जब मेहनत रंग लाती है तो खुशी सिर्फ नतीजे की नहीं होती, बल्कि खुद पर भरोसा भी बढ़ता है। अपनी फिटनेस पर काम करने से इंसान का न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि सेल्फ सेटिस्फेक्शन भी आता है। कई बार वजन कम करने की कोशिश सिर्फ शरीर में बदलाव लाने के लिए नहीं होती, बल्कि यह खुद को देखने और समझने का नजरिया भी बदल देती है।
कुछ ऐसा ही अनुभव एक महिला ने साझा किया है, जिन्होंने 20 किलो वजन कम किया। उन्होंने अपनी पहले और बाद की तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि इस सफर में उनके शरीर के साथ-साथ आत्मविश्वास में भी बड़ा बदलाव आया। उनका कहना है कि 20 किलो वजन घटाने से कहीं ज्यादा सुकून उन्हें उस मानसिक बोझ से छुटकारा पाकर मिला, जो पहले उन्हें परेशान करता था।
20 किलो वजन घटाने के बाद बढ़ा आत्मविश्वास
इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए रश्मि चौहान ने बताया कि 20 किलो वजन कम करने के बाद अब उनका वजन 55 किलो है। उन्होंने लिखा, 20 किलो वजन कम हुआ, लेकिन मानसिक बोझ इससे कहीं ज्यादा कम हुआ। 55 किलो वजन पर पहुंचकर मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं किसी चीज को पाने की ठान लूं तो उसे हासिल कर सकती हूं। जिम ने सिर्फ मेरे शरीर का आकार नहीं बदला, बल्कि मेरी पूरी पहचान बदल दी।
रश्मि की यह बात बताती है कि फिटनेस का असर सिर्फ शरीर पर ही नहीं पड़ता। नियमित एक्सरसाइज और अपनी मेहनत का नतीजा देखने से इंसान का खुद पर भरोसा भी बढ़ सकता है।
वजन घटाने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है वर्कआउट
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कंसल्टेंट डाइटीशियन और फिटनेस एक्सपर्ट गरिमा गोयल ने बताया कि 20 किलो वजन कम करने से शरीर में बदलाव जरूर नजर आते हैं। कई लोगों के लिए सबसे बड़ा बदलाव उनके सोचने और खुद को देखने के तरीके में आता है।
उनका कहना है कि नियमित एक्सरसाइज की आदत डालने के लिए अनुशासन, धैर्य और लगातार मेहनत की जरूरत होती है। कई बार लंबे समय तक मेहनत करने के बाद भी वजन में मनचाहा बदलाव नहीं दिखता। ऐसे में खुद को प्रेरित रखना आसान नहीं होता। लेकिन धीरे-धीरे जब व्यक्ति अपने प्रयासों का असर देखता है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ने लगता है।
इसे सेल्फ-इफिकेसी (Self-efficacy) कहते हैं। आसान भाषा में समझें तो इसका मतलब है खुद की क्षमता पर भरोसा होना। यानी यह विश्वास कि अपनी मेहनत से आप अपने लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं।
जिम जाने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं?
गरिमा गोयल के अनुसार, नियमित जिम जाने और एक्सरसाइज करने से शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम करने, दिल की सेहत बेहतर रखने और मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।
वजन घटाने के दौरान रेजिस्टेंस ट्रेनिंग यानी वजन उठाने वाली एक्सरसाइज काफी फायदेमंद होती है। इससे मांसपेशियों को बनाए रखने और उन्हें मजबूत करने में मदद मिलती है। मांसपेशियां मजबूत होने से रोजमर्रा के काम करना भी आसान हो सकता है।
हालांकि, सिर्फ जिम जाना ही काफी नहीं है। इसके साथ संतुलित खानपान, पर्याप्त प्रोटीन और अच्छी नींद भी जरूरी है। शरीर को एक्सरसाइज के बाद आराम और रिकवरी का समय देना भी उतना ही अहम है।
एक्सरसाइज करने से मूड और तनाव पर भी पड़ता है असर
फिटनेस का फायदा सिर्फ वजन घटाने तक सीमित नहीं है। नियमित शारीरिक गतिविधि से मूड बेहतर हो सकता है और तनाव कम महसूस हो सकता है।
एक्सरसाइज के दौरान जब व्यक्ति अपने छोटे-छोटे लक्ष्य पूरे करता है, जैसे पहले से ज्यादा देर तक वर्कआउट करना, ज्यादा चल पाना या अपनी ताकत में सुधार देखना, तो उसे अपनी मेहनत पर गर्व महसूस होता है। इससे आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।
वजन घटाते समय इन बातों का रखें ध्यान
गरिमा गोयल का कहना है कि वजन कम करने का लक्ष्य सिर्फ शरीर का आकार बदलना नहीं, बल्कि सेहत को बेहतर बनाना होना चाहिए। हर व्यक्ति का सही वजन उसकी लंबाई, मेडिकल हिस्ट्री और शरीर में फैट और मांसपेशियों के अनुपात पर निर्भर करता है। इसलिए किसी दूसरे व्यक्ति का वजन घटाने का लक्ष्य अपने लिए तय करना सही नहीं है।
वजन घटाने के लिए ऐसा तरीका अपनाना चाहिए, जिसे लंबे समय तक जारी रखा जा सके। इसके लिए पर्याप्त पोषण लेना, धीरे-धीरे वजन कम करना और रोजमर्रा की जिंदगी में अच्छी आदतें शामिल करना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और एक्सपर्ट से बातचीत पर आधारित है। किसी भी नई एक्सरसाइज या डाइट रूटीन को शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
