Jutti Cleaning Tips: महिलाएं त्योहारों, शादी-ब्याह, खास अवसरों या कैजुअल लुक के साथ ट्रेडिशनल जूतियां पहनना पसंद करती हैं। यह ऐसा फुटवियर है, जो किसी भी एथनिक आउटफिट की खूबसूरती को बढ़ा सकता है। बाजार में कढ़ाई, एम्ब्रॉयडरी, वेलवेट, स्टोन वर्क और गोटा पट्टी जैसी कई जूतियां आसानी से मिल जाती हैं। हालांकि सही देखभाल न करने, गलत तरीके से रखने या अन्य कारणों की वजह से ये जल्दी गंदी हो सकती हैं और इनकी चमक फीकी पड़ने लगती है। ऐसे में इन्हें सामान्य फुटवियर की तरह पानी से साफ करना या तेज रगड़ने से उनके फैब्रिक और डिजाइन खराब हो सकते हैं। इसलिए इन्हें साफ करते समय सही तरीका अपनाना जरूरी है। आइए जानते हैं उन तरीकों के बारे में, जिनकी मदद से आप बिना नुकसान पहुंचाए जूतियों की चमक बरकरार रख सकती हैं।

कढ़ाई वाली जूती साफ करने का तरीका

कढ़ाई या हैवी एम्ब्रॉयडरी वाली जूती ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ बहुत ही शानदार लगती है। ऐसे में इन्हें साफ रखना भी जरूरी है। इसके लिए आप सूखे और मुलायम ब्रश की मदद ले सकते हैं। सबसे पहले इससे जूती पर जमी धूल को हटाएं। अगर जूती पर दाग लगा है, तो रूई या मुलायम कपड़े को लिक्विड डिटर्जेंट के घोल में डुबाएं और अतिरिक्त पानी निकालकर हल्के हाथों से सफाई करें।

कपड़े की जूती की सफाई कैसे करें?

कपड़े की जूती को आप गुनगुने पानी की मदद से साफ कर सकती हैं। सबसे पहले गुनगुने पानी में लिक्विड डिटर्जेंट या बेबी सोप मिलाएं। अब टूथब्रश को इस घोल में डुबोएं और हल्के हाथों से सफाई करें। इसके बाद साफ और सूखे कपड़े की मदद से जूती को पोंछ लें।

वेलवेट की जूती की सफाई का तरीका

वेलवेट की जूती दिखने में बहुत ही खूबसूरत लगती है, लेकिन इन पर धूल, मिट्टी और गंदगी भी आसानी से लग सकती है। पानी से साफ करने पर ये खराब हो सकती हैं। ऐसे में इन्हें बिना नुकसान पहुंचाए साफ करने के लिए सूखे टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकती हैं। जूती के अंदर का हिस्सा साफ करने के लिए आप सॉफ्ट कपड़े की मदद ले सकती हैं। इससे जूती पर जमी सारी गंदगी आसानी से साफ हो जाएगी और जूती की चमक भी वापस आ सकती है।

जिद्दी दाग या पीलापन हटाने का तरीका

अगर जूती पर कोई जिद्दी दाग लग गया है या पीलापन नजर आ रहा है, तो इसे साफ करने के लिए बेकिंग सोडा की मदद ले सकती हैं। इसके लिए बेकिंग सोडा में पानी मिलाकर पेस्ट बना लें। अब टूथब्रश की मदद से इसे दाग वाली जगह पर लगाएं और 15 मिनट के लिए लगा रहने दें। अब इसे हल्के हाथों से साफ करें और सूखे कपड़े से पोंछ लें।