दीवाली रोशनी का त्योहार है। इस मौके पर लोग अपने घरों को मिट्टी के दीयों, मोमबत्तियों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाते हैं। घर की रेलिंग, बालकनी, कमरों और छत को सजाने के लिए तरह-तरह की झालरें, एलईडी लाइटें और अन्य सजावटी लाइटों का इस्तेमाल किया जाता है। इनसे घर की खूबसूरती बढ़ जाती है और त्योहार का माहौल भी खास बन जाता है। मार्केट में मिलने वाली ये सजावटी लाइटें काफी महंगी होती हैं। हालांकि, अगर आप दिल्ली में कम बजट में दीवाली की खरीदारी करना चाहते हैं, तो यहां के कुछ प्रमुख बाजारों से आप सस्ती लाइटें खरीद सकते हैं।
1- भागीरथ पैलेस, चांदनी चौक
पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में स्थित भागीरथ पैलेस बिजली के सामान और सजावटी लाइटों के लिए प्रसिद्ध है। यहां घर की सजावट के लिए एलईडी झालरें, फेयरी लाइटें, पर्दे वाली लाइटें, एलईडी स्ट्रिप्स और दूसरी तरह की लाइटें खरीद सकते हैं। यहां कई दुकानों पर थोक और खुदरा खरीदारी के विकल्प मिलते हैं। बालकनी, छत, रेलिंग और मुख्य दरवाजे को सजाने के लिए यहां लाइटों के अलावा अन्य सजावटी सामान भी मिलते हैं।
2- लाजपत राय मार्केट
लाजपत राय मार्केट भी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में ही स्थित है। यहां इलेक्ट्रॉनिक सामान और एलईडी लाइटों के कई विकल्प मिल सकते हैं। अगर आप अलग-अलग रंगों वाली लाइटें, एलईडी स्ट्रिप्स या घर के लिए अन्य इलेक्ट्रिक सजावटी सामान खरीदना चाहते हैं, तो यहां जा सकते हैं। ये भागीरथ पैलेस के पास ही है। एक ही दिन में दोनों जगहों पर जाया जा सकता है।
3- सदर बाजार
अगर आप कम बजट में कई तरह की सजावटी चीजें खरीदना चाहते हैं, तो सदर बाजार एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह दिल्ली के प्रमुख थोक बाजारों में से एक है। दीवाली के दौरान यहां सजावटी झालरें, फेयरी लाइट्स, कागज की लालटेन, दीये, मोमबत्तियां और घर सजाने का अन्य सामान खरीद सकते हैं।
4- लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट
दक्षिण दिल्ली में रहने वाले लाजपत नगर का दीवाली के लिए इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स और सजावटी लाइट्स की खरीदारी कर सकते हैं। यहां से आप फेयरी लाइट्स, सजावटी लैंप, रंगोली से जुड़ा सामान और दूसरी सजावट की चीजें खरीद सकते हैं।
5- करोल बाग मार्केट
करोल बाग में त्योहारों की खरीदारी के दौरान सजावटी लाइटों और घर सजाने के दूसरे सामान भी मिलते हैं। यहां आप फेयरी लाइट्स से लेकर सजालटी लेंप और एलईडी लाइट्स तक काभी कम दामों में खरीद सकते हैं।
यह भी पढ़ें
दीवाली के लिए घर पर बनाएं सजावटी लाइटें, जार से इस तरह बनाएं लैंटर्न
