बागवानी करने वाले लगभग हर किसी ने कोकोपीट का नाम सुना होगा। यह नारियल के छिलकों से निकलने वाला एक प्राकृतिक, हल्का और स्पंजी पदार्थ है। बागवानी और खेती में इसका उपयोग मुख्य रूप से मिट्टी की गुणवत्ता को सुधारने के लिए किया जाता है। अक्सर लोग गमले में मिट्टी के साथ कोकोपीट भी डालते हैं। कोकोपीट में पानी सोखने और नमी को लंबे समय तक बनाए रखने की क्षमता होती है। साथ ही ये सामान्य मिट्टी की तुलना में यह बहुत हल्का होता है, जिससे पौधों की जड़ों को हवा और फैलने के लिए अच्छी जगह मिलती है।
नारियल खाने के बाद उसके छिलकों को अक्सर लोग बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं। लेकिन अगर आपको बागवानी का शौक है, तो पौधों के लिए बाजार से कोकोपीट खरीदने के बजाए घर पर ही तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए नारियल के छिलकों को कुछ समय तक संभालकर रखा जा सकता है। आइए जानते हैं घर पर नारियल के छिलकों से कोकोपीट कैसे तैयार करें।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
सूखे नारियल के छिलके
पानी
बड़ी बाल्टी या टब
कोई भारी वस्तु
छलनी या जाली
साफ कपड़ा या ट्रे
कैंची या कटर
इस तरह तैयार करें कोकोपीट
सबसे पहले सूखे और रेशेदार नारियल के छिलके इकट्ठा कर लें। अगर छिलके बड़े हैं तो उन्हें कैंची या कटर की मदद से छोटे टुकड़ों में काट लें। कटे हुए नारियल के छिलकों को एक बड़ी बाल्टी या टब में डालें और उसमें पर्याप्त पानी भर दें। छिलकों को पूरी तरह पानी में डूबे रहने दें। नारियल के रेशे काफी सख्त होते हैं, इसलिए उन्हें नरम होने में समय लग सकता है। कुछ दिनों तक पानी में भिगोकर रखने से छिलके धीरे-धीरे नरम होने लगते हैं और हाथ से दबाने पर वे आसानी से टूटने लगते हैं और रेशे अलग होने लगते हैं। इस दौरान पानी भी बदल सकते हैं।
इसके बाद भीगे हुए छिलकों को पानी से निकालकर अच्छी तरह दबा लें। हाथों से रगड़ने और मसलने पर उनमें से रेशे और महीन भूसा अलग होने लगेगा। बड़े रेशों को अलग कर लें और बचे हुए महीन पदार्थ को इकट्ठा करते जाएं। अगर कोयर को पीसने या रेशे अलग करने का कोई सुरक्षित उपकरण है तो उसकी मदद भी ले सकते हैं। दरअसल, घर पर हाथ से तैयार करते समय बहुत बड़े और कठोर टुकड़ों को इस्तेमाल करने के बजाए महीन पदार्थ को अलग करना बेहतर होता है।
इसके बाद इकट्ठा किए गए पदार्थ को छलनी से छान लें। इससे बड़े टुकड़े और मोटे रेशे अलग हो जाएंगे, जिससे महीन कोकोपीट मिल जाएगा। तैयार कोकोपीट को साफ कपड़े, ट्रे या किसी बड़ी प्लेट में निकालकर पतली परत में फैला दें। अब इसे धूप या अच्छी हवा वाली जगह पर सूखने दें, ताकि अतिरिक्त नमी निकल जाए।
जब यह सूखकर भुरभुरा हो जाए, तो समझ लें कि कोकोपीट तैयार है। अब आप इसे मिट्टी और जैविक खाद के साथ मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। खाद बनाने के तरीके और पौधों की उचित देखभाल के लिए बागवानी विशेषज्ञ की सलाह लें।
यह भी पढ़ें
फूलों से खिल उठेगी बालकनी, एक अपराजिता की कटिंग से ऐसे तैयार करें कई नए पौधे
