देश में इस वक्त चीनी की कीमतों और मांग को लेकर चर्चा तेज है। थोक बाजारों में इसकी कीमतें रिकॉर्ड स्तर को छू रही हैं। भारतीय घरों में रोज इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में से एक चीनी भी है। इसका इस्तेमाल चाय बनाने से लेकर मिठाइयों तक में किया जाता है। हालांकि, रिफाइंड चीनी का अतिरिक्त सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है, जिसके चलते डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट चीनी का सेवन करने से मना करते हैं।

इसमें मुख्य रूप से कैलोरी होती है और पोषण बहुत कम होता है। ज्यादा चीनी के सेवन से वजन बढ़ने, दांतों में कैविटी और ब्लड शुगर बढ़ने जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि चीनी की जगह क्या डाइट में ऐसा शामिल किया जाए, जो इसकी भरपाई भी कर दे और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। हालांकि, यह चीजें आपके आसपास ही उपलब्ध हैं, चीनी की जगह आप इन चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। आइए जानते हैं:

1- खजूर

अगर आप अपनी डाइट से चीनी की जगह किसी और मीठे खाद्य पदार्थ को शामिल करना चाहते हैं तो खजूर अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। यह प्राकृतिक रूप से मीठे होते हैं और इनमें फाइबर के साथ अन्य कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। खजूर का इस्तेमाल आप दूध, स्मूदी या डेजर्ट में चीनी की जगह कर सकते हैं।

2- गुड़

गुड़ बाजार में आसानी से उपलब्ध होता है। चीनी की जगह आप गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं। चाय बनाने से लेकर मिठाइयों तक में गुड़ का इस्तेमाल किया जा सकता है और यह सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसमें आयरन, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि, इसका भी सीमित मात्रा में सेवन करना चाहिए।

3- शहद

आप चीनी की जगह शहद को भी अपनी डेली लाइफ में शामिल कर सकते हैं। इसमें प्राकृतिक मिठास के साथ कुछ एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। आप दूध, दही या अन्य पेय पदार्थों में चीनी की जगह शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इसका भी सीमित मात्रा में इस्तेमाल करना चाहिए।

4- किशमिश

किशमिश में प्राकृतिक मिठास पाई जाती है। मीठे व्यंजनों को बनाने में आप चीनी की जगह किशमिश का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे पीसकर पेस्ट बनाकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ओट्स, दही और घर पर बनाए जाने वाले डेजर्ट में किशमिश शामिल कर उनमें मिठास बढ़ाई जा सकती है।

5- स्टीविया

आप चीनी की जगह स्टीविया का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। यह स्टीविया रेबाउडियाना नामक पौधे की पत्तियों से प्राप्त किया जाता है। यह एक प्राकृतिक लोग कैलोरी स्वीटनर है। चीनी की तुलना में यह काफी ज्यादा मीठा होता है, इसलिए इसे सीमित मात्रा में इस्तेमाल करना चाहिए। इसका इस्तेमाल आप चाय, कॉफी और अन्य पेय पदार्थों में चीनी की जगह कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें
तुकाराम मुंढे की सलाह, बाहर खाना खाते समय इन 4 बातों का रखें ध्यान