डिनर में जब स्वादिष्ट और हेल्दी खाना मिल जाए, तो बात ही कुछ अलग होती है। अक्सर लोग नए-नए डिश की तलाश करते हैं जो खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी हो। ऐसे में आप डिनर में वेजिटेबल कोरमा और मालाबार पराठा बना सकते हैं। गरमा-गरम और क्रिमी वेजिटेबल कोरमा के साथ परोसा गया परतदार, कुरकुरा मालाबार पराठा खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी होता है। यह व्यंजन दक्षिण भारत, खासतौर पर केरल में लोग बड़े चाव से खाते हैं। यह खुशबूदार मसालों, क्रीमी टेक्सचर और हल्के स्वाद के लिए परफेक्ट डिश है।
गर्मियों के मौसम में अगर आपको कुछ हल्का खाने का मन कर रहा है तो वेजिटेबल कोरमा एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि क्या है।
वेजिटेबल कोरमा रेसिपी -सामग्री
सब्जियों के लिए
1 कप गाजर (कटी हुई)
1 कप बीन्स (कटी हुई)
1 कप आलू (क्यूब्स में कटे हुए)
आधा कप हरी मटर
आधा कप फूलगोभी के टुकड़े
2 बड़े चम्मच तेल या घी
स्वादानुसार नमक
मसाला पेस्ट के लिए
आधा कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
8-10 काजू (भिगोए हुए)
1 हरी मिर्च
1 इंच अदरक
4-5 लहसुन की कलियां
1 छोटा चम्मच खसखस (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच सौंफ
जरूरत के अनुसार पानी
ग्रेवी के लिए
1 बड़े प्याज (पतला कटा हुआ)
1 बड़ा टमाटर (कटा हुआ)
1 तेज पत्ता
1 इंच दालचीनी
2 लौंग
1 छोटा चम्मच जीरा
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1 छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा कप नारियल दूध (वैकल्पिक, ज्यादा रिच स्वाद के लिए)
सजाने के लिए हरा धनिया
बनाने की आसान विधि
1- एक पैन में गाजर, बीन्स, मटर, आलू और फूलगोभी डालें। इसमें पानी और नमक डालकर सब्जियों को नरम होने तक उबाल लें।
2- अब मिक्सर में नारियल, भीगे हुए काजू, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, खसखस और सौंफ डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और स्मूद पेस्ट बना लें।
3- अब एक पैन को मध्यम आंच पर गरम करें। इसमें तेज पत्ता, लौंग, दालचीनी और जीरा डालकर भूनें। अब इसमें कटा हुआ प्याज और लहसुन भूरा होने तक पकाएं। अब कटे हुए टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं।
4- इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें तैयार काजू-नारियल का पेस्ट डालें और 5 मिनट तक भूनें।
5- उबली हुई सब्जियां ग्रेवी में डालें और आधा कप पानी डालकर धीमी आंच पर 8-10 मिनट तक पकने दें। अंत में बेहतर स्वाद के लिए थोड़ा नारियल तेल डालें और ऊपर से गरम मसाला छिड़क दें। ताजा हरा धनिया डालकर सजएं और मालाबार पराठा के साथ गरमागरम परोस दें।
मालाबार पराठा बनाने के लिए सामग्री
2 कप मैदा
1 छोटा चम्मच चीनी
1 छोटा चम्मच नमक
2 बड़े चम्मच तेल
जरूरत अनुसार गुनगुना पानी
सेंकने के लिए अतिरिक्त तेल
बनाने की विधि
एक बाउल में मैदा, नमक, चीनी और तेल डालकर मिला लें। गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें। इसके बाद आटे को ढककर 30 मिनट के लिए रख दें।
अब आटे की लोइयां बनाएं और हर लोई को जितना पतला हो सके बेल लें। बेले हुए आटे को पंखे की तरह फोल्ड, फिर इसे गोल घुमाकर स्पाइरल बनाएं और हल्का दबाकर फिर से बेल लें।
तवा गरम करें और पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें। पकने के बाद पराठे को हल्के से हथेलियों के बीच दबाकर थपथपाएं, ताकि उसकी परतें अलग हो जाएं।
अब गरमागरम मालाबार पराठा को क्रीमी वेजिटेबल कोरमा के साथ परोसें। साथ में कटे हुए प्याज और खीरे का रायता भी परोस सकते हैं।
Also Read
वीकेंड पर खाना है कुछ अलग, तो इस तरह मिट्टी के मटके में बनाएं स्वादिष्ट दाल
