महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) एक बड़ी टूट की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि पार्टी के 9 में से 6 सांसद पाला बदलकर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। इस बीच, यूबीटी सांसद संजय राउत ने बड़ा आरोप लगाया है।
संजय राउत ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करते हुए कहा कि सांसदों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। उन्होंने लिखा, “अब तो ‘अपना सपना मनी-मनी’ हो गया है।” राउत का दावा है कि महाराष्ट्र के सांसदों का पाला बदलवाने के लिए कथित तौर पर 15-15 करोड़ रुपये एडवांस में दिए जा रहे हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को भी टैग किया है।
बड़ी बात यह है कि इन सियासी हलचलों के बीच डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि यूबीटी के 9 में से 6 सांसद अपना अलग गुट बना सकते हैं और बाद में शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।
दो सांसद तो राजधानी दिल्ली पहुंच भी चुके हैं। परभणी के सांसद संजय जाधव और यवतमाल-वाशिम के सांसद संजय देशमुख चार्टर्ड प्लेन से पहले ही दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार शाम दिल्ली में श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में एक बड़ी बैठक हो सकती है। इस बैठक में एकनाथ शिंदे भी शामिल होंगे। इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, वर्तमान में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसद अलग गुट बनाना चाहते हैं। इसके बाद वे शिंदे गुट में अपना विलय कर सकते हैं। महाराष्ट्र की राजनीति में इस पूरे घटनाक्रम को ‘ऑपरेशन टाइगर’ के नाम से चर्चा मिल रही है। हालांकि, उद्धव ठाकरे ने नाराज सांसदों को मनाने की कोशिश की थी। उन्होंने सभी सांसदों को मातोश्री बुलाया था, लेकिन बैठक में सिर्फ 4 सांसद ही पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें- क्या फिर टूट जाएगी उद्धव की शिवसेना?
