Dating Down Trend: सोशल मीडिया पर रिश्तों को नए-नए नाम दिए जाते हैं। ऐसा ही एक नाम इन दिनों काफी चर्चा में है, जिसे डेटिंग डाउन कहा जाता है। आसान शब्दों में कहा जाए, तो इसका मतलब है कि किसी ऐसे व्यक्ति को डेट करना जिसे किसी न किसी मामले में कमतर माना जाता है। फिर चाहे वह रंग-रूप हो, आय हो, शिक्षा या सामाजिक स्तर के मामले हों। कुछ लोग इसका इस्तेमाल ऐसे पार्टनर के लिए भी करते हैं, जो रिश्ते में ज्यादा प्रयास नहीं करता या इमोशनल रूप से उपलब्ध नहीं रहता है। हालांकि यह शब्द काफी वायरल हो रहा है, लेकिन इसने रिश्तों से जुड़े कई सवाल खड़े किए हैं।
हम लोगों के बीच तालमेल को कैसे नापते हैं और क्या लोगों को एक ही हायरार्की में बांटना फायदे से ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है। इस मुद्दे पर द इंडियन एक्सप्रेस ने डॉ. साक्षी मंध्यान से बातचीत की।
रिश्तों में अंतर बनाम असंतुलन
इस विषय पर मनोवैज्ञानिक और मंध्यान केयर की संस्थापक डॉ. साक्षी मंध्यान से द इंडियन एक्सप्रेस ने बातचीत की। उन्होंने बताया कि यह डेटिंग डाउन (Dating Down) शब्द अपने आप में एक समस्या पैदा कर सकता है। यह रिश्तों को रैंकिंग सिस्टम में बदल देता है। उनके अनुसार आय, शिक्षा, पेशा या सुंदरता यह तय नहीं करती है कि कौन-सा पार्टनर बेहतर है। दो लोग बिल्कुल अलग बैकग्राउंड से आ सकते हैं और फिर भी उनके बीच का रिश्ता बराबरी का हो सकता है।
एक्सपर्ट के अनुसार अंतर और असंतुलन के बीच फर्क होता है। कम कमाना एक अंतर है जबकि जिम्मेदारी लेने से मना करना असंतुलन है। जैसे फॉर्मल एजुकेशन कम होना अंतर है लेकिन अपने साथी के विचारों को खारिज कर देना या खुद में सुधार लाने से मना करना बिल्कुल अलग बात है।
साइकोलॉजिकली डॉ. मंध्यान बताती हैं कि कम्पैटिबिलिटी या तालमेल इस बात पर ज्यादा निर्भर करती है कि दो लोग सम्मान, जिम्मेदारी, आपसी टकराव और भावनात्मक जरूरतों को कैसे संभालते हैं। कोई भी रिश्ता तब अस्वस्थ हो जाता है, जब एक पार्टनर बार-बार उस कमी की भरपाई करता रहे और दूसरा पार्टनर पूरा करने के लिए तैयार नहीं है।
सम्मानजनक और बराबरी का रिश्ता बनाना
डॉ. मंध्यान के अनुसार जब कोई व्यक्ति यह सोचने लगता है कि मैं तुमसे बेहतर मिल सकता था। तब साइकोलॉजिकली स्तर पर रिश्ते का स्वरूप बदलने लगता है। ऐसे में दूसरे व्यक्ति से उम्मीदें रखना ज्यादा आसान हो जाता है, बजाय इसके कि हम रिश्ते क्या कर पा रहे हैं या क्यों नहीं दे पा रहे। जिस पार्टनर को लगता है कि उसका पार्टनर उससे बेहतर है (डेटिंग अप), वह भी अपनी काबिलियत साबित करने का दबाव महसूस करने लग सकता है।
जब एक पार्टनर खुद को मन ही मन दूसरे से बेहतर समझने लगता है, तो यह धीरे-धीरे छोटी-छोटी बातों में झलकने लगता है। ऐसे में उनके ओपिनियन या सलाह ज्यादा महत्वपूर्ण होने लगती हैं। वहीं दूसरा पार्टनर खुद का बचाव करने लगता है या फिर सामने वाले की इजाजत पाने के लिए जरूरत से ज्यादा कोशिश करने लगता है।
यह सोचने की बजाय कि कौन बेहतर है, इस बात पर जोर दिया जाना चाहिए कि क्या दोनों लोगों की बात बराबर सुनी जाती है। क्या दोनों तरफ से रिश्ता बराबरी का है। पार्टनर के बीच मतभेद तो हमेशा रहते हैं लेकिन समस्या तब आती है, जब इन मतभेदों का इस्तेमाल यह तय करने के लिए किया जाए कि किसकी जरूरतें ज्यादा मायने रखती हैं।
