Wedding Card DIY Ideas: शादी के कार्ड को अक्सर लोग अलमारी में सालों तक रखे रहते हैं। कुछ लोग यादों के तौर पर संभालकर रखते हैं जिसकी वजह से कई कार्ड समय के साथ बेकार लगने लगते हैं। अगर आपके घर में भी पुराने वेडिंग कार्ड जमा हो गए हैं तो उन्हें फेंकने की जगह आप दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। इनका इस्तेमाल आप अपने घर को खूबसूरत बनाने में कर सकते हैं। दरअसल पुराने वेडिंग कार्ड से आप कई तरह के होम डेकोर आइटम्स बना सकते हैं, जो स्टाइलिश भी दिखने के साथ-साथ बजट-फ्रेंडली भी हो सकते हैं।

गिफ्ट टैग या बुकमार्ग

अगर आप किसी को गिफ्ट देना चाहते हैं तो पुराने वेडिंग कार्ड की मदद से गिफ्ट टैग तैयार कर सकते हैं। अगर वेडिंग कार्ड की क्वालिटी अच्छी है तो इसे इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा आप अगर किताबों के शौकीन हैं तो इससे तरह-तरह के बुकमार्क बना सकते हैं।

वॉल फ्रेम

वेडिंग कार्ड में भगवान गणेश की खूबसूरत मूर्तियां लगी होती हैं। इनका इस्तेमाल करके आप मेन डोर या लिविंग रूम के लिए वॉल फ्रेम बना सकते हैं जो दीवार को खूबसूरत लुक देने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए किसी कार्डबोर्ड पर फोटो की कटिंग लगाएं और उसे स्टोन, शंख या अन्य डेकोरेटिव चीजों से सजाएं।

हैंगिंग डेकोर बनाएं

वेडिंग कार्ड को अलग-अलग साइज में काटकर इससे आप हैंगिंग डेकोर आइटम बना सकते हैं। जिसे धागे या रिबन में पिरोकर खूबसूरत वॉल हैंगिंग तैयार कर सकते हैं। इसे आप मेन डोर पर भी लगा सकते हैं, जो घर को सुंदर और मॉडर्न लुक दे सकता है।

फोटो फ्रेम

कई महंगे और अच्छे क्वालिटी के वेडिंग कार्ड पर खूबसूरत डिजाइन या मंडला आर्ट प्रिंट होते हैं। इन्हें आप काटकर फोटो फ्रेम में लगा सकते हैं जो किसी भी दीवार की सुंदरता को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।

स्क्रैपबुक बनाएं

पुराने वेडिंग कार्ड से आप खूबसूरत स्क्रैपबुक तैयार कर सकते हैं। जिसमें यादों को सजाकर रखा जा सकता है। इसके लिए शादी के मजबूत, मोटे और सुंदर दिखने वाले कार्ड के आगे और पीछे का हिस्सा अलग निकाल लें। वहीं बाकी के कार्ड के अंदर के हिस्सों को समान रूप से शेप देकर काट लें।

अगर आपके घर में भी पुराने वेडिंग कार्ड इकट्ठे हो गए हैं तो इन्हें फेंकने की बजाय दोबारा इस्तेमाल करने के इन तरीकों को आजमाया जा सकता है। इसके अलावा आप वेडिंग कार्ड की मदद से लिफाफे, पेपर बैग और पेन होल्डर भी बना सकते हैं।