आज के समय में व्यंजनों की रेसिपी की कमी नहीं है। इंटरनेट के जमाने में आप किसी भी शहर या देश के पारंपरिक व्यंजन को आसानी से अपनी रसोई में बना सकते हैं। कुछ फूड्स ऐसे होते हैं, जो अपने खास स्वाद और पौष्टिकता के लिए जाने जाते हैं। इन्हीं में से एक चना-शकरकंद कबाब भी है। शाम की हल्की भूख से लेकर दिन में हल्के नाश्ते तक, आप चना-शकरकंद कबाब बना सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि ये पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं।

चने में प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है, वहीं शकरकंद कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इस तरह यह स्नैक स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ही पौष्टिक भी होता है।

चना-शकरकंद कबाब बनाने के लिए सामग्री

1 कप उबले हुए चने
1 कप उबला हुआ शकरकंद
1 बारीक कटा प्याज
1-2 हरी मिर्च
1 इंच अदरक का टुकड़ा, बारीक कटा हुआ
2 बड़े चम्मच धनिया पत्ती
आधा चम्मच जीरा पाउडर
आधा चम्मच गरम मसाला
आधा चम्मच चाट मसाला
नमक स्वादानुसार
1 चम्मच नींबू का रस
2-3 बड़े चम्मच मिश्रण बांधने के लिए थोड़ा बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स
सेंकने के लिए तेल

बनाने की आसान विधि

सबसे पहले चने और शकरकंद को अलग-अलग अच्छी तरह उबाल लें। शकरकंद का छिलका उतार लें। इसके बाद एक बड़े बर्तन में उबले हुए चने और शकरकंद को डालकर अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रखें कि चने के बहुत बड़े टुकड़े न रहें, वरना कबाब को बांधने में दिक्कत होगी।

अब बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, जीरा पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, नमक और थोड़ा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला दें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स डालकर मिलाएं। मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि हाथ में लेने पर आसानी से बंध जाए और कबाब का आकार दिया जा सके। अगर यह नरम या चिपचिपा लगे, तो थोड़ा और बेसन डाल सकते हैं।

अब हाथों पर हल्का तेल लगाएं और मिश्रण का एक हिस्सा लेकर गोल या हल्का चपटा कबाब बना लें। इसी तरह सभी कबाब तैयार कर एक प्लेट में रखते जाएं। अब एक तवा गर्म करके उस पर थोड़ा तेल लगाएं और कबाब को उस पर रख दें।

कबाब को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का कुरकुरा होने तक सेंक लें। इसे बहुत तेज आंच पर न पकाएं, वरना बाहर से जल्दी भूरे हो जाएंगे लेकिन अंदर से अच्छी तरह नहीं पकते। आपके स्वादिष्ट और पौष्टिक गरमागरम चना-शकरकंद कबाब तैयार हैं। अब इसे आप हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं।

यह भी पढ़ें
भारत के इन दो व्यंजनों की दुनिया दीवानी, विश्व के टॉप 100 सीफूड में मिली जगह