Reading Corner Decor Ideas: घर को खूबसूरत दिखाने के लिए हम कई तरीके अपनाते हैं। हालांकि कई बार कमरे का कोई न कोई कोना खाली रह जाता है, जिसका सही तरीके से इस्तेमाल नहीं हो पाता है। अगर आपके कमरे में भी ऐसी कोई जगह है, तो उसे खूबसूरत रीडिंग कॉर्नर में बदला जा सकता है।
रीडिंग कॉर्नर सिर्फ किताबें पढ़ने की जगह नहीं होती, बल्कि यह ऐसा शांत कोना होता है जहां पर आप कुछ समय सुकून से बिता सकते हैं। यहां आप अपनी पसंदीदा किताब पढ़ सकते हैं, कॉफी या चाय का आनंद ले सकते हैं या सुकून के कुछ पल बिता सकते हैं। कमरे की खाली जगह को नया लुक देना चाहते हैं, तो यहां दिए गए कुछ आसान आइडियाज की मदद ले सकते हैं।
साइड टेबल
रीडिंग कॉर्नर में एक छोटा-सा साइड टेबल रख सकते हैं। इस पर आप अपनी किताबें, चाय, पानी की बोतल या छोटा पौधा रख सकते हैं। इससे कोना ज्यादा व्यवस्थित और खूबसूरत दिखेगा। साथ ही जरूरी सामान भी आसानी से रखा जा सकेगा।
शेल्फ या अलमारी
अगर आपको किताबें पढ़ने का शौक है, तो दीवार पर छोटी शेल्फ या फ्लोटिंग रैक लगा सकते हैं। जिस पर आप अपनी पसंदीदा किताबों को सजाकर रख सकते हैं। यह देखने में अच्छी लगती है और पढ़ते समय भी आपको किताबें ढूंढने में आसानी होती है।
अच्छी रोशनी
किताबें पढ़ते समय पर्याप्त रोशनी बहुत जरूरी है। अगर कमरे में प्राकृतिक रोशनी आती है, तो रीडिंग कॉर्नर के लिए खिड़की के पास वाली जगह चुनें। शाम या रात के समय फ्लोर लैंप, टेबल लैंप या वॉल लाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
मल्टीपर्पस फर्नीचर
अगर आपका कमरा छोटा है, तो ऐसा फर्नीचर रखें जिसका इस्तेमाल कई तरीके से किया जा सके। ऐसे में एक मेज या कुर्सी रखें जिसमें सामान भी रखा जा सके। अगर आप टेबल नहीं रखना चाहते हैं तो जमीन पर भी बीन बैग रखकर कॉर्नर को सजा सकते हैं।
सजावट से दें नया लुक
रीडिंग कॉर्नर को आकर्षक बनाने के लिए छोटे पौधे, फोटो फ्रेम, फेयरी लाइट्स, मोटिवेशनल कोट्स, मोमबत्तियां या सजावटी कुशन इस्तेमाल कर सकते हैं। ये छोटी-छोटी चीजें कमरे के कोने को ज्यादा आकर्षक बना सकती हैं।
रंगों का चुनाव
कॉर्नर में हल्के और सुकून देने वाले रंगों का इस्तेमाल कर सकते हैं। हल्के रंग के कुशन, पर्दे या थ्रो ब्लैंकेट इस जगह को आरामदायक बना सकते हैं। अगर आप चाहें तो दीवार पर अपनी पसंद की पेंटिंग या मोटिवेशनल कोट्स लगा सकते हैं।
कमरे में अगर कोई खाली जगह है, तो उसे बेकार छोड़ने की बजाय आप रीडिंग कॉर्नर में उसे बदल सकते हैं। थोड़ी-सी प्लानिंग और क्रिएटिविटी की मदद से आप खूबसूरत रीडिंग कॉर्नर तैयार कर सकते हैं, जहां किताबें पढ़ने के साथ-साथ आराम भी किया जा सकता है।
