दिनभर में शरीर की जरूरत के मुताबिक पानी पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। आम तौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति दिन में 4 से 8 बार यूरिन पास करता है। लेकिन क्या आपके साथ ऐसा होता है कि आपको हर एक घंटे में या उससे भी जल्दी पेशाब के लिए भागना पड़ता है? अक्सर लोग इसे ज्यादा पानी पीने का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स और यूरोलॉजिस्ट्स के मुताबिक, यदि पानी सामान्य मात्रा में पीने के बाद भी बार-बार यूरिन आ रहा है, तो यह केवल पानी का असर नहीं बल्कि शरीर की कुछ आंतरिक दिक्कतों की ओर इशारा हो सकता है।
यूरोलॉजिस्ट Santosh Kumar के मुताबिक बार बार पेशाब आता है तो इसके लिए कई तरह की परेशानियां जिम्मेदार होती है। कई बार डायबिटीज की वजह से पेशाब की थैली जिसे यूरीनरी ब्लैडर कहते हैं,कमजोर हो जाती है। कई बार पुरुषों में प्रोस्टेट की रुकावट की वजह से पेशाब की थैली पर दबाव पड़ता है और बार बार पेशाब आता है।
ऑस्ट्रेलियाई हेल्थ पोर्टल Wealthdirect के अनुसार बार-बार पेशाब आना कई स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। आमतौर पर यह समस्या यूरिन इंफेक्शन, किडनी से जुड़ी दिक्कतों या गर्भावस्था के दौरान देखी जाती है। हालांकि कई बार कुछ गंभीर बीमारियां भी इसकी वजह बन सकती हैं, जिनके कारण व्यक्ति को थोड़ी-थोड़ी देर में बार-बार पेशाब जाने की जरूरत महसूस होती है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कम पानी पीकर भी क्यों तेजी से पेशाब आता है?
कम पानी पीकर भी पेशाब आने के लिए जिम्मेदार कारण
एक्सपर्ट के मुताबिक अगर आपको हर आधा घंटे में पेशाब आता है तो आप उसे नजरअंदाज नहीं करें। कुछ बीमारियां ऐसी हैं जिनकी वजह से आपको बार बार पेशाब आ सकता है जैसे
- डायबिटीज मरीजों में ब्लड शुगर बढ़ने पर किडनी अतिरिक्त शुगर को बाहर निकालने के लिए ज्यादा यूरिन बनाती है।
- ओवरएक्टिव ब्लैडर (OAB)में पेशाब की थैली (Bladder) पूरी तरह भरी न होने पर भी बार-बार सिकुड़ने लगती है, जिससे तुरंत टॉयलेट जाने की इच्छा होती है।
- यूटीआई की वजह से मूत्राशय में बैक्टीरिया के कारण सूजन आ जाती है, जिससे बार-बार और जलन के साथ पेशाब आता है।
- पुरुषों में प्रोस्टेट बढ़ने से प्रोस्टेट ग्रंथि बड़ी हो जाती है और यूरिन की नली को दबाती है, जिससे ब्लैडर पूरी तरह खाली नहीं हो पाता।
डॉक्टर के पास कब जाना जरूरी है?
- अगर बार-बार पेशाब आने के साथ बुखार या कंपकंपी आ रही हो तो आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- पेशाब करते समय तेज जलन या दर्द महसूस होता है तो इसे नजरअंदाज नहीं करें तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- यूरिन का रंग बदला हुआ हो या उसमें खून (Blood) दिखाई देता है तो आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- पीठ के निचले हिस्से या पेट में तेज दर्द होता है तो आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- इनमें से कोई भी लक्षण दिखने पर घरेलू नुस्खों के बजाय तुरंत यूरोलॉजिस्ट से मिलें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
- शाम के समय या सोने से ठीक पहले चाय, कॉफी या कैफीन वाली चीजों का सेवन कम करें, क्योंकि ये ब्लैडर को उत्तेजित करते हैं।
- बिना डॉक्टर की सलाह के खुद से कोई भी एंटीबायोटिक या यूरिन साफ करने वाली दवा (Self-Medication) न लें।
- ब्लैडर को मजबूत बनाने के लिए डॉक्टर की सलाह पर ‘कीगल एक्सरसाइज’ (Kegel Exercises) की जा सकती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जागरूकता और चिकित्सा विशेषज्ञों (यूरोलॉजिस्ट) द्वारा साझा की गई सार्वजनिक जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसे किसी भी तरह की पेशेवर चिकित्सा सलाह या सटीक इलाज का विकल्प न माना जाए। हर व्यक्ति की शारीरिक स्थिति अलग हो सकती है। बार-बार यूरिन आने या दर्द की समस्या होने पर तुरंत किसी योग्य यूरोलोजिस्ट या डॉक्टर से संपर्क कर जरूरी जांच (जैसे- Urine RE/CS या Ultrasound) जरूर कराएं।
