योग भारत की वह प्राचीन पद्धति है, जो किसी उपहार से कम नहीं है। आज पूरी दुनिया में लोग शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग अपना रहे हैं। योग करने के लिए योगा मैट का इस्तेमाल किया जाता है। कई बार लगातार इस्तेमाल करने की वजह से मैट गंदा भी हो जाता है। दरअसल, मैट पर पसीना, धूल-मिट्टी और शरीर से निकलने वाला तेल जमा होने लगता है। धीरे-धीरे उसकी चमक फीकी पड़ने लगती है और कई बार उसमें से बदबू भी आने लगती है। आइए जानते हैं घर पर मटमैले योगा मैट को कैसे साफ करें।
1- हल्के साबुन और पानी से करें सफाई
योगा मैट की नियमित सफाई के लिए हल्के साबुन और पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में गुनगुना या सामान्य तापमान का पानी लें। इसमें थोड़ा सा हल्का साबुन मिलाएं। अब एक मुलायम कपड़े को इस घोल में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें। इससे योग मैट की दोनों सतहों को धीरे-धीरे पोंछें। खासकर उन जगहों पर ध्यान दें, जहां हाथ-पैर रखने से पसीना और गंदगी अधिक जमा होती है। इसके बाद साफ, नम कपड़े से मैट दोबारा पोंछ लें।
2- सिरके से करें साफ
योगा मैट पर हल्की गंदगी और पसीने के निशान साफ करने के लिए सफेद सिरके और पानी का पतला घोल इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक कप पानी में एक कप सफेद सिरका मिलाएं। इस घोल को कपड़े पर थोड़ा सा लगाकर मैट की सतह को पोंछें। इसके बाद साफ, नम कपड़े से दोबारा पोंछ लें और मैट को पूरी तरह सूखने दें। हालांकि, सिरका हर तरह के योगा मैट के लिए उपयुक्त नहीं होता। इसलिए इस्तेमाल करने से पहले मैट बनाने वाली कंपनी के निर्देश जरूर पढ़ लें।
3- बेकिंग सोडा
योगा मैट को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। खासकर बदबू दूर करने के लिए यह उपयोगी साबित हो सकता है। इसके लिए हल्के साबुन और पानी से सफाई के बाद बेकिंग सोडा को पानी में मिलाकर मैट पर कुछ देर लगाकर छोड़ दें और फिर उसे साफ कर दें। हालांकि, इसे इस्तेमाल करने से पहले निर्देशों का पालन जरूर करें।
ध्यान रखें ये बातें
योगा मैट को साफ करने के बाद उसे अच्छी तरह सुखाना जरूरी है।
योगा मैट को वॉशिंग मशीन में धोने से बचना चाहिए।
ब्लीच, तेज रासायनिक क्लीनर, अल्कोहल और खुरदरे ब्रश का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई को बनाएं आसान, डस्टिंग करने के लिए अपनाएं ये तरीके
