इनफर्टिलिटी यानी बांझपन एक ऐसी समस्या है जो सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पुरुष भी इस परेशानी की गिरफ्त में हैं। कहा जाता है कि उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं में इनफर्टिलिटी का खतरा बढ़ जाता है, लेकिन यही बात पुरुषों पर भी लागू होती है। विशेषज्ञों के मुताबिक उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों में स्पर्म की क्वालिटी प्रभावित होती है।
विशेषज्ञ कहते हैं कि पुरुष यूं तो 50 साल की उम्र में भी पिता बन सकते हैं। लेकिन शोधकर्ताओं ने पाया है कि पुरुष की उम्र महिला के प्रेग्नेंट होने की संभावना को प्रभावित कर सकती है। 40 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों में बाप बनने की संभावना कम हो सकती है। पुरुषों के लिए पिता बनने का सबसे बेहतर समय 30 साल की उम्र के अंदर है।
पुरुषों का बायोलॉजिकल क्लॉक: पुरुषों में स्पर्म का बनना कभी बंद नहीं होता लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि पुरुषों का बायोलॉजिकल क्लॉक नहीं होता। पुरुषों की उम्र बढ़ने के साथ उनके स्पर्म की क्वालिटी और संख्या दोनों प्रभावित होती है। उम्र बढ़ने पर पुरुषों के स्पर्म में आनुवांशिक तौर पर बदलाव आते हैं जिसकी वजह से पुरुषों का स्पर्म डैमेज होने का खतरा बढ़ सकता है। उम्र बढ़ने पर स्पर्म की क्वालिटी भविष्य में बच्चे की सेहत को भी प्रभावित कर सकती है।
कई अध्ययनों में ये बात भी सामने आई है कि ज्यादा उम्र में बाप बनने वाले पिता की स्पर्म क्वालिटी का असर होने वाले बच्चे की भी सेहत को प्रभावित करता है। होने वाला बच्चा न्यूरो डेवलपमेंटल डिसऑर्डर का शिकार हो सकता है।
किस उम्र में स्पर्म बनना बंद हो जाता है: पुरुषों में आमतौर पर स्पर्म बनना कभी बंद नहीं होता, लेकिन उम्र के साथ-साथ स्पर्म की गुणवत्ता में गिरावट आने लगती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सीमन के मानदंड निर्धारित किए हैं जो हेल्दी स्पर्म के लिए पैरामीटर हैं। इनमें स्पर्म काउंट, उनका शेप और गतिशीलता शामिल है।
स्पर्म की हेल्थ और फर्टिलिटी: स्पर्म की हेल्थ कई बातों पर निर्भर करती है। अगर स्पर्म की संख्या की गुणवत्ता की बात करें तो किसी भी पुरुष में एक बार के इजेकुलेशन में 15 मिलियन प्रति मिलिमिटर स्पर्म निकलता है तो इसे अच्छी प्रजनन क्षमता माना जाता है। इस स्पर्म से प्रेग्नेंसी की संभावना ज्यादा होती है। स्पर्म की संख्या जितनी कम होगी पुरुष में बच्चा पैदा करने की संभावना उतनी ही कम होगी।
किस उम्र में पुरुष सबसे ज्यादा फर्टाइल होते हैं: 22 से 25 साल की उम्र में पुरुष सबसे ज्यादा फर्टाइल होते हैं। एक्सपर्ट पुरुषों को 35 साल से पहले बाप बनने की सलाह देते हैं। 35 साल के बाद पुरुषों में प्रजनन क्षमता प्रभावित होने लगती है।