शहर में रहने वाले लोग अक्सर अपनी बालकनी और छत पर गार्डनिंग करते हैं, जिसमें तरह-तरह के फूल और हरे-भरे पौधे लगे होते हैं। सर्दियों का मौसम पूलों की बागवानी के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इस मौसम में कई तरह के रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं, जो घर की बालकनी, छत और बगीचे की खूबसूरती बढ़ा देते हैं। इन्हीं में से एक डहेलिया भी है। इसके लाल, पीले, गुलाबी, सफेद, नारंगी और बैंगनी रंगों में खिलने वाले डहेलिया के फूल अपनी बड़ी और आकर्षक पंखुड़ियों के लिए जाने जाते हैं।

अगर आप सर्दियों में अपनी बालकनी को फूलों से सजाना चाहते हैं, तो डहेलिया का पौधा लगा सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि आप डहेलिया के कटिंग से भी नए पौधे उगा सकते हैं। आइए जानते हैं डहेलिया की कटिंग से कैसे नए पौधे तैयार करें।

1- सही पौधा चुनें

डहेलिया की कटिंग से नया पौधा तैयार करने के लिए सबसे जरूरी है स्वस्थ और अच्छी तरह विकसित पौधे का चुनाव करना। ऐसे पौधे की शाखा लें, जिसमें किसी तरह का रोग या कीट न लगा हो। 4-6 इंच लंबी शाखा को चुनें। इसमें कम से कम 2-3 गांठें होनी चाहिए। साफ और धारदार कैंची या प्रूनर से शाखा काटें। कटिंग का निचला हिस्सा पत्तियों से खाली कर दें। ऊपर की कुछ पत्तियां रहने दें, ताकि पौधे को भोजन बनाने में मदद मिले।

2- ऐसी होनी चाहिए मिट्टी

डहेलिया की कटिंग से नया पौधा तैयार करने के लिए सही मिट्टी जरूरी है। इसके लिए 50% कोकोपीट, 30% परलाइट या मोटी रेत और 20% वर्मी कंपोस्ट डालें। इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक छोटा गमला या सीडलिंग ट्रे में भर लें। गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूरी है।

3- कटिंग को लगाने का सही तरीका

अब कटिंग के निचले हिस्से को हल्का तिरछा काट लें। जड़ें जल्दी विकसित करने के लिए रूटिंग हार्मोन पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब कटिंग के निचले हिस्से को रूटिंग हार्मोन में हल्का डुबोएं। तैयार मिट्टी में उंगली या लकड़ी की मदद से छोटा छेद बनाएं। कटिंग को लगभग 1-2 इंच गहराई तक मिट्टी में लगाएं। कटिंग के आसपास की मिट्टी को हल्के हाथों से दबा दें। इसके बाद स्प्रे बोतल से थोड़ा पानी डालें, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे। गमले को ऐसी जगह रखें जहां तेज धूप सीधे न पड़े, लेकिन पर्याप्त रोशनी आती रहे। कटिंग को बहुत अधिक पानी देने से बचें। मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है।

4- देखभाल का तरीका

कटिंग से नया पौधा तैयार करने में कुछ समय लगता है। इस दौरान मिट्टी की नमी और आसपास के तापमान का ध्यान रखना जरूरी है। गमले को रोशनी वाली जगह पर रखें। मिट्टी को पूरी तरह सूखने न दें, लेकिन पानी भी जमा न होने दें। ठंडी हवा और पाले से कटिंग को बचाना है। नई पत्तियां और बढ़वार दिखाई देने पर समझें कि पौधा विकसित हो रहा है। जब कटिंग की जड़ें अच्छी तरह विकसित हो जाएं और पौधा थोड़ा मजबूत दिखाई देने लगे, तब उसे बड़े गमले में लगा सकते हैं।

5- गमला, धूप, पानी और खाद

डहेलिया के पौधे के लिए 12 से 16 इंच का गमला चुन सकते हैं। इस पौधे को अच्छी तरह बढ़ने और फूल देने के लिए रोजाना लगभग 5-6 घंटे धूप की जरूरत होती है। जब गमले की मिट्टी हल्की नम रहे तब पानी देना चाहिए। वहीं, हर 20-25 दिन में थोड़ी मात्रा में वर्मी कंपोस्ट या अच्छी तरह सड़ी जैविक खाद डाल सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। पौधे से जुड़ी किसी भी समस्या की सही पहचान और उचित देखभाल के लिए बागवानी विशेषज्ञ की सलाह लें।

यह भी पढ़ें
फूलों से खिल उठेगी बालकनी, एक अपराजिता की कटिंग से ऐसे तैयार करें कई नए पौधे