White Hair: इन गलतियों की वजह से कम उम्र में सफेद हो जाते हैं बाल, जानिए कारण और इसे रोकने के उपाय
Tips to remove white/grey hair: सफेद बालों के लिए करी पत्ता का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद गुण बालों को पोषण देते हैं

Tips to remove white/grey hair: सफेद बालों की समस्या बेहद आम होती जा रही है। चाहे युवा हों या बुजुर्ग, हर किसी को सफेद बालों की समस्या होने लगी है। धूप, प्रदूषण, गलत खान-पान जैसे बाहरी तत्व और थाइरॉयड, एनीमिया, प्रोटीन की कमी, कम हीमोग्लोबिन और जेनेटिक डिसॉर्डर जैसे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के वजह से कम उम्र में ही लोगों के बाल सफेद होते जा रहे हैं। सफेद बालों से छुटकारा पाने के लिए लोग कई केमिकल युक्त हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं जो बालों के लिए और भी ज्यादा हानिकारक साबित हो सकता है। ऐसे में बालों को जवां रखने के लिए कई घरेलू उपचारों का इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए जानते हैं क्यों होते हैं कम उम्र में बाल सफेद और कैसे करें इससे बचाव-
क्या होते हैं जल्दी बाल सफेद होने के कारण: कम उम्र में बाल सफेद होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जिनमें से कुछ जेनेटिक होते हैं तो कई बार लापरवाही के कारण भी बाल सफेद हो जाते हैं। खानपान में पोषक तत्वों की कमी को लेकर लापरवाही, अनियमित दिनचर्या, स्ट्रेस और हार्मोनल बदलाव के कारण भी बाल सफेद हो जाते हैं। इसके अलावा, बालों में मेलेनिन पिगमेंट की कमी के कारण भी सफेद बालों की समस्या हो सकती है। धूम्रपान करने वालों में, शराब पीने वालों में या बहुत अधिक जंक फूड खाने वालों में मेलनिन का बनना बहुत जल्दी प्रभावित हो जाता है।
मिनरल्स और विटामिन्स की कमी भी हो सकती है वजह: शरीर में पोषक तत्वों की कमी भी कम उम्र में बाल सफेद होने का एक कारण माना जाता है। वैसे लोग जिनके शरीर में विटामिन बी-12 और फॉलिक एसिड की कमी हो जाती है, उन्हें भी सफेद बालों की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, आयरन, विटामिन डी, फोलेट और सेलेनियम की कमी से भी हेयर फॉलिकल्स सफेद हो सकते हैं। वहीं, कई बार कुछ केमिकल युक्त हेयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल भी बालों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
इन घरेलू उपायों का करें इस्तेमाल: सफेद बालों के लिए करी पत्ता का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद गुण बालों को पोषण देते हैं जिनसे सफेद बालों की समस्या कम हो सकती है। करी पत्ता बालों के मेलानिन पिगमेंटेशन को बढ़ाता है। पिगमेंटशन बढ़ने से सफेद बालों की समस्या दूर होती है। साथ ही यह बालों का बेहतर विकास भी करता है। इसके अलावा, प्याज को भी सफेद बालों की परेशानी से निजात दिलाने में कारगर माना जाता है। काली मिर्च सफेद बालों की समस्या को दूर करने में मदद करता है। इसमें मौजूद तत्व बालों को काला करते हैं। इसके अलावा हेयर फॉलिकल्स को भी मजबूत करता है।