लगभग हर भारतीय घर में तवे का इस्तेमाल नियमित रूप से किया जाता है। इस पर रोटी के अलावा पराठे, डोसा, उत्तपम, सैंडविच, टिक्की और चीला जैसे तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। इन व्यंजनों को बनाते समय तवे की ऊपरी और निचली सतह पर तेल, आटे और मसालों के अवशेष जमने के कारण धीरे-धीरे कालापन नजर आने लगता है। हालांकि, इन हिस्सों की सफाई आसानी से की जा सकती है, लेकिन कई बार तवे के हैंडल पर जमे काले दाग और चिकनाई को साफ करना काफी मुश्किल हो जाता है।
खासकर हैंडल के जोड़ और उसके आसपास की जगह में गंदगी आसानी से जमा हो जाती है, जहां हाथ पहुंच पाना भी मुश्किल होता है। समय के साथ इस पर तेल और चिकनाई की मोटी, चिपचिपी परत जम जाती है, जिससे हैंडल देखने में काफी गंदा लगता है। हालांकि, कुछ आसान तरीके हैं जिनकी मदद से आप कम मेहनत में ही तवे के काले और चिकने हैंडल को आसानी से साफ कर सकते हैं।
पहला तरीका
तवे के हैंडल पर जमी चिकनाई और कालापन हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे काफी आसान और असरदार नुस्खा माना जाता है। इसके लिए एक कटोरी में एक चम्मच बेकिंग सोडा डाल लें और उसमें थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को तवे के हैंडल पर जमी चिकनाई वाली जगह पर लगाकर करीब 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद पुराने टूथब्रश या मुलायम स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़कर साफ कर दें और फिर पानी से पोंछ दें। इससे हैंडल पर जमी चिकनाई और कालापन आसानी से दूर हो सकता है।
दूसरा तरीका
अगर तवे के हैंडल पर तेल और चिकनाई की परत ज्यादा सख्त हो गई है तो आप सिरका और डिशवॉश लिक्विड का सहारा ले सकते हैं। इसके लिए एक कपड़े या स्पंज पर थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड लगाएं और उसमें कुछ बूंदें सफेद सिरके की डालें। अब इसे हैंडल पर लगाकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर पुराने ब्रश की मदद से इसे रगड़कर साफ करें और अंत में गीले कपड़े से पोंछ दें। इससे काफी हद तक हैंडल का कालापन दूर हो सकता है।
तीसरा तरीका
तवा के हैंडल को साफ करने के लिए तीसरा तरीका नमक और नींबू है। इसके लिए नींबू के आधे टुकड़े पर थोड़ा नमक छिड़क कर सीधे हैंडल के काले हिस्से पर धीरे-धीरे रगड़ें। नमक हल्की स्क्रबिंग का काम करता है और नींबू चिकनाई की परत को ढीला करने में मदद कर सकता है। कुछ मिनट तक रगड़ने के बाद गीले कपड़े से हैंडल को अच्छी तरह पोंछ दें। अगर दाग हल्का रह जाए तो इस प्रक्रिया को फिर से दोहरा सकते हैं। ऐसे में आप इन आसान घरेलू तरीकों की मदद से तवे के हैंडल पर जमी काली और चिकनी परत को आसानी से साफ कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें
सिर्फ खाने में नहीं, घर की सफाई में भी कर सकते हैं प्याज का इस्तेमाल
