बालकनी में जब रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं, तो वहां का नजारा काफी मनमोहक होता है। इसके साथ ही वातावरण ताजा महसूस होता है। कुछ ही समय में सर्दियां शुरू होने वाली हैं। ऐसे में कई ऐसे पौधे हैं, जिनमें सर्दियों के मौसम में फूल खिलते हैं। इन्हीं में से एक डायन्थस का पौधा भी है। डायन्थस का पौधा अपने रंग-बिरंगे फूलों के लिए जाना जाता है। यानी आप एक ही गमले में कई तरह के फूल पा सकते हैं। इसके फूल गुलाबी, लाल, सफेद और बैंगनी रंगों में खिलते हैं, जो दिखने में काफी खूबसूरत लगते हैं। आइए जानते हैं इसका पौधा गमले में किस तरह लगाएं और देखभाल करने का क्या तरीका है।
पौधा कैसे लगाएं
डायन्थस लगाने के लिए नर्सरी से इसका पौधा भी खरीद सकते हैं और बीज से भी उगा सकते हैं। नर्सरी से पौधा लाने पर इसके लिए लगभग 8-10 इंच चौड़ा और गहरा गमला ले सकते हैं। उसमें पानी निकलने के लिए छेद होने चाहिए।
मिट्टी
डायन्थस के पौधे के लिए 40% बगीचे की मिट्टी, 20% वर्मीकम्पोस्ट और 20% कोकोपीट और 20% परलाइट मिलाकर बनाया गया हल्का मिश्रण बेहतर माना जाता है। मिट्टी तैयार करने के बाद पौधे को गमले में अच्छी तरह लगा दें। पौधे को नए गमले के बीच में रखें। जड़ों को मिट्टी से ढकें, लेकिन तने के निचले हिस्से को जरूरत से ज्यादा गहरा न दबाएं।
पानी और जगह
पौधा लगाने के बाद गमले में हल्का पानी का छिड़काव करें, ताकि मिट्टी बैठ जाए। शुरुआत में इस पौधे को तेज दोपहर की धूप से बचाना चाहिए। इसे रोजाना लगभग 4-5 घंटे धूप की जरूरत होती है। सुबह की धूप इसके लिए अच्छी मानी जाती है।
पानी कब दें
डायन्थस के पौधे में जरूरत से ज्यादा पानी नहीं देना चाहिए। पानी डालने से पहले मिट्टी की ऊपरी एक-दो सेंटीमीटर परत जांचे। अगर मिट्टी सूखी लगे, तो पर्याप्त पानी दें। पानी गमले के नीचे से निकलना चाहिए। मिट्टी लगातार गीली रहने पर जड़ें सड़ सकती हैं।
फूल कब खिलते हैं
डायन्थस की किस्म और मौसम के अनुसार फूल खिलने का समय अलग-अलग हो सकता है। अक्टूबर में स्वस्थ पौधा लगाने पर और सही देखभाल करने पर कुछ ही सप्ताह में पौधे पर फूल खिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें
सर्दी में चाहिए ताजी पालक और फूलगोभी, गमले में इस तरह उगाएं सब्जियां
