दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने रातभर कार्रवाई करते हुए कम से कम 1200 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। यह प्रदर्शन सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, शनिवार रात 12:30 बजे तक हिरासत में लिए गए लोगों में करीब 250 दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थे। इनमें शाहीन बाग और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं। शाहीन बाग 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहा था।

दिल्ली पुलिस के एक अन्य अधिकारी के अनुसार, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली जिलों से 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। ये जिले उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे हैं।

एहतियातन हिरासत में लिए गए लोग

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हिरासत एहतियाती तौर पर ली गई हैं। पुलिस ने ऐसे लोगों की पहचान की थी, जिन पर प्रदर्शनकारियों को जुटाने और कथित तौर पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका थी। हिरासत में लिए गए लोगों को प्रत्येक जिले में निर्धारित 13 प्रमुख हिरासत केंद्रों में ले जाया जाएगा।

दिल्ली में 30 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं के दिल्ली पहुंचने की योजना थी। पुलिस के मुताबिक, शहर में 30 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और दिल्ली के सभी सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस निरीक्षकों, पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की टुकड़ियों के साथ अतिरिक्त बल और रिजर्व फोर्स भी तैनात की गई हैं। दिन और रात में सुरक्षा बनाए रखने के लिए अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है।

नई दिल्ली में प्रवेश करना भी चुनौतीपूर्ण

सेंट्रल दिल्ली और नई दिल्ली जिलों के बीच इंटर-डिस्ट्रिक्ट बॉर्डर पिकेट लगाए गए हैं। दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जिलों को जोड़ने वाले प्रमुख स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। अशोक रोड और टॉल्स्टॉय रोड जैसे इलाके, जो नई दिल्ली के प्रमुख क्षेत्रों से पैदल दूरी पर हैं, वहां भी पहुंचना मुश्किल हो सकता है। इस हिस्से में 10 बैरिकेड लगाए गए हैं और 30 से ज्यादा अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं।

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, टीएमसी और AAP का समर्थन, कांग्रेस ने क्यों बनाई दूरी?

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के कामकाज के खिलाफ आज यानी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील पर विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही। वामपंथी दलों और आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) की भागीदारी को लेकर शुक्रवार रात तक स्थिति स्पष्ट नहीं थी। पढ़ें पूरी खबर।