काफी लोग सुबह के समय नाश्ते में स्प्राउट्स यानी अंकुरित अनाज का सेवन करते हैं। इसे सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं। अंकुरित अनाज में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन (सी, ए और के) और आयरन जैसे खनिज भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। अंकुरित होने की प्रक्रिया से बीजों के पोषक तत्व बढ़ जाते हैं और इन्हें पचाना भी आसान हो जाता है। हालांकि, रोज-रोज एक ही तरह के स्प्राउट्स खाकर कई बार लोगों का मन उब जाता है। ऐसे में वे नाश्ते के लिए किसी दूसरे स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन की तलाश करते हैं।

भारतीय घरों में बेसन, मूंग दाल और कई अन्य चीजों से चीला बनाया जाता है, जो अपने स्वाद और पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है। लेकिन क्या आपको पता है कि स्प्राउट्स से भी हेल्दी और स्वादिष्ट चीला बना सकते हैं। अगर आपका रोजाना स्प्राउट्स खाने का मन न करे, तो इससे झटपट चीला तैयार कर लें। यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी होता है।

सामग्री

1 कप स्प्राउट्स (चना, हरी मूंग दाल और अन्य अनाज)
2 मध्यम आकार का बारीक कटा प्याज
1 बड़ा चम्मच बेसन
1 छोटी गाजर बारीक कटे हुई
1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1-2 बड़े चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ
1-2 चम्मच शिमला मिर्च बारीक कटी हुई
1 मध्यम आकार का टमाटर बारीक कटा हुआ
आधा चम्मच भूना जीरा पाउडर
एक चुटकी हल्दी
स्वादानुसार नमक
चीला सेंकने के लिए 1-2 चम्मच तेल या घी

कैसे बनाएं स्प्राउट्स चीला

सबसे पहले स्प्राउट्स को अच्छी तरह धोकर इन्हें मिक्सर में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर पेस्ट को ठीक कर लें। अब पिसे हुए स्प्राउट्स के पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकाल लें। इसमें बेसन, बारीक कटा प्याज, गाजर, हरी मिर्च और हरा धनिया डाल दें। इसके बाद भुना जीरा पाउडर, हल्दी और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर दें।

अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर चीले का बैटर तैयार कर लें। बैटर बहुत ज्यादा गाढ़ा या पतला नहीं होना चाहिए। अब बैटर को 5-10 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद एक नॉन-स्टिक या लोहे का तवा गर्म करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं।

तेल गर्म होने के बाद एक कलछी की मदद से बैटर डालकर उसे गोल आकार में हल्का पतला फैला दें और मध्यम आंच पर 1-2 मिनट पकने दें। जब चीले की ऊपरी सतह थोड़ी सूखने लगे और नीचे की तरफ से सुनहरा होने लगे, तो किनारों पर थोड़ा तेल डालकर पलटकर दूसरी तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें।

आपका स्प्राउट्स चीला तैयार है। अब इस चीले को आप हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं। इसमें पनीर या अपनी पसंद की सब्जियों को भी मिलाकर बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें
साबूदाना हुआ पुराना, सावन के सोमवार व्रत में बनाएं तीन तरह की क्रिस्पी डिश