नवरात्रि की रौनक अभी से घरों और बाजारों में देखी जा सकती है। यह उत्सव नौ दिनों तक चलता है। इस दौरान महिलाएं गरबा और डांडिया खेलने के लिए रंग-बिरंगे और खूबसूरत ट्रेडिशनल आउटफिट पहनती हैं। हालांकि कई बार ऐसा होता है कि अलग-अलग दुकानों पर घूमने के बावजूद भी हमें अपनी पसंद की आउटफिट नहीं मिल पाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं। अगर आप नवरात्रि लुक के लिए स्टाइलिश ब्लाउज तलाश रही हैं, तो इसे खुद से ही तैयार कर सकती हैं। दरअसल सिंपल ब्लाउज को भी नवरात्रि लुक के लिए सजाया जा सकता है।
अगर आपके पास ज्यादा बजट नहीं है, तो पुराने सिंपल ब्लाउज को ही नवरात्रि के लिए तैयार किया जा सकता है। इसके लिए कुछ सजावटी चीजों की जरूरत होगी जिसे आप अपने अनुसार ब्लाउज पर लगा सकते हैं। इस तरीके से बजट में नवरात्रि लुक को स्पेशल बनाया जा सकता है।
मिरर वर्क से सजाएं
नवरात्रि पर ज्यादातर लहंगा चोली में मिरर वर्क होता है। ऐसे में आप बाजार से इसे खरीदने की बजाय घर पर ही तैयार कर सकती हैं। इसके लिए काले रंग का सिंपल ब्लाउज ले सकती हैं। इसे सजाने के लिए मिरर यानी शीशे और ग्लू की जरूरत होगी। ब्लाउज के कॉलर या पीछे वाले हिस्से पर चारों ओर मिरर को ग्लू की मदद से चिपका सकती हैं। अगर आप ज्यादा हैवी लुक नहीं चाहती हैं, तो सिर्फ गले और बाजू वाले हिस्से पर इन्हें लगा सकती हैं।
पॉम-पॉम और टैसल टाई
ब्लाउज के पीछे कपड़े की डोरी की जगह पॉम-पॉम, कपड़े के टैसल या मेटैलिक बीड ड्रॉप्स लगा सकती हैं। गरबा डांस करते समय जब आप मूवमेंट करेंगी तो यह दिखने में काफी अच्छा लगेगा। इसे आप साड़ी या लहंगे के साथ पेयर कर सकती हैं। आप चाहें तो प्लेन स्कर्ट को भी नवरात्रि लुक दे सकती हैं।
कौड़ी का इस्तेमाल
नवरात्रि पर महिलाएं गरबा और डांडिया नाइट में शामिल होती हैं। ऐसे में अपनी आउटफिट सबसे अलग और खूबसूरत दिखाने के लिए कौड़ी का इस्तेमाल कर सकती हैं। ब्लाउज के निचले हिस्से पर कौड़ी को लगा सकती हैं। लटकती हुई कौड़ियां दिखने में बहुत खूबसूरत लगेंगी और इससे नवरात्रि लुक भी स्पेशल बन सकता है।
लेस और गोटा-पट्टी
ब्लाउज के गले और बाजू के किनारों पर सुंदर रंग-बिरंगी जरी, लेस और गोटा-पट्टी लगाकर सजाया जा सकता है। यह आपके सिंपल ब्लाउज को आकर्षक और स्टाइलिश दिखाने में मदद कर सकता है। खासबात यह है कि इसके लिए आपको ज्यादा बजट की जरूरत नहीं होगी। बाजार से लेस और गोटा-पट्टी लेकर आप इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।
मोती की डिटेलिंग करें
अपने लुक को खास बनाने के लिए ब्लाउज पर मोती यानी पर्ल की डिटेलिंग कर सकती हैं। गहरे रंग के कपड़ों पर मोती वर्क बहुत ही सुंदर लग सकता है। ब्लाउज के पीछे गले और बाजुओं के किनारों पर मोतियों की लाइनिंग कर सकती हैं। इसके साथ ही सुंदर लटकन वाली डोरी भी लगा सकती हैं।
