बाजरे की रोटी सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है। इसमें फाइबर, प्रोटीन, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। बाजरे की रोटी लोग सर्दियों में खाना पसंद करते हैं। इसे अक्सर सरसों के साग, गुड़, सफेद मक्खन और लहसुन की चटनी के साथ खाना पसंद करते हैं। हालांकि, बाजरे की रोटी बनाना गेहूं की रोटी जितना आसान नहीं होता। कई बार आटा गूथते समय ही बिखरने लगता है। वहीं, तवे पर डालने के बाद रोटी टूट जाती है या पलटते समय उसके टुकड़े होने लगते हैं। ऐसे में कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनकी बाजरे की रोटी नरम और फूली हुई नहीं बनती। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह आटा गूथने के दौरान की गई कुछ गलतियां हो सकती हैं।

क्यों नहीं बनती गेहूं जैसे रोटी

बाजरे में गेहूं की तरह ग्लूटेन नहीं पाया जाता। ग्लूटेन की कमी के कारण इसका आटा गेहूं के आटे की तरह आसानी से बंधता नहीं है। ऐसे में अगर आप कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें, तो बाजरे की नरम और स्वादिष्ट रोटियां बना सकते हैं। आइए जानते हैं:

1- पानी

बाजरे की रोटी का आटा गूथते समय पानी के तापमान का खास ध्यान रखना चाहिए। ठंडे पानी से आटा गूथने पर यह अच्छी तरह नहीं बंधता और हाथों में बिखरने लगता है। इसलिए आटा गूथने के लिए हल्के गर्म या गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके लिए सबसे पहले एक बर्तन में बाजरे का आटा लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए हाथों से मिलाएं। एक साथ ज्यादा पानी डालने से बचें। जब आटा इकट्ठा होने लगे, तब इसे हथेलियों से अच्छी तरह दबाते हुए गूथें। इससे आटा नरम और एकसार बनता है।

2- गूथने का तरीका

बाजरे की रोटी टूटने की एक वजह आटे का ठीक से न गूथा जाना भी है। इसे गूथने का भी एक सही तरीका होता है। सिर्फ पानी डालकर आटे को इकट्ठा कर लेना काफी नहीं होता। इसे हथेलियों की मदद से अच्छी तरह दबाकर और मसलकर गूथना चाहिए। आटे को लगभग 3-5 मिनट तक मसलें, ताकि उसमें नमी अच्छी तरह फैल जाए। आटा न तो बहुत सख्त होना चाहिए और न ही ज्यादा गीला। इसकी बनावट ऐसी होना चाहिए कि लोई बनाते समय इसमें दरारें न पड़ें।

3- पानी डालने का सही तरीका

बाजरे का आटा पानी जल्दी सोखता है। इसकी शुरुआत में ज्यादा पानी डालने से आटा चिपचिपा हो सकता है। वहीं, कम पानी डालने से यह सूखा और बिखरा हुआ रह सकता है। इसलिए आटा गूथते समय थोड़ा-थोड़ा पानी डालना चाहिए। अगर आटा सूखा लगे, तो हाथों को पानी से गीला करके दोबारा मसलें। इससे आटे में नमी बनी रहती है और रोटी बनाना आसान हो जाता है।

4- कब बनाएं रोटी

काफी लोग गूथने के बाद आटे को काफी देर के लिए छोड़ देते हैं। लेकिन बाजरे के आटे की रोटियां आटा गूथने के तुरंत बाद बनानी चाहिए। ज्यादा देर रखने से आटे की नमी कम हो सकती है और आटा सूखने लगता है। इससे लोई बनाते समय दरारें पड़ सकती हैं।

5- बेलने का सही तरीका

बाजरे की रोटी बनाने का सबसे अच्छा तरीका हथेलियों का इस्तेमाल करना है। गेहूं की रोटी की तरह इसे बेलन से बेलने पर टूटने का डर रहता है। खासकर अगर आटा ठीक से न बंधा हो, तो रोटी किनारों से फट सकती है। इसके लिए आटे की छोटी लोई लें और इसे दोनों हथेलियों के बीच में रखकर धीरे-धीरे थपथपाएं। इसके अलावा आप चकले पर साफ प्लास्टिक शीट या बटर पेपर रखकर भी हथेलियों की मदद से रोटी फैला सकते हैं।

यह भी पढ़ें
इतने मुलायम कैसे होते हैं गलौटी कबाब? जानिए बनाने का खास तरीका