करवाचौथ का त्योहार हिन्दू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। इस दिन सुहागिन महिलाएं सोहल श्रृंगार कर अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। इसके साथ ही महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनती हैं और साथ ही अपने लुक को खास बनाने के लिए मेकअप से लेकर हेयरस्टाइल तक पर ध्यान देती हैं। महिलाएं पार्लर जाकर घंटों सजती-संवरती हैं, लेकिन इसके बाद भी कई बार चेहरे पर मनचाहा निखार नहीं आ पाता।
चेहरे पर प्राकृतिक चमक लाने के लिए अधिक मेकअप की जरूरत नहीं होती है। इसके लिए जरूरी है कि करवाचौथ से कुछ दिन पहले ही अपनी रूटीन में कुछ ऐसी चीजों को शामिल करें, जो त्वचा की चमक बढ़ाने में मदद करें। क्योंकि फेशियल या महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना ही त्वचा को चमकदार बनाने का तरीका नहीं है। त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने के लिए रोजाना की देखभाल के साथ सही खानपान जरूरी है। आइए जानते हैं नेचुरल ग्लो के लिए चेहरे का ध्यान किस तरह रखें।
1- दही और शहद का फेस पैक
करवाचौथ पर प्राकृतिक निखार पाने के लिए आप दही और शहद का फेस पैक लगा सकती हैं। दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो त्वचा की ऊपरी सतह को हल्के तरीके से एक्सफोलिएट कर सकता है। शहद त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करता है।
पेस्ट बनाने और लगाने का तरीका
एक कटोरी में 1 छोटा चम्मच सादा दही और आधा छोटा चम्मच शहद डालकर अच्छी तरह मिला लें। साफ चेहरे पर इसकी परत लगाएं और 5-10 मिनट लगा रहने दें। इसके बाद सामान्य या हल्के गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। इसके बाद त्वचा के अनुकूल मॉइस्चराइजर लगाएं। इसे आप करवाचौथ से कुछ दिन पहले कर सकते हैं।
2- ओट्स फेस पैक
ओट्स भी त्वचा की प्राकृतिक चमक को बरकरार रखने में मदद कर सकता है। खासकर रूखी त्वचा में यह लाभकारी साबित हो सकता है।
बनाने और लगाने का तरीका
इसके लिए 1 छोटा चम्मच बारीक पिसे हुए सादे ओट्स को पानी में मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को साफ चेहरे पर लगाकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद चेहरे को सामान्य पानी से साफ कर लें। अंत में मॉइस्चराइजर लगा लें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी तरह का घरेलू नुस्खा अपनाने या त्वचा पर नया बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें
दाग-धब्बों से लेकर रूखी त्वचा तक, चेहरे पर इस तरह लगाएं कुंकुमादि तेल
