अक्सर हम देखते आए हैं कि भारतीय रेलवे और हवाई अड्डों पर 24 घंटे वाली घड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। रेलवे स्टेशन और हवाई जहाज के टिकट पर भी समय शाम के 8:15 बजे की जगह 20:15 लिखा होता है। आमतौर पर हम रोजमर्रा की बातचीत में 12 घंटे वाली घड़ी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रेलवे और हवाई सेवाओं में 24 घंटे वाली घड़ी का उपयोग क्यों किया जाता है।
क्यों होता है 24 घंटे वाली घड़ी का इस्तेमाल
दरअसल, इसका मुख्य कारण समय को लेकर होने वाली उलझन से बचना और समय-सारणी को स्पष्ट रखना है। हजारों ट्रेनें और उड़ानें अलग-अलग मार्गों पर संचालित होती हैं। ऐसे में उनके संचालन को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए समय का सही होना बहुत जरूरी है। इस बारे में द इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने आईएटीओ (IATO) के अध्यक्ष रवि गोसाईं से बात की तो उन्होंने बताया, “परिवहन सेवाओं में समय की सटीकता, एकरूपता और सुरक्षा की जरूरत को देखते हुए रेलवे और हवाई सेवाओं में 24 घंटे वाली घड़ी का इस्तेमाल शुरू किया गया।” 19वीं शताब्दी में रेलवे नेटवर्क का विस्तार होने के साथ ही एक समान समय व्यवस्था की जरूरत भी बढ़ने लगी थी। इससे पहले अलग-अलग शहरों में स्थानीय समय का इस्तेमाल होता था। लोग सूरज की स्थिति के आधार पर समय का अनुमान लगाते थे। इस वजह से रेलवे के कामकाज और ट्रेनों के संचालन में कई तरह की परेशानियां आती थीं।”
रेलवे में इस्तेमाल होने की बड़ी वजह
12 घंटे की घड़ी में AM और PM को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। खासकर आधी रात के समय, सुबह जल्दी जाने वाली ट्रेनों और देर रात पहुंचने वाली ट्रेनों के मामले में ऐसी उलझन हो सकती है। “24 घंटे वाली घड़ी इस तरह की गलतफहमी को दूर करती है। इसमें हर समय का एक अलग अंक होता है, जो 00:00 से शुरू होकर 23:59 तक जाता है।”
हवाई सेवाओं में क्यों इस्तेमाल होता है
हवाई सेवाओं में भी इसी तरह के कारणों के चलते 24 घंटे वाली घड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों, अलग-अलग देशों के समय में अंतर और पायलटों, हवाई यातायात अधिकारियों तथा हवाई अड्डे के कर्मचारियों के बीच तालमेल बनाए रखने की चुनौती भी होती है। गोसाईं बताते हैं, “दुनियाभर में परिवहन व्यवस्था की तरह हवाई सेवाओं में भी कामकाज के दौरान समन्वित सार्वभौमिक समय (UTC) का इस्तेमाल किया जाता है। इससे अलग-अलग समय क्षेत्रों के कारण होने वाली गलतफहमी से बचा जा सकता है। हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए उड़ान के टिकटों और समय-सारणी में विमान के उड़ान भरने और पहुंचने का समय स्थानीय समय के अनुसार ही दिया जा सकता है।”
आगे वह बताते हैं कि, “भारत में रेलवे की समय-सारणी और स्टेशनों पर लगे सूचना बोर्डों में 24 घंटे वाली घड़ी का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया जाता है। इसके पीछे सीधा कारण यह है कि परिवहन सेवाओं में समय को लेकर होने वाली छोटी-सी गलतफहमी भी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है।”
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और द इंडियन एक्सप्रेस की ओर से बातचीत किए गए विशेषज्ञों से मिली जानकारी पर आधारित है।
यह भी पढ़ें
नकल करने, बोलने, पहचानने और पहेलियां सुलझाने में माहिर होते हैं तोते, जानिए कैसे
