बाथरूम में लगे दरवाजों का अगर सही से ध्यान न रखा, जाए तो ये जल्दी फूलने लगते हैं और कुछ समय बाद इसका निचला हिस्सा कमजोर होकर टूटने या उखड़ने भी लगता है। इसके साथ ही कई बार उनमें से बदबू भी आने लगती है। यह समस्या तो आम है लेकिन कई बार जब दरवाजे खराब हो जाते हैं तो ये घर की खूबसूरती को भी प्रभावित कर सकता है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि ये दरवाजे जल्दी क्यों फूलने व खराब होने लगते हैं और फूले हुए दरवाजों को कैसे ठीक किया जाए।

क्यों फूलने लगते हैं बाथरूम के दरवाजे

बाथरूम के दरवाजे लगातार पानी और नमी के संपर्क में रहते हैं, जिसके चलते दरवाजे की लकड़ी, खासकर नीचे का हिस्सा फूलने लगता है, जिससे कई बार उसे खोलने-बंद करने में भी दिक्कत होती है। दरवाजे में नमी जमा होने के कारण उसमें से सीलन और बदबू भी आने लगती है। अगर बाथरूम का दरवाजा लकड़ी, प्लाई या पार्टिकल बोर्ड का है तो उनके निचले हिस्से के खराब होने की संभावना अधिक रहती है।

इसके साथ ही बाथरूम में गर्म पानी इस्तेमाल करने पर काफी भाप बनती है। अगर कमरे में वेंटिलेशन सही नहीं है, तो यह नमी लंबे समय तक बनी रहती है। लगातार नमी के संपर्क में रहने से दरवाजे का निचला हिस्सा धीरे-धीरे फूल सकता है। साथ ही पेंट, पॉलिश या सीलेंट की अच्छी परत न होने पर भी पानी आसानी से अंदर पहुंच जाता है।

सील करने का तरीका

सबसे जरूरी है कि दरवाजे के निचले हिस्से को सही तरीके से सील करें। इसके लिए आप दरवाजे के निचले हिस्से पर वॉटरप्रूफ पेंट, सीलेंट या उपयुक्त प्रोटेक्टिव कोटिंग करवा सकते हैं। खासकर नीचे के कटे हुए हिस्सों को अच्छी तरह सील करें।

पानी रोकने का तरीका

दरवाजे के नीचे उपयुक्त डोर सील या वॉटर बार लगा कर भी पानी को रोका जा सकता है। इससे बाथरूम का पानी सीधे दरवाजे के निचले हिस्से तक कम ही पहुंचता है। हालांकि, इसे इस तरह लगाना चाहिए कि बाथरूम का पानी ड्रेन की ओर जाने में बाधित न हो।

इस तरह करें ठीक

अगर फूलने के कारण लकड़ी के दरवाजे में छोटी दरारें या हल्की टूट-फूट आ गई है, तो उसे आप वुड फिलर से भर सकते हैं। फिलर जब सूख जाए तो उसे सैंडपेपर से चिकना कर दें, ताकि दरवाजे की सतह समतल हो जाए। हालांकि, दरवाजा ज्यादा खराब हो गया है तो उसे बदलना बेहतर माना जाता है।

बंद न होने पर क्या करें

अगर फूलने के कारण दरवाजा बंद नहीं हो रहा है और फर्श पर रगड़ रहा है, तो आप बढ़ई को बुलाकर उसके नीचे का कुछ हिस्सा काटकर बराबर कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान रहे इसके बाद कटे हुए हिस्से को अच्छी तरह सील कर दें, ताकि पानी दोबारा अंदर न जाए।

इस तरह करें लैमिनेट

बाथरूम के दरवाजे को फूलने से बचाने के लिए निचले हिस्से की लंबाई और चौड़ाई के अनुसार लैमिनेट शीट काट लें। बाजार में अलग-अलग क्वालिटी और डिआइन की लैमिनेट शीट उपलब्ध हैं। इसके बाद दरवाजे पर लैमिनेट अच्छी तरह से चिपका दें। लैमिनेट को धीरे-धीरे सतह पर चिपकाएं। इसके लिए रबर रोलर या किसी समतल चीज का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे अंदर फंसी हवा निकल जाती और लैमिनेट के नीचे बुलबुले बनने की संभावना भी कम हो जाती है।

कैसा होना चाहिए दरवाजा

चूंकि बाथरूम का दरवाजा पानी के संपर्क में लगातार रहता है, ऐसे में सही मटेरियल चुनना बेहद जरूरी है। बाथरूम के लिए WPC, PVC और अन्य नमी-रोधी मटेरियल बेहतर माने जाते हैं।

यह भी पढ़ें
तवे के पीछे वाले हिस्से का कालापन कैसे दूर करें, चमका सकते हैं ये 3 आसान नुस्खे