भारतीय घरों में बनाए जाने वाले स्वादिष्ट व्यंजनों में से एक कढ़ी भी है। यह दही-बेसन से बनती है जिसका स्वाद आमतौर पर हल्का खट्टा, मसालेदार और लाजवाब होता है। अलग-अलग राज्यों में कढ़ी बनाने का तरीका और स्वाद अलग होता है। कहीं इसे पकौड़ों के साथ बनाया जाता है, तो कहीं इसमें बड़ियां डाली जाती हैं। कढ़ी बनाते वक्त सबसे बड़ी समस्या बड़ियों को लेकर होती है। दरअसल, कई बार ये काफी सख्त बन जाती हैं। बड़ियां जितनी मुलायम होती हैं, खाने का मजा उतना ही बढ़ जाता है। अगर आप भी सख्त बड़ियों से परेशान हैं, तो आइए जानते हैं इसे मुलायम बनाने के आसान उपाय और विधि के बारे में।

नरम बड़ियां बनाने के लिए सामग्री

1 कप बेसन
1 बारीक कटा हुआ प्याज
1-2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
एक चुटकी हल्दी
आधा छोटा चम्मच अजवाइन
स्वादानुसार नमक
1 चुटकी हींग
1 चुटकी बेकिंग सोडा
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल

इस तरह बनाएं नरम बड़ियां

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन लें। इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक, अजवाइन, लाल मिर्च, हल्दी, हींग और नमक डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल तैयार करें। घोल न ज्यादा गाढ़ा और न ही बहुत पतला होना चाहिए।

इसके बाद बेसन के घोल को हाथ या व्हिस्क की मदद से 5-7 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें। इससे घोल में हवा भरती है और बड़ियां अंदर से हल्की और नरम बनती हैं। यही बड़ियों को नरम बनाने का एक अहम तरीका है। घोल की थोड़ी सी मात्रा पानी में डालकर देखें। अगर घोल कुछ देर तक पानी के ऊपर तैरता रहे, तो समझें कि घोल अच्छी तरह फेंटा गया है।

इसके बाद तलने से ठीक पहले इसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथ से मिला दें। बहुत ज्यादा सोडा डालने से बचें, इससे स्वाद और बनावट खराब हो सकती है। इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल बहुत तेज गर्म नहीं होना चाहिए। हाथ या चम्मच की मदद से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में घोल डालें। बड़ियों को मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक तलें। बहुत गहरा भूरा या ज्यादा कुरकुरा होने तक नहीं तलना है, क्योंकि इससे बड़ियां सख्त हो सकती हैं।

अब बड़ियों को गुनगुने पानी में 5-10 मिनट के लिए भिग दें। इसके बाद हल्के हाथ से अतिरिक्त पानी निकालकर तैयार कढ़ी में डाल दें। इस तरह आप आसानी से नरम-नरम बड़ियां बना सकते हैं।

क्यों सख्त होती हैं बड़ियां

बेसन का घोल गाढ़ा होना
अच्छी तरह घोल को न फेंटना
तेज आंच पर तलना
बहुत ज्यादा देर तक तलना
तलने के बाद कुछ देर पानी में न भिगोना

यह भी पढ़ें
रात की बच गई है दाल, इस तरह बनाएं परफेक्ट चीला