अक्सर हम जब भी सिनेमा हॉल में प्रवेश करते हैं तो अंदर भव्य सजावट, शानदार लाइटिंग, आरामदायक इंटीरियर और आकर्षक डिस्प्ले देखने को मिलता है। लेकिन फिल्म देखने के लिए जिस प्रवेश द्वार से एंट्री करते हैं वहां से बाहर नहीं निकलते। फिल्म खत्म होने के बाद बाहर निकलने का कोई और रास्ता होता है, जहां का नजारा बिल्कुल अलग होता है। कई बार निकास गेट के आसपास सिर्फ पाइप और प्लाईवुड जैसी साधारण चीजें दिखाई देती हैं। क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? आइए जानते हैं:

क्यों अलग होते हैं एंट्री और एग्जिट गेट

हाल ही में मार्केटिंग प्रोफेशनल राज डाभोलकर ने लिंक्डइन पर सिनेमा हॉल में अलग एंट्री और एग्जिट गेट को लेकर एक पोस्ट साझा किया है। उनके मुताबिक, सिनेमा हॉल का प्रवेश द्वार इस तरह तैयार किया जाता है कि दर्शकों को प्रीमियम अनुभव मिले और वे खाने-पीने की चीजें खरीदने के लिए आकर्षित हों। वहीं, बाहर निकलने वाले रास्ते को इस तरह बनाया जाता है कि फिल्म खत्म होने के बाद दर्शक आसानी से और जल्दी बाहर निकल सकें, ताकि अगले शो के लिए हॉल तैयार किया जा सके।

हालांकि, इसके पीछे सिर्फ व्यावसायिक सोच ही नहीं, बल्कि मनोविज्ञान भी काम करता है। आखिर शानदार प्रवेश द्वार हमें बेहतर अनुभव की उम्मीद क्यों देता है? वहीं, फिल्म देखने के बाद साधारण और खराब तरीके से रखरखाव वाला एग्जिट गेट पूरे अनुभव को फीका क्यों कर सकता है? इसका जवाब मनोविज्ञान की दो अवधारणाओं में छिपा है, जिन्हें हेलो इफेक्ट और रीसेंसी इफेक्ट कहा जाता है।

हेलो इफेक्ट हमारी पहली धारणा को कैसे प्रभावित करता है

हेलो इफेक्ट मनोविज्ञान से जुड़ी एक ऐसी अवधारणा है, जिसमें किसी व्यक्ति, जगह या अनुभव की एक अच्छी खूबी के आधार पर हम उसके बारे में पूरी धारणा बना लेते हैं। इस पर द इंडियन एक्सप्रेस की टीम से बातचीत में आकाश हेल्थकेयर की एसोसिएट कंसल्टेंट और मनोचिकित्सक डॉ. पवित्रा शंकर बताती हैं कि सिनेमा हॉल में भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक लाइटिंग, शानदार इंटीरियर और खूबसूरत डिस्प्ले इसी सोच को ध्यान में रखकर तैयार किए जाते हैं। इनका मकसद दर्शकों के मन में शुरुआत से ही एक बेहतर और प्रीमियम अनुभव की उम्मीद जगाना होता है।

वह कहती हैं, “प्रवेश द्वार को इस तरह बनाया जाता है कि वहां पहुंचते ही लोगों को उत्साह महसूस हो और उनके मन में अच्छी छवि बने। इसके उलट, बाहर निकलने वाले रास्ते पर अक्सर उतना ध्यान नहीं दिया जाता है।” जब दर्शक सिनेमा हॉल में खूबसूरत लॉबी, आरामदायक माहौल और आधुनिक सुविधाएं देखते हैं, तो उनके मन में पूरे सिनेमा हॉल को लेकर अच्छी धारणा बन जाती है। इसका असर सिर्फ वहां की सजावट तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वे वहां मिलने वाली सेवाओं और पूरे अनुभव को भी बेहतर मानने लगते हैं। हालांकि, डॉ. पवित्रा शंकर बताती हैं कि सिनेमा हॉल में बाहर निकलने वाले रास्तों का महत्व सिर्फ उनकी बनावट या खूबसूरती तक सीमित नहीं है। ये रास्ते आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, दिव्यांग लोगों की सुविधा और भीड़ को आसानी से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाते हैं। वह कहती हैं, “सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है, लेकिन एक अच्छे डिजाइन में खूबसूरती के साथ-साथ सुरक्षा और सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।”

खराब निकास द्वार का प्रभाव

डॉ. पवित्रा शंकर के मुताबिक, अगर किसी सिनेमा हॉल का प्रवेश द्वार शानदार है, वहां आरामदायक सीटें, आकर्षक सजावट और आधुनिक सुविधाएं हैं, तो दर्शक पूरे अनुभव को बेहतर मानते हैं। लेकिन अगर बाहर निकलने का रास्ता ठीक से बना हुआ न हो या उसका रखरखाव सही तरीके से न किया गया हो, तो यह अच्छी फिल्म देखने के अनुभव को भी फीका कर सकता है। “अगर बाहर निकलते समय बहुत ज्यादा भीड़ हो, रास्ता बताने वाले संकेत न हों या लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो, तो वे इतने परेशान हो सकते हैं कि फिल्म देखने का अच्छा अनुभव भी उनके लिए मायने नहीं रखेगा।”

सिनेमा हॉल की डिजाइन को लेकर इससे क्या सीख मिलती है

सिनेमा हॉल का भव्य प्रवेश द्वार उसकी अलग पहचान बनाने और दर्शकों के मन में अच्छी छवि बनाने में मदद करता है। लेकिन दर्शकों का अनुभव सिर्फ लॉबी तक ही सीमित नहीं होना चाहिए। सिनेमा हॉल में रास्ता बताने वाले स्पष्ट संकेत, सभी के लिए आने-जाने की सुविधाएं, साफ-सुथरे और अच्छी स्थिति में निकास द्वार के साथ-साथ भीड़ को आसानी से बाहर निकालने की व्यवस्था भी होनी चाहिए। ये सभी चीजें किसी भी सार्वजनिक जगह को बेहतर बनाने के लिए जरूरी हैं। डॉ. पवित्रा शंकर के मुताबिक, किसी सिनेमा हॉल की पहचान सिर्फ वहां दिखाई जाने वाली फिल्मों और अंदर के माहौल से नहीं बनती, बल्कि इस बात से भी बनती है कि दर्शक वहां कितनी आसानी से और सुरक्षित तरीके से पहुंचते हैं, घूमते हैं और फिल्म देखने के बाद बाहर निकलते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियों और द इंडियन एक्सप्रेस द्वारा विशेषज्ञों से बातचीत के दौरान मिली जानकारी पर आधारित है।

यह भी पढ़ें
कपड़े के लेबल में छिपी होती हैं ये जरूरी जानकारियां, खरीदने से पहले जरूर पढ़ें