वॉशबेसिन का इस्तेमाल दिनभर किसी न किसी काम के लिए होता है। इसे रोजाना साफ करना थोड़ा मुश्किल है। कभी गंदगी, टूटे हुए बाल, शेविंग क्रीम से लेकर साबुन का झाग, टूथपेस्ट जैसी चीजें धीरे-धीरे जब इसके ड्रेन के अंदर जमा होने लगती हैं तो पानी निकलने की रफ्तार धीमी होती जाती है। कई बार पानी बाहर निकलने की स्पीड तो कम होती ही है, साथ ही सिंक से बदबू भी आने लगती है।

अगर समय रहते इसे साफ न किया जाए तो पानी वॉशबेसिन में ही भरने लगता है। ऐसे में या तो लोग बाजार से केमिकल खरीदकर लाकर इसमें डालते हैं या फिर प्लंबर को बुलाते हैं। ऐसे में यहां बताए तरीके आपके काम आ सकते हैं। इससे आप बिना प्लंबर को बुलाए ही जाम ड्रेन को खोल पाएंगे।

सबसे पहले ड्रेन कवर हटाकर गंदगी निकालें

अगर पानी धीरे-धीरे निकल रहा है तो वजह बाल और साबुन की परत जमना हो सकता है। ड्रेन के मुंह पर ही यह चीजें फंसी होती हैं। इसे साफ करने के लिए दस्ताने पहनकर ड्रेन कवर हटाएं। आप इसके लिए प्लास्टिक हुक या ड्रेन क्लीनिंग टूल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

गर्म पानी डालें

अगर वॉशबेसिन में पानी धीमी गति से निकल रहा है तो हल्का ग्रीस और साबुन का जमाव गर्म पानी से नरम हो सकता है। इसके लिए एक-दो केतली गर्म (उबलता नहीं) पानी धीरे-धीरे डालें। अगर पाइप PVC का है, तो बहुत ज्यादा उबलता पानी बार-बार डालने से बचें।

प्लंजर का इस्तेमाल करें

प्लंजर (Plunger) दबाव और सक्शन बनाता है। इससे पाइप में फंसी गंदगी ढीली हो सकती है। इसे इस्तेमाल करते समय इस बात का ध्यान रखें कि सिंक में थोड़ा पानी होना चाहिए ताकि सक्शन ठीक बने।

बेकिंग सोडा और सिरका

बिना प्लंबर को बुलाए जाम ड्रेन को साफ करने के लिए आप यह तरीका भी अपना सकते हैं। इसके लिए वॉशबेसिन में पहले बेकिंग सोडा डालें। फिर उसके बाद सफेद सिरका डालें। इसके बाद 15–20 मिनट बाद गर्म पानी डालें।

ड्रेन स्नेक

वॉशबेसिन की गंदगी या फंसे हुए बालों को साफ करने के लिए आप Drain Snake या Zip Tool का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह लंबा लचीला उपकरण होता है। पाइप के अंदर जाकर बालों को बाहर निकालता है।

ये संकेत बताते हैं कि प्लंबर बुलाने का समय आ गया है

जब पानी बिल्कुल नहीं निकल रहा हो। कई ड्रेन एक साथ जाम हैं। बार-बार वही समस्या हो रही है। बदबू लगातार बनी हुई है। पाइप से पानी रिस रहा है।