जंक फूड की नहीं छूट रही आदत तो इन एक्सरसाइज टिप्स से कम कर सकते हैं अपना वजन
अधिकतर लोगों को जंक फूड खाना पसंद होता है या फिर समय की कमी के कारण हम काम के दौरान जंक फूड का सेवन करते हैं। इसकी अगर लत लग जाए तो व्यक्ति के शरीर को कई नुकसान हो सकते हैं।

लोग जितना खुश होकर जंक फूड का सेवन करते हैं, उसके उतने ही अधिक दुष्प्रभाव होते हैं। ज्यादा मात्रा में जंक फूड का सेवन करने से मोटापे का खतरा बढ़ता है। आप जितना ज्यादा जंक फूड का सेवन करते हैं आपके शरीर में पोषक तत्वों की मात्रा उतनी ही कम हो जाती है। ज्यादा मात्रा में जंक फूड का सेवन करना आपके दिल से लेकर दिमाग सभी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। एक ऐसे देश में, जहां लोग मोटापे और कुपोषण का शिकार हो रहे हैं, सही प्रकार का भोजन करना, कैलोरी के सेवन को ध्यान में रखना और अतिरिक्त कैलोरी को कम करने के लिए आवश्यक एक्सरसाइज की मात्रा जानना बेहद आवश्यक है। आइए जानते हैं किन एक्सरसाइज टिप्स की मदद से कम कर सकते हैं अपना वजन।
बर्गर खाने के बाद
अगर आप बर्गर खाने के शौकीन हैं तो आपको एक बड़ा मैक बर्गर खाने के बाद कैलोरी की मात्रा को कंट्रोल करने के लिए 100 मिनट या एक घंटा 40 मिनट टहलना चाहिए। अगर आप रनिंग करना चाहते हैं तो आपको एक घंटे रनिंग करनी चाहिए।
एक छोटी चॉकलेट बार
अगर आप चॉकलेट बार खा रहे हैं तो इसके बाद कैलोरी की मात्रा को नियंत्रित रखने के लिए के लिए आपको 42 मिनट के लिए टहलना चाहिए या फिर 22 मिनट रनिंग करनी चाहिए।
फ्रेंच फ्राईज
फ्रेंच फ्राईज ज्यादातर खाया जाने वाला स्नैक हैं लेकिन यह जंक फूड भी है इसलिए इसका सेवन करने के बाद आपको 90 मिनट वॉक करनी चाहिए या 50 मिनट रनिंग करना भी काफी होगा।
केएफसी फ्राइड चिकन(3 पीस)
अगर आप नॉन वेज खाते हैं तो आपने केएफसी तो ट्राय किया ही होगा। केएफसी फ्राइड चिकन के 3 पीस खाने के बाद 142 मिनट चलना चाहिए। दूसरे विकल्प के रूप में आप 70 मिनट रनिंग कर सकते हैं।
एक पैकेट मैगी
मैगी सभी के लिए पसंदीदा है क्योंकि यह जल्दी से तैयार होने वाला स्नैक है। हालांकि इसके सेवन से आप कैलोरी की मात्रा बढ़ा सकते हैं। इसलिए इसके सेवन के बाद 62 मिनट के लिए चलें या 33 मिनट तक रनिंग कर सकते हैं।
पिज़्ज़ा
पिज्ज़ा पार्टी तो आपने बहुत बार की होगी लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह जंक फूड आपके आहार में कैलोरी की मात्रा को बहुत अधिक बढ़ा सकता है। कैलोरी के सेवन को कंट्रोल करने के लिए आप दो स्लाइस पिज्ज़ा खाने के बाद 83 मिनट के लिए वॉक करें या 43 मिनट तक दौड़ भी सकते हैं।