सर्दियों में ठंडी हवा और कम नमी का असर हाथ-पैर की स्किन पर साफ नजर आने लगता है। कई लोगों के हाथ-पैर तो मौसम बदलने पर फटने से लगते हैं। ऐसे में इस समस्या से राहत पाने के लिए आप घर पर ही बड़ी आसानी से मॉइश्चराइजर बना सकते हैं। अगर आपकी त्वचा भी खिंची-खिंची महसूस होती है, सर्दी का मौसम आने पर रूखापन बढ़ जाता है और कई बार एड़ियों के आसपास सफेद परत भी दिखने लगती है तो आप यह मॉइश्चराइजर यूज कर सकते हैं। ऐसे में हर बार महंगे बॉडी लोशन खरीदने की जरूरत नहीं है। यह घर पर बना मॉइश्चराइजर त्वचा को मुलायम बनाए रखने में मदद कर सकता है।
घर पर इस तरह बनाएं मॉइश्चराइजर
तरीका-1
एलोवेरा जेल और नारियल तेल से आप मॉइश्चराइजर बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच एलोवेरा जेल और 1 चम्मच नारियल तेल लें। फिर दोनों को अच्छी तरह मिलाकर हाथ-पैर पर लगाएं। यह मिश्रण त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है। अगर त्वचा बहुत संवेदनशील है तो पहले थोड़ी मात्रा हाथ पर लगाकर पैच टेस्ट कर लें।
तरीका-2
इसके अलावा आप ग्लिसरीन और गुलाब जल से भी मॉइश्चराइजर बना सकते हैं। इसके लिए 1 चम्मच ग्लिसरीन में 2 चम्मच गुलाब जल मिलाकर हल्का मिश्रण तैयार कर सकते हैं। इसे रात में हाथ-पैर धोकर लगाने से त्वचा का रूखापन कम करने में मदद मिल सकती है। ग्लिसरीन त्वचा में नमी खींचकर उसे बनाए रखने में मदद करती है।
तरीका-3
अगर घर में एलोवेरा है तो उसके जेल और शिया बटर से भी मॉइश्चराइजर बनाया जा सकता है। इसके लिए 1 चम्मच शिया बटर में 2 चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। इसे खासतौर पर बहुत ज्यादा रूखी जगहों पर लगाया जा सकता है। शिया बटर त्वचा को मुलायम रखने में मदद करता है।
अब जानें इसे कब लगाएं?
मॉइश्चराइजर को नहाने के तुरंत बाद, जब त्वचा हल्की नम हो तब लगाना चाहिए। रात में सोने से पहले हाथ-पैर पर लगाने से भी त्वचा को नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
