Labour Day Protest In Noida: नोएडा में आज शुक्रवार को मजदूर दिवस के मौके पर पुलिस हाई अलर्ट पर है। 13 अप्रैल को हुई हिंसा के बाद उस प्रकार की किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कोई भी चूक नहीं छोड़ी जा रही है।

उत्तर प्रदेश में मजदूर दिवस के मौके पर नोएडा में कई कार्यक्रम होने हैं। ऐसे में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। ड्रोन की मदद से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के कई कंट्रोल रूम बनाए गए हैं जहां सीसीटीवी सेटअप को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। हर संदिग्ध गतिविधि से निपटने की पूरी तैयारी है।

जोनल सेक्टर योजना क्या है?

नोएडा में जोनल सेक्टर योजना भी लागू कर दी गई है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि मजदूर दिवस के मौके पर भीड़ जमा नहीं होनी चाहिए। 8 मई तक के लिए धारा 163 लागू की गई है। बिना पुलिस और प्रशासन की अनुमति के किसी भी प्रकार के प्रदर्शन या जुलूस को मंजूरी नहीं दी जाएगी। अगर इस आदेश का उल्लंघन होता है तो सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

दैनिक जागरण से बात करते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने जानकारी दी कि जोनल सेक्टर योजना के अंतर्गत नोएडा जिले को 11 जोन और 49 सेक्टर में विभाजित किया गया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।

कितना सुरक्षाबल तैनात है?

तैनाती के तहत 6 पुलिस अधीक्षक, 14 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 30 सर्किल अधिकारी लगाए गए हैं। इसके अलावा 65 इंस्पेक्टर, 407 सब-इंस्पेक्टर, 150 महिला सब-इंस्पेक्टर, 900 पुरुष हेड कांस्टेबल और 200 महिला हेड कांस्टेबल भी मैदान में तैनात हैं। जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर मोबाइल पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

ये भी पढ़ें- न्यूनतम आय Vs स्किल की बहस