बरसात का मौसम जहां गर्मी से राहत दिलाता है तो वहीं अपने साथ नमी लेकर आता है। इस मौसम में घर में रखे कई सामानों को नमी से बचाव करना जरूरी हो जाता है। क्योंकि हल्की सी नमी के चलते कई सामान जल्दी खराब होने लगते हैं और कुछ में तो कीड़े तक लग जाते हैं। चावल भी इन्हीं में से एक है। अगर मानसून में चावल को सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो उसमें जल्दी कीड़े लग सकते हैं।
भारतीय में सदियों से लोग चावल का भंडारण करते आ रहे हैं। आज चावल को सुरक्षित रखने के लिए एयरटाइट कंटेनर और आधुनिक स्टोरेज विकल्प मौजूद हैं। लेकिन जब आधुनिक स्टोरज सुविधाएं नहीं थीं, तब भी लोग चावल और अन्य अनाज को महीनों तक सुरक्षित रखने के लिए पारंपरिक घरेलू उपाय अपनाते थे।
चावल में कीड़े क्यों लगते हैं
मानसून के दौरान हवा में नमी काफी बढ़ जाती है और जब ये चावल में पहुंचती है, तो इससे कीड़े और फफूंदी के पनपने की संभावना अधिक रहती है। इसके साथ ही कई बार चावल की कटाई, स्टोरेज और पैकिंग के दौरान सूक्ष्म कीट अपने अंडे छोड़ देते हैं। ये अंडे आंखों से दिखाई नहीं देते, लेकिन जैसे ही उन्हें गर्म और नम वातावरण मिलता है वे बाहर निकल आते हैं।
1- चावल में कीड़े लगने से कैसे बचाएं
चावल में कीड़े लगने से बचाने का सबसे सरल और शुरुआती तरीका है कि इसे हमेशा स्टील, कांच या अच्छी क्वालिटी के प्लास्टिक के एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रखें। इससे नमी और कीड़े अंदर नहीं पहुंच पाते हैं।
2- तेज पत्ता डालकर करें स्टोर
भारतीय घरों में तेज पत्ते का इस्तेमाल न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए, बल्कि कई सारी चीजों को सुरक्षित रखने के लिए भी लंबे समय से किया जाता रहा है। खासकर इसका इस्तेमाल अनाज को कीड़ों से बचाने के लिए भी किया जाता आ रहा है। बरसात के मौसम में चावल, दाल और गेहूं के डिब्बों में सूखे तेज पत्ते रखने से इनमें कीड़े लगने का खतरा कम हो सकता है। आप चावल के डिब्बे में ऊपर, बीच और नीचे की परतों में 5-8 तेज पत्ते रख सकते हैं। इसकी तेज प्राकृतिक सुगंध कई कीटों को दूर रखने में मदद करती है।
3- सूखी लाल मिर्च रखें
ग्रामीण इलाकों में लोग आज भी चावल और दाल जैसे अनाजों को लंबे समय तक कीड़े और कीटों से बचाने के लिए सूखी लाल मिर्च का इस्तेमाल करते हैं। अनाज के डिब्बों और बोरियों में साबुत लाल मिर्च डाल दी जाती है। माना जाता है कि लाल मिर्च की तीखी गंध और उसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व भंडारण वाले कीड़ों को दूर रखने में सहायक होते हैं। आप चावल के डिब्बे में 5-10 साबुत सूखी लाल मिर्च बीच-बीच में अलग-अलग जगह रख दें।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सामान्य जानकारी और पारंपरिक घरेलू उपायों पर आधारित है। चावल को सुरक्षित रखने के लिए हमेशा साफ, सूखे और एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करना चाहिए। अधिक कीड़े, फफूंदी, बदबू आने या चावल का रंग बदलने पर उसके सेवन से बचना चाहिए।
Also Read
बरसात में फल और सब्जियों में छिपे हो सकते हैं कीड़े, साफ करने के लिए अपनाएं ये तरीके
