ठंड के मौसम में सुबह उठना कई लोगों के लिए परेशानी भरा होता है। खासकर जिम जाने वाले लोगों को और भी ज्यादा दिक्कत होती है। दरअसल, ठंडी हवा, कोहरा और आलस के कारण फिटनेस रूटीन बिगड़ने लगता है।

अगर आप भी इस मौसम में जिम नहीं जा पा रहे हैं, तो कुछ खास योगासन करके फिट और एक्टिव रह सकते हैं। दरअसल, योगासन शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को भी कम करने में मदद करते हैं। ऐसे में हम आपके लिए इस आर्टिकल में 4 आसान योगासन बताने वाले हैं, जिन्हें आप आसानी से घर पर भी कर सकते हैं।

ताड़ासन

आप घर पर भी ताड़ासन कर सकते हैं। यह शरीर की मुद्रा को सुधारने के साथ-साथ मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। ताड़ासन करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े होकर दोनों हाथ ऊपर उठाएं और धीरे-धीरे एड़ियों के बल खड़े हो जाएं। अब कुछ सेकंड के लिए इसी स्थिति में बने रहें। इस दौरान सामान्य सांस लेते रहें। ताड़ासन रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है और पेट की चर्बी घटाने में मदद करता है।

सूर्य नमस्कार

आप खुद को एक्टिव और फिट रखने के लिए सूर्य नमस्कार भी कर सकते हैं। दरअसल, सूर्य नमस्कार में 12 अलग-अलग स्टेप्स होते हैं, जो पूरे शरीर की एक्सरसाइज कराते हैं। हर रोज 8 से 10 राउंड सूर्य नमस्कार करने से मांसपेशियां मजबूत होती हैं और वजन भी कंट्रोल में रहता है।

वज्रासन

सर्दियों में अधिकतर लोग अपने घर में ही रहते हैं। ऐसे में कई बार पाचन तंत्र खराब हो जाता है। ऐसे में आप वज्रासन भी कर सकते हैं। दरअसल, यह आसन पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसे करने के लिए घुटनों के बल बैठ जाएं और एड़ियों पर बैठकर रीढ़ सीधी रखें। इस आसन को भोजन के बाद भी किया जा सकता है।

भुजंगासन

भुजंगासन पीठ और कमर के लिए काफी फायदेमंद होता है। इस आसन को करने से पेट, कमर और कंधों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इसे करने के लिए पेट के बल लेट जाएं। अब अपने हाथों की मदद से धीरे-धीरे छाती को ऊपर उठाएं। कुछ देर इस पोज में रहें और फिर सामान्य स्थिति में आ जाएं।