इंतजार खत्म हो गया।” काफी प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने सिंधी महिलाओं और उनके रिश्तेदारों को शादी के लिए भारत आने के वीजा जारी किए।
पाकिस्तान से आए सिंधी प्रवासियों के लिए काम करने वाले झांबिया ने पीटीआई को बताया कि दुल्हनें और उनके परिवार के लोग मस्कट, दुबई, श्रीलंका और अन्य देशों के रास्ते ट्रांजिट होकर भारत पहुंचे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बदल गए हालात
उन्होंने बताया कि सिंधी समुदाय के लोग ऐसी शादियों के लिए पहले पंजाब में वाघा-अटारी सीमा के रास्ते भारत आते थे। उन्होंने कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर के बाद सब कुछ बदल गया। सरकार ने अटारी मार्ग से भारत आने की योजना बना रहे लोगों के वीजा खारिज कर दिए।”
ऑपरेशन सिंदूर भारत द्वारा 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया सैन्य अभियान था। इस हमले में 26 नागरिकों की मौत हुई थी।
झांबिया ने बताया कि इसके बाद उन्होंने रायपुर में संत युधिष्ठिरलाल शदाणी से संपर्क किया। वह पाकिस्तान के सिंध प्रांत के घोटकी स्थित प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थल शदाणी दरबार के आध्यात्मिक प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि शदाणी दरबार ने उन पाकिस्तानी महिलाओं की सूची तैयार करनी शुरू की जिनकी भारत में पुरुषों से सगाई हो चुकी थी। उन्होंने कहा, ”करीब 150 दुल्हनें थीं जिनकी शादी नागपुर, रायपुर, जोधपुर, पुणे और भारत के अन्य शहरों में होनी थी।”
मंदिर ने इन महिलाओं और उनके परिवारों को भारत आने की सुविधा देने के लिए सूची के साथ गृह मंत्रालय (MHA) से संपर्क किया और वीजा जारी करने का अनुरोध किया।
झांबिया के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने पाकिस्तान से आने वाले इन लोगों को भारत में प्रवेश की अनुमति दी लेकिन शर्त रखी कि उन्हें हवाई मार्ग से यात्रा करनी होगी।
उन्होंने कहा, ”इस साल अप्रैल से अब तक पाकिस्तान की 150 दुल्हनें और उनके परिवार दुबई, ओमान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अन्य देशों के रास्ते भारत आ चुके हैं। इनमें नागपुर के 15 मामले शामिल हैं।”
झांबिया ने बताया कि पाकिस्तान में अभी करीब 300 और ऐसी महिलाएं हैं जो भारत आने का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं को भी वीजा जारी करने के लिए भारतीय सरकार से अनुरोध किया गया है।
