Uttarakhand Beautiful Villages: अक्सर लोग उन्हीं जगहों पर जाना पसंद करते हैं जो काफी मशहूर होती हैं। हालांकि कई ऐसी खूबसूरत जगहें भी हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं, लेकिन उनकी प्राकृतिक सुंदरता किसी प्रसिद्ध पर्यटन स्थल से कम नहीं है। अगर आप भीड़भाड़ से दूर सुकून भरी यात्रा करना चाहते हैं, तो उत्तराखंड के कुछ शांत और खूबसूरत गांवों का रुख कर सकते हैं। यहां की हरियाली, ठंडी हवाएं, हरी-भरी वादियां और पहाड़ों के मनमोहक नजारे ट्रिप को यादगार बना सकते हैं। आइए, जानते हैं उत्तराखंड के उन खूबसूरत गांवों के बारे में, जिन्हें आप अपनी अगली ट्रिप के लिए लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

माणा गांव

इसे भारत का पहला गांव भी कहा जाता है। चार धामों में से एक बद्रीनाथ धाम यहां से करीब 3 किमी दूर स्थित है। प्रकृति प्रेमियों और ट्रैकिंग के शौकीन लोगों के बीच यह काफी प्रसिद्ध जगह है।

बागोरी गांव

शांति और सुंदरता का आनंद लेने के लिए बागोरी गांव आ सकते हैं। यहां आज भी पारंपरिक लकड़ी से बने घर देखने को मिलते हैं। प्राकृतिक खूबसूरती , सेब के बागान और सुकून भरे पल बिताने के लिए यह गांव बेहतरीन जगह साबित हो सकती है।

नेलांग

उत्तरकाशी जिले में स्थित नेलांग बहुत ही खूबसूरत गांव है जो अपनी चट्टानी बनावट और ठंडे मौसम के लिए जाना जाता है। यह इनर लाइन क्षेत्र है जहां जाने के लिए आपको प्रशासन या वन विभाग से अनुमति लेनी होती है।

मुखवा गांव

हर्षिल वैली के खूबसूरत पहाड़ों में बसा छोटा सा गांव मुखवा घूमने की शानदार जगह है। यहां आपको नदियां, पहाड़, हरियाली और आकर्षक नजारे देखने को मिलेंगे। भीड़भाड़ से दूर शांति और सुकून से समय बिताना चाहते हैं तो यहां आ सकते हैं। पुराने लकड़ी के घर, पालतू जानवरों की आवाज, खिली धूप और पहाड़ों की ठंडी हवाओं से घिरे इस गांव की खूबसूरती को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

कनाताल

बर्फ से ढकी पहाड़ियां और हरी-भरी घाटियों के नजारे देखना चाहते हैं तो उत्तराखंड के इस खूबसूरत गांव को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां का शांत वातावरण और आसपास की प्राकृतिक खूबसूरती मन को सुकून देती है। यहां आकर आप शहरों की तेज रफ्तार भरी जिंदगी को भूल जाएंगे।

सौर गांव

कम भीड़भाड़ वाली प्राकृतिक जगहों की तलाश कर रहे हैं तो सौर गांव घूमने जा सकते हैं। यह जगह पहाड़ी लाइफस्टाइल और हरियाली से घिरे वातावरण में सुकून भरे कुछ पल बिताने के लिए बेहतरीन साबित हो सकती है। इस गांव में आप दोस्तों या पार्टनर के साथ घूमने का प्लान कर सकते हैं।